अल्मोड़ा

सैनिक कल्याण मंत्री जोशी ने लिया सैनिक सम्मेलन की तैयारियों का जायजा

6 नवंबर को हल्द्वानी में होगा भव्य आयोजन, वीर नारियों को किया जाएगा सम्मानित

सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने आज हल्द्वानी स्थित एम.बी. इंटर कॉलेज मैदान में आगामी सैनिक सम्मेलन की तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण किया। मंत्री ने कार्यक्रम स्थल पर मंच, बैठने की व्यवस्था, यातायात एवं सुरक्षा प्रबंधों सहित सभी तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मंत्री जोशी ने बताया कि उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस के रजत जयंती वर्ष के अवसर पर 6 नवंबर को हल्द्वानी में सैनिक सम्मेलन का भव्य आयोजन किया जाएगा। इसमें नैनीताल, उधमसिंह नगर और अल्मोड़ा जिलों के पूर्व सैनिक बड़ी संख्या में भाग लेंगे।
उन्होंने कहा कि हल्द्वानी कुमाऊं का प्रवेश द्वार है, यहां सैनिक सम्मेलन का आयोजन होना गर्व की बात है। इस अवसर पर प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और राज्यसभा सांसद एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट भी उपस्थित रहेंगे। सम्मेलन में वीर नारियों और वीरांगनाओं को सम्मानित किया जाएगा।
गणेश जोशी ने कहा कि बीते 25 वर्षों में उत्तराखंड ने अनेक ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं। उत्तराखंड सैन्य बाहुल्य राज्य है, और सैनिकों के सम्मान में आयोजित ऐसे कार्यक्रम पूरे देश को सकारात्मक संदेश देते हैं, उन्होंने कहा।
मंत्री ने अधिकारियों से सम्मेलन को भव्यता और गरिमा के साथ संपन्न कराने के निर्देश देते हुए कहा कि अधिक से अधिक लोग इसमें भाग लेकर इसे सफल बनाएं।
निरीक्षण के दौरान मेयर गजराज बिष्ट, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, सैनिक कल्याण विभाग के अधिकारी और अनेक जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

Show More

Related Articles