देहरादून

उत्तराखंड कांग्रेस संगठन का होगा नया रोडमैप तैयार: धस्माना

31 दिसंबर तक हर विधानसभा में बूथ कमेटियों का गठन

उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव 2027 को ध्यान में रखते हुए कांग्रेस पार्टी ने संगठन को जमीनी स्तर तक सशक्त करने की दिशा में पूरी ताकत झोंक दी है। प्रदेश अध्यक्ष करण माहरा की अगुवाई में पार्टी ने दो महीने के भीतर संगठन सृजन को बूथ स्तर तक पहुंचाने की रणनीति तैयार कर ली है।
प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में पत्रकारों से वार्ता करते हुए वरिष्ठ उपाध्यक्ष (संगठन) सूर्यकांत धस्माना ने बताया कि जैसे ही प्रदेश के 27 संगठनात्मक जिलों के नए अध्यक्षों की घोषणा होगी, उन्हें तत्काल अपने जिलों की ब्लॉक कांग्रेस कमेटियों को सक्रिय करने की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। जहां कमेटियां निष्क्रिय हैं, वहां उन्हें पुनर्गठित किया जाएगा।
धस्माना ने बताया कि 15 नवंबर तक सभी बूथों पर बीएलए (बूथ लेवल एजेंट) की नियुक्ति कर दी जाएगी। इसके बाद 31 दिसंबर तक सभी 70 विधानसभा क्षेत्रों में 100 प्रतिशत बूथ कमेटियों का गठन पार्टी का लक्ष्य है।
बूथ कमेटियों के गठन के बाद साल 2026 की शुरुआत में कांग्रेस पार्टी राज्यभर में बूथ, ब्लॉक व जिला स्तरीय सम्मेलन तथा प्रशिक्षण शिविरों का आयोजन करेगी। इसमें कार्यकर्ताओं को संगठन, चुनाव प्रबंधन, मुद्दों की समझ व जनसंपर्क रणनीति जैसे विषयों पर प्रशिक्षण दिया जाएगा।
धस्माना ने यह भी साफ किया कि कांग्रेस का राष्ट्रीय नेतृत्व इन सभी कार्यक्रमों की समीक्षा स्वयं करेगा, और इसके लिए राष्ट्रीय स्तर से पर्यवेक्षक जिलों में भेजे जाएंगे। इस दौरान पार्टी के सभी फ्रंटल संगठन, प्रकोष्ठ और विभाग इन गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाएंगे।
सूत्रों के अनुसार, कांग्रेस संगठन में इस बार निष्क्रियता और निष्क्रिय पदाधिकारियों के लिए कोई स्थान नहीं रखा जाएगा। पार्टी स्पष्ट कर चुकी है कि जो काम करेगा, वही टिकेगा।

Show More

Related Articles