देहरादून

सीएम धामी ने स्नेह व सचिन का किया सम्मान

स्नेह राणा और सचिन कुमार से सीएम की शिष्टाचार भेंट, प्रदेश का नाम रोशन करने पर दी बधाई

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज दो युवा प्रतिभाओं से शिष्टाचार भेंट कर उनकी शानदार उपलब्धियों पर हार्दिक बधाई दी। महिला क्रिकेट विश्व कप विजेता और उत्तराखंड की गौरव खिलाड़ी स्नेह राणा ने सीएम से मुलाकात की। इस अवसर पर विशेष प्रमुख सचिव खेल अमित सिन्हा भी मौजूद रहे।
सीएम धामी ने स्नेह राणा को भारतीय महिला क्रिकेट टीम की जीत पर बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि केवल देश ही नहीं, बल्कि उत्तराखंड के लिए भी गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि स्नेह राणा ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन और संघर्षशीलता से प्रदेश का नाम विश्व पटल पर रोशन किया है। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि स्नेह राणा जैसी खिलाड़ी उत्तराखंड की बेटियों के लिए प्रेरणा स्रोत हैं और राज्य सरकार प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को हरसंभव सहयोग प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। खेल नीति के तहत खिलाड़ियों को प्रशिक्षण, नौकरी, आर्थिक सहायता और सभी आवश्यक सुविधाएँ दी जा रही हैं, ताकि वे अपनी पूरी क्षमता के साथ खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकें।
स्नेह राणा ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया और कहा कि राज्य सरकार का सहयोग खेलों के सशक्त वातावरण को बढ़ावा दे रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि वे भविष्य में देश और प्रदेश का नाम रोशन करने के लिए निरंतर प्रयासरत रहेंगी। मुख्यमंत्री ने उन्हें आगामी प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं दीं और कहा कि उनकी यह उपलब्धि उत्तराखंड की खेल प्रतिभाओं के लिए एक नया प्रेरक अध्याय साबित होगी।


इसी क्रम में मुख्यमंत्री से 16 वर्षीय पर्वतारोही सचिन कुमार ने भी शिष्टाचार भेंट की। सचिन ने मई 2025 में माउंट एवरेस्ट फतह कर प्रदेश और देश का नाम रोशन किया था। मुख्यमंत्री ने सचिन कुमार को साहसिक उपलब्धि पर बधाई देते हुए कहा कि इतनी कम उम्र में एवरेस्ट फतह करना साहस, दृढ़ निश्चय और परिश्रम का अद्भुत उदाहरण है। उन्होंने कहा कि सचिन ने न केवल अपने परिवार और प्रदेश का नाम रोशन किया है, बल्कि पूरे देश के युवाओं के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बने हैं।
सचिन कुमार ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया और भविष्य में भी प्रदेश का गौरव बढ़ाने का संकल्प जताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार खेल, साहसिक गतिविधियों और पर्वतारोहण के क्षेत्र में युवाओं को प्रोत्साहित करने के लिए प्रतिबद्ध है और प्रतिभाशाली युवाओं को हरसंभव सहयोग और प्रोत्साहन प्रदान किया जाएगा।
इस भेंट ने केवल खेल और साहसिक गतिविधियों में युवाओं के उत्साह को बढ़ाया, बल्कि उत्तराखंड में युवा प्रतिभाओं के समर्थन और प्रोत्साहन के लिए सरकार की प्रतिबद्धता को भी उजागर किया।

Show More

Related Articles