हरिद्वार। सिडकुल क्षेत्र में जीएसटी चोरी का मामला सामने आया है। जीएसटी डिपार्मेंट ने जीएसटी चोरी पर बड़ी कार्रवाई करते हुए सिडकुल की 4 कंपनियों पर छापेमारी की। जहां अधिकारियों की टीम ने करोड़ों की जीएसटी चोरी और सर्कुलर ट्रेडिंग पकड़ी। इसके बाद मौके पर ही 2 करोड़ रुपए का जुर्माना वसूला गया। जबकि इन फर्मों के तमाम दस्तावेज कब्जे में ले लिए। औद्योगिक क्षेत्र सिडकुल में चल रही ये फैक्ट्रियां प्लास्टिक का दाना उत्पादन और ट्रेडिंग का कारोबार करती हैं। विभागीय कार्रवाई के बाद सिडकुल की तमाम कंपनियों में हड़कंप मच गया। अधिकारियों के मुताबिक अभी भी कई कंपनियां जीएसटी चोरी कर रही हैं, जो विभाग के रडार पर हैं। जल्द ही इनके खिलाफ भी आवश्यक कार्रवाई की जा सकती है।
अधिकारियों के मुताबिक राज्य कर विभाग विशेष अनुसंधान शाखा हरिद्वार की टीम ने सिडकुल क्षेत्र की चार कंपनियों में छापेमारी की। इस दौरान टीम को कंपनियों के स्टॉक में गड़बड़ी मिली। साथ ही जीएसटी अपवंचन में अनियमितताएं मिली। चारों कंपनियों में कर चोरी पकड़ी गई। मौके पर टीम ने कंपनियों से दो करोड़ का जुर्माना वसूला। कंपनियों की जांच और सर्वेक्षण की कार्रवाई गतिमान है। आयुक्त राज्य कर प्रतीक जैन के निर्देश पर रोशनाबाद सिडकुल की चार कंपनियों में जीएसटी टीम ने छापेमारी की कार्रवाई की और इस दौरान भारी मात्रा में जीएसटी चोरी पकड़ी गई।
राज्य कर उपायुक्त कार्तिकेय वर्मा ने बताया कि छापेमारी के लिए चार टीमों का गठन किया गया था। टीमों में विशेष अनुसंधान शाखा, सचल दल और ऑडिट इकाई सहित कुल 12 अधिकारी शामिल रहें। जांच में चारों कंपनियां जीएसटी चोरी और सर्कुलर ट्रेडिंग में लिप्त मिली। कंपनियां ने अवैध इनपुट टैक्स क्रेडिट का लाभ उठाकर अपने रिटर्न में कैश भुगतान बेहद कम या शून्य दिखाया। चारों कंपनियां आपस में सर्कुलर ट्रेडिंग करते हुए। अपने टर्न ओवर को भी आभाषी रूप से बढ़ा रही थी। कंपनियों के परिसर में उनकी खरीद और बिक्री से स्टॉक का सत्यापन किया गया। मौजूदा स्टॉक और आईटीसी के आंकड़ों में बड़ी विसंगतियां सामने आई।
कार्तिकेय वर्मा के मुताबिक जीएसटी से संबंधित महत्वपूर्ण दस्तावेज और डिजिटल रिकार्ड जब्त कर लिए हैं। उन्होंने बताया कि जांच पूरी होने के बाद टैक्स और जुर्माना निर्धारित करते हुए नियमानुसार वसूली की जायेगी। वहीं आयुक्त प्रतीक जैन ने बताया कि राज्य कर विभाग का विशेष अभियान निरंतर जारी रहेगा। फर्जी आईटीसी दर्शाकर कर अपवंचन करने के प्रयासों को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। विभाग उत्तराखंड में ऐसी सभी कंपनियों पर सख्त निगरानी और जांच की कार्रवाई जारी रहेगी।
Category: हरिद्वार
-
हरिद्वार सिडकुल में जीएसटी विभाग की छापेमारी से दो करोड़ की जीएसटी चोरी पकड़ी
-
कैबिनेट मंत्री के बेटे की शादी के मामले में दो फॉरेस्ट गार्ड सस्पेंड, रेंजर और वन दरोगा भी हटाए गए

हरिद्वार: राजाजी टाइगर रिजर्व की हरिद्वार रेंज स्थित मां सुरेश्वरी देवी मंदिर में सूबे के कैबिनेट मंत्री खजान दास के बेटे की शादी कराने के मामले की जांच में नया मोड़ आ गया है। मामले में दो अधिकारियों और दो कर्मचारियों पर गाज गिरी है। जिसके तहत दो फॉरेस्ट गार्ड सस्पेंड किए गए हैं तो रेंजर और वन दरोगा भी हटाए गए हैं। लापरवाही बरतने पर सुरेश्वरी देवी मंदिर गेट पर तैनात दो फॉरेस्ट गार्ड सस्पेंड कर दिए गए हैं। इसमें रानीपुर गेट पर तैनात फॉरेस्ट गार्ड अमित सैनी और अभिषेक कंडारी को लापरवाही पर तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया है। जांच अधिकारी अजय लिंगवाल की लिंगवाल की संस्तुति पर राजाजी टाइगर रिजर्व के वर्तमान निदेशक राजीव धीमान की ओर से यह कार्रवाई की गई है।

इसके अलावा दो अधिकारियों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई है। जिसमें हरिद्वार रेंज के रेंजर महेश सेमवाल और सुरेश्वरी देवी सेक्शन में तैनात वन दारोगा अमृता को हटा दिया गया है। महेश सेमवाल पर मोतीचूर और हरिद्वार दो रेंजों का चार्ज था। जांच के बाद उनसे हरिद्वार रेंज का चार्ज का अतिरिक्त चार्ज हटा दिया है। उनकी जगह आभा रतूड़ी को हरिद्वार रेंज का चार्ज दिया गया। इस कार्रवाई के बाद वन महकमे के ऊपर सवाल उठने लगे हैं। जिस दिन साधारण तरीके से मंत्री के बेटे की शादी हुई थी, तो उस दिन कैबिनेट मंत्री खजान दास ने खुद मीडिया को बयान दिया था कि उन्हें वन निदेशक ने शादी के लिए हामी भरी थी। यदि उन्हें नियमों के बारे में पहले ही बता दिया जाता तो, वो शांतिकुंज या फिर अन्य जगह आयोजन कर लेते।
दूसरी ओर कोई भी निचले स्तर का अधिकारी और कर्मचारी इस तरह की अनुमति नहीं दे सकता है। हालांकि, मामले की जांच में दो अधिकारियों और दो कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। मामले की जांच अभी चल रही है। गौर हो कि बीती 26 अप्रैल को राजाजी टाइगर रिजर्व की हरिद्वार रेंज के अंतर्गत आने वाले सुरेश्वरी देवी मंदिर में उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री खजान दास के बेटे शादी तय हुई थी। शादी से एक दिन पहले ट्रकों के जरिए टेंट, कूलर, सोफे, कुर्सी और अन्य साज सजावट के सामान मंदिर पहुंचाए गए। मंदिर परिसर को सजाया गया और फोटो-वीडियो सामने आने के बाद विवाद हो गया।
यह विवाद शादी की परमिशन को लेकर खड़ा हुआ था। क्योंकि, जिस स्थान पर शादी होनी थी, वो रिजर्व फॉरेस्ट के अंतर्गत आता है। वहां एनटीसीए, कोर्ट और एनजीटी की तमाम गाइडलाइन के चलते कोई शोर शराबे वाला आयोजन हो ही नहीं सकता। हालांकि, मामले ने तूल पकड़ा तो तमाम सामान तत्काल प्रभाव से हटा लिया गया।
इसके बाद साधारण तरीके से शादी भी संपन्न हो गई, लेकिन वन निदेशक राजीव धीमान की ओर से मामले की जांच बैठाई गई और राजाजी टाइगर रिजर्व के वार्डन अजय लिंगवाल को जांच अधिकारी बनाया गया। उनकी जांच के उपरांत ही वन निदेशक राजीव धीमान की ओर से यह कार्रवाई की गई है।
“राजाजी टाइगर रिजर्व एक संवेदनशील क्षेत्र है. खुद सुप्रीम कोर्ट इसको देखते हैं. नियमों की अवहेलना करने पर ही कार्रवाई की गई है. जांच और कार्रवाई इसलिए की जा रही है. ताकि, भविष्य में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और कोई दिक्कत न हो.”– रंजन कुमार मिश्रा, प्रमुख वन संरक्षक
-
टोली बैठक मे शाह ने की संगठन के प्रमुख नेताओं से चर्चा, किया मार्गदर्शन
हरिद्वार : केंद्रीय गृह मंत्री एवं पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अमित शाह की मौजूदगी में आज भाजपा की प्रदेश टोली बैठक संपन्न हुई। जिसमें चुनावी दृष्टि से कार्यकर्ताओं की संतुष्टि और संगठन विस्तार पर विशेष चर्चा हुई। वहीं 27 के चुनाव दृष्टिगत गृह मंत्री का प्रदेश नेतृत्व को विजयी मार्गदर्शन प्राप्त हुआ।
हरिद्वार के होटल गॉडविन में हुई इस बैठक की जानकारी देते हुए प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद श्री महेंद्र भट्ट ने बताया कि चुनावी वर्ष को देखते हुए श्री शाह का प्रमुख रूप से मार्गदर्शन प्राप्त हुआ है। जिसमें उनके द्वारा सभी लोगों को कार्यकर्ताओं की संतुष्टि और संगठन विस्तार पर जोर देने की बात कही। ताकि कार्यकर्ताओं के माध्यम से जनता की समस्याओं को टारगेट कर उसका निवारण किया जाए। इसी तरह संगठन विस्तार के क्रम में बूथ एवं मंडल स्तर पर प्रकोष्ठों एवं विभागों की इकाइयों का शीघ्र गठन किया जाएगा। जिनके आधार पर पार्टी की सक्रियता को पहले से अधिक प्रभावी बनाया जाएगा।
इसके अतिरिक्त शीघ्र शुरू होने वाली एसआईआर की प्रक्रिया को लेकर भी चर्चा हुई। जिसके लिए बीएलए 2 बनाने के काम को शत प्रतिशत पूरा कर वोट संरचना अनुशार चुनावी तैयारी करेगी। धीरे धीरे चुनावी दृष्टि से पार्टी अपनी गतिविधियों को आगे बढ़ाएगी, ताकि बूथ स्तर पर कैसे सफलता के लक्ष्य को प्राप्त किया जाए।
बैठक में तय हुआ कि सभी सांसद विधायक 2027 चुनाव की दृष्टि से कार्यकर्ताओं और जनता के बीच जाएं। उनके जनसामान्य के मुद्दों और व्यक्तिगत समस्याओं को सुने और उसके निवारण का प्रयास करें।
प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान ने जानकारी दी कि बैठक में मुख्यमंत्री पुष्कर धामी के साथ उनके सभी कैबिनेट सहयोगी मंत्री, प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट, केंद्रीय मंत्री एवं अल्मोड़ा सांसद अजय टम्टा, पूर्व मुख्यमंत्री डॉ रमेश पोखरियाल निशंक ,हरिद्वार सांसद पूर्व सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत, पूर्व सीएम तीरथ सिंह रावत, विजय बहुगुणा, सांसद एवं राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अनिल बलूनी, सांसद एवं राष्ट्रीय सह कोषाध्यक्ष श्री नरेश बंसल, सांसद अजय भट्ट, महारानी माला राज्यलक्ष्मी, प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार, दीप्ति रावत, तरुण बंसल प्रमुख रूप से मौजूद रहे। इसके साथ ही भाजपा सातों मोर्चों के मोर्चा अध्यक्ष भी बैठक में मौजूद रहे ।
-
जमीन फर्जीवाड़ा: मनीष बॉलर के सहयोगी को STF ने पकड़ा, फर्जी आधार कार्ड लगाकर दी थी गलत गवाही
देहरादून: हरिद्वार में हुए जमीन फ्रॉड से जुड़े एक मामले में एसटीएफ ने खुलासा करते हुए घटना में शामिल एक आरोपी को हरिद्वार में गंगनहर थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। आरोपी ने फर्जी पावर ऑफ अटार्नी में फर्जी आधार कार्ड लगाकर फर्जी गवाही दी थी। साथ ही इस मामले अब तक घटना में शामिल कुल 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।
प्रवीण वाल्मीकि गैंग के संबंध में पिछले महीने में मिली सूचना और प्रार्थना पत्र के आधार पर एसटीएफ ने जांच की। जिसके बाद 27 अगस्त 2025 को एसटीएफ ने थाना गंगनहर में कुख्यात गैंगस्टर प्रवीण वाल्मिकी, भतीजा मनीष बॉलर, पंकज अष्ठवाल आदि 6 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाया, जिसके बाद इस प्रकरण में पहली बार वाल्मिकी गैंग के 2 सदस्यों मनीष बॉलर और पंकज अष्ठवाल को गिरफ्तार किया गया।
मनीष बॉलर और पंकज अष्टवाल से पूछताछ में जमीन की खरीद करने वाली फर्जी रेखा और संलिप्त सदस्यों की जानकारी मिली। जिस पर फर्जी रेखा बनी महिला निर्देश की भी एसटीएफ ने गिरफ्तारी की। इस प्रकरण में आकाश सक्सेना को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया।
एसटीएफ एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया रुड़की क्षेत्र के ग्राम सुनेहरा के रहने वाले श्याम बिहारी की साल 2014 में मृत्यु हो गई थी, जिसकी करोड़ों रुपए की बेशकीमती संपत्ति ग्राम सुनेहरा क्षेत्र में है। श्याम बिहारी की मृत्यु के बाद इस संपत्ति की देखभाल उसका छोटा भाई कृष्ण गोपाल कर रहा था। साल 2018 में प्रवीण वाल्मीकि गैंग ने इस संपत्ति को कब्जा करने की नियत से कृष्ण गोपाल की गोली मारकर हत्या कर दी।
इसके बाद इस संपत्ति की देखभाल श्याम बिहारी की पत्नी रेखा करने लगी। प्रवीण वाल्मीकि ने रेखा को धमकाकर संपत्ति अपने नाम पर करने के लिए दबाव बनाया। वो नहीं मानी तो उसके भाई सुभाष पर साल 2019 में अपने भतीजे मनीष बॉलर और उसके साथियों के साथ गोली चलवाई। जिसमें धारा 307 का मुकदमा थाना गंगानगर पर दर्ज कराया गया।
इन दोनों घटनाओं से रेखा का परिवार डर गया। वह रुड़की क्षेत्र छोड़कर कही अज्ञात स्थान पर छिपकर रहने लगी। इसके बाद रेखा और कृष्ण गोपाल की संपत्ति को प्रवीण वाल्मिकी और उसके सदस्यों ने फर्जी रेखा को कृष्ण गोपाल की पत्नी स्नेहलता बनाकर फर्जी पॉवर अटार्नी तैयार की। इन संपत्तियों को आगे बेचा गया। इस काम में मनीष बॉलर का सहयोगी पंकज अष्टवाल था, जिसने रेखा की फर्जी पावर अटार्नी अपने नाम करवाकर करोड़ों मूल्य की सम्पत्ति को खुर्द-बुर्द कर आगे बेचा। -
हरिद्वार जिले के रुड़की में यूपी की महिला के साथ गैंगरेप
रुड़की: उत्तराखंड के हरिद्वार जिले से बड़ी खबर सामने आई है। आरोप है कि रुड़की में यूपी की महिला के साथ दो दोस्तों ने नशीला पदार्थ खिलाकर सामूहिक दुष्कर्म किया है। पीड़िता ने इस मामले में पुलिस को तहरीर दी थी। इस मामले में पिरान कलियर थाना क्षेत्र की एक महिला की संलिप्तता बताई जा रही है। बहरहाल पुलिस ने इस मामले में पीड़िता की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
पीड़ित महिला ने रुड़की की सिविल लाइन कोतवाली में तहरीर दी थी। तहरीर में पीड़ित ने बताया कि वो यूपी के मेरठ जिले की रहने वाली है, वो बीती तीन फरवरी मंगलवार को मेरठ से पिरान कलियर में जियारत के लिए आई थी।
पीड़ित महिला का आरोप है कि इस दौरान उसकी मुलाकात जौरासी गांव निवासी एक युवक के साथ हुई थी। आरोप है कि उस युवक ने उसे अपनी बातों में लेकर नशीला पदार्थ खिला दिया, जिससे उसकी हालत बिगड़ गई। इसके बाद वह उसे अपने साथ जौरासी गांव स्थित घर ले गया।
पीड़िता का आरोप है कि वहां पर पहले से उसका एक दोस्त भी मौजूद था। आरोप है कि दोनों युवकों ने मिलकर उसके साथ दुष्कर्म किया गया। इतना ही नहीं बल्कि पीड़िता का कहना है कि आरोपियों ने उसकी अश्लील वीडियो भी बनाई गई है और उसे धमकाया भी गया है।
वहीं पीड़िता ने बताया कि इस पूरी साजिश में पिरान कलियर की एक महिला भी शामिल थी, जिसने आरोपियों का साथ दिया है। पीड़िता ने बताया कि वह होश में आने के बाद किसी तरह से पुलिस के पास पहुंची और पूरे मामले की तहरीर दी है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच पड़ताल करने में जुटी हुई है।
सिविल लाइन कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रदीप बिष्ट का कहना है कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की गंभीरता से जांच पड़ताल की जा रही है। पीड़िता के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और आरोपियों की भूमिका की जांच की जा रही है, पुलिस के मुताबिक जांच के बाद अग्रिम कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। -
अविमुक्तेश्वरानंद के समर्थन में हरिद्वार में प्रदर्शन, कराया मुंडन, यूपी सरकार को घेरा
हरिद्वार: प्रयागराज में माघ मेले के दौरान शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती को स्नान किए जाने से रोके जाने और उनके शिष्यों के साथ की गई कथित अभद्रता का देशभर में विरोध जारी है। ब्राह्मण समाज के लोगों ने हरिद्वार के चंद्राचार्य चौक पर प्रयागराज प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया। इस दौरान पूर्व मेयर अनीता शर्मा के पति अशोक शर्मा ने अपना मुंडन कराकर विरोध दर्ज करवाया। उनके साथ रणवीर शर्मा और मुकेश शर्मा ने भी अपना मुंडन कराकर प्रयागराज प्रशासन से स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती के पास जाकर माफी मांगने की मांग की। प्रदर्शन को ब्राह्मण समाज के साथ कई कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भी समर्थन दिया।
कांग्रेस नेता अशोक शर्मा ने कहा प्रयागराज में जिस तरह का व्यवहार, भाजपा सरकार के राज में शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती के साथ किया जा रहा है, वह निंदनीय है। उन्होंने आरोप लगाया कि वहां ब्राह्मणों की शिखा पड़कर उनसे अभद्रता और मारपीट की गई। भाजपा की सरकार में यह साफ दर्शाता है कि किस तरह से भाजपा सरकार मे ब्राह्मणों का शोषण हो रहा है। इतना ही नहीं प्रशासन अभी भी हठधर्मिता पर उतरा हुआ है, ना तो अब तक कोई शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद से माफी मांगने पहुंचा है ना ही किसी को उनके अन्न जल त्यागने की चिंता है।
उन्होंने कहा आज भाजपा सरकार के राज में ब्राह्मणों का जहां देखो, वहीं शोषण हो रहा है. इसी के विरोध में अपने सर मुंडाए हैं। उनकी मांग की है कि जल्द से जल्द प्रशासन को स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती से माफी मांगनी चाहिए। तत्काल प्रभाव से अभद्रता करने वाले अधिकारियों को बर्खास्त करना चाहिए। उन्होंने मांग पूरी न होने पर इस आंदोलन को तेज करने की चेतावनी भी दी है।
स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती के समर्थन में अपने बालों का मुंडन करने वाले रणवीर शर्मा ने बताया कि जिस तरह की फोटो वीडियो प्रयागराज में देखने को मिली है, वो हृदय विदारक है। भाजपा सरकार के राज में ब्राह्मणों के साथ ऐसा व्यवहार होगा, इसकी कल्पना भी नहीं की थी। प्रयागराज में शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती के शिष्यों और वेदपाठी ब्राह्मणों के साथ ऐसा बर्ताव देखकर मन व्यथित है। इसलिए उन्होंने अपना मुंडन कराकर विरोध दर्ज करवाया है। -
नारसन में जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार बहुउद्देश्यीय शिविर का आयोजन
देहरादून/हरिद्वार। विकास खंड नारसन की न्याय पंचायत ढंढेरा के ग्राम पंचायत नगला इमरती (गौतम फार्म हाउस) में सोमवार को जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार बहुउद्देश्यीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ जनपद के प्रभारी मंत्री सतपाल महाराज ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से 874 लोगों को लाभान्वित किया गया, जबकि 456 लाभार्थियों को अलग-अलग विभागों द्वारा प्रमाण पत्र जारी किए गए। शिविर में कुल 7031 लोगों ने प्रतिभाग किया।
शिविर में क्षेत्रवासियों द्वारा विभिन्न विभागों से संबंधित 403 समस्याएं दर्ज कराई गईं। इनमें भूमि विवाद, अतिक्रमण, जलभराव, विद्युत, पेयजल और आवास से जुड़ी समस्याएं प्रमुख रहीं। प्रभारी मंत्री ने मौके पर ही 178 समस्याओं का निस्तारण कराया, जबकि शेष शिकायतों को त्वरित समाधान के लिए संबंधित विभागों को प्रेषित किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश में पहली बार सभी न्याय पंचायतों में जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार बहुउद्देश्यीय शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इन शिविरों का उद्देश्य सरकारी योजनाओं और सेवाओं को सीधे जनता तक पहुंचाना है, ताकि लोगों को दफ्तरों के चक्कर न काटने पड़ें और समस्याओं का समाधान मौके पर ही हो सके।
उन्होंने कहा कि 17 दिसंबर 2025 से शुरू हुआ यह 45 दिवसीय प्रदेशव्यापी अभियान सुशासन, पारदर्शिता और भ्रष्टाचार पर नियंत्रण की दिशा में एक बड़ा कदम है। इसके माध्यम से दूरदराज के क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को आय, जाति, निवास प्रमाण पत्र, स्वास्थ्य सेवाएं, पेंशन, कृषि और अन्य कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि उत्तराखंड में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में विकास कार्य तेजी से हो रहे हैं। राज्य में सड़क कनेक्टिविटी पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। अब तक 14,027 नए गांवों को सड़क मार्ग से जोड़ा जा चुका है। शहरी क्षेत्रों में रिंग रोड और फ्लाईओवर निर्माण की योजनाओं पर भी कार्य प्रगति पर है।
उन्होंने मुख्यमंत्री ग्राम संपर्क योजना, दीनदयाल उपाध्याय गृह आवास (होम स्टे) योजना, शीतकालीन यात्रा, साहसिक पर्यटन और आदि कैलाश यात्रा से जुड़ी योजनाओं की जानकारी भी दी। साथ ही हरिद्वार जनपद में जलभराव से निजात और सिंचाई सुविधाओं के विस्तार को लेकर किए गए कार्यों का उल्लेख किया।
राज्यसभा सांसद कल्पना सैनी ने कहा कि मुख्यमंत्री की मंशा है कि प्रदेश के अंतिम छोर पर बसे व्यक्ति तक सरकार की योजनाओं का लाभ पहुंचे। जिन समस्याओं का समाधान मौके पर नहीं हो पाता, उनका संज्ञान स्वयं जिलाधिकारी स्तर से लिया जा रहा है।
जिला पंचायत अध्यक्ष किरण चौधरी ने कहा कि जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार कार्यक्रम से ग्रामीणों को योजनाओं का सीधा लाभ मिल रहा है। उन्होंने प्रदेश में हाईवे, मेडिकल कॉलेज, समान नागरिक संहिता और नकल विरोधी कानून जैसे फैसलों की सराहना की। -
हरिद्वार नगर निगम जमीन घोटाले में निलंबित आईएएस अधिकारियों को फिलहाल नहीं मिली राहत
देहरादून/हरिद्वार: हरिद्वार नगर निगम से जुड़े कथित 57 करोड़ रुपये के जमीन घोटाले में निलंबित भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के अधिकारियों को अभी तक कोई राहत नहीं मिली है। शासन स्तर पर उनके निलंबन की समीक्षा जरूर हुई, लेकिन इस पर कोई अंतिम निर्णय नहीं हो पाया।
मामला और संवेदनशील इसलिए बन गया है क्योंकि समीक्षा बैठक से ठीक एक दिन पहले कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने इन अधिकारियों की बहाली की संभावनाओं को लेकर सरकार पर गंभीर आरोप लगाए थे। उन्होंने कहा था कि सरकार दबाव में आकर दोषियों को राहत देने की तैयारी में है। गोदियाल के आरोपों के बाद हुई समीक्षा बैठक पर राजनीतिक दृष्टि से भी चर्चा शुरू हो गई।
बीते साल 2025 में उजागर हुए इस प्रकरण में आरोप लगे कि नगर निगम की जमीन से जुड़े लेनदेन में गंभीर अनियमितताएं हुईं। तत्कालीन हरिद्वार जिलाधिकारी कर्मेंद्र सिंह और नगर आयुक्त वरुण चौधरी समेत कई अन्य कर्मचारियों को निलंबित किया गया था। जांच की जिम्मेदारी आईएएस अधिकारी रणवीर सिंह चौहान को सौंपी गई थी, जिनकी रिपोर्ट में प्रारंभिक गड़बड़ियां सामने आने पर मुख्यमंत्री के निर्देश पर कड़ी कार्रवाई की गई।
अब निलंबन को लगभग छह महीने पूरे होने जा रहे हैं। मुख्य सचिव आनंद वर्धन की अध्यक्षता में हुई समीक्षा बैठक में दोनों आईएएस अधिकारियों के भविष्य पर विचार किया गया, लेकिन कोई अंतिम निर्णय नहीं लिया जा सका। आनंद वर्धन ने इसकी पुष्टि की।
राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में इस बहुचर्चित जमीन घोटाले की गूंज अभी खत्म नहीं हुई है। निलंबित अधिकारियों की बहाली का मामला फिलहाल टल गया है और अब निगाहें शासन के अगले कदम पर टिकी हैं कि इस प्रकरण में आगे क्या कार्रवाई होती है और दोषियों के भविष्य पर कब तक अंतिम निर्णय लिया जाता है। -
रिश्वत कांड:हरिद्वार में खंड शिक्षा अधिकारी और प्रधानाध्यापक विजिलेंस की गिरफ्त में
देहरादून/ हरिद्वार। देहरादून से आई विजिलेंस की टीम ने उत्तराखंड के हरिद्वार जिले में बड़ी कार्रवाई करते हुए खंड शिक्षा अधिकारी और एक सरकारी स्कूल के प्रधानाध्यापक को रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है। आरोप है कि खंड शिक्षा अधिकारी ने 40 वाहिनी पीएसी के पुलिस मॉडर्न स्कूल की मान्यता से जुड़ा मामला हल करने के नाम पर बीस हजार रुपए की रिश्वत मांगी थी।
विजिलेंस टीम के सूत्रों के अनुसार, शिकायत मिलने के बाद की गई प्रारंभिक जांच में आरोप सही पाए गए। इसके बाद टीम ने जाल बिछाकर रोशनाबाद स्थित खंड शिक्षा अधिकारी बृजपाल सिंह राठौर के कार्यालय पर छापेमारी की और उन्हें रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के अनुसार, बृजपाल सिंह राठौर वर्तमान में बहादराबाद में तैनात हैं, जबकि उनकी पत्नी पुलिस विभाग में अधिकारी पद पर कार्यरत हैं। आरोप है कि उन्होंने शिकायतकर्ता से नवीनीकरण प्रमाण पत्र जारी करने के एवज में रिश्वत मांगी थी।
वहीं, मंगोलपुर स्थित सरकारी स्कूल के प्रधानाध्यापक मुकेश, जो ब्लॉक रिसोर्स पर्सन (बीआरपी) भी हैं, को भी गिरफ्तार किया गया है। आरोप है कि मुकेश बृजपाल सिंह राठौर के लिए ही रिश्वतखोरी के धंधे में काम करता था और उसने शिकायतकर्ता से बिचौलिया बनकर राशि वसूली।
गिरफ्तारी के बाद विजिलेंस टीम दोनों आरोपियों को लेकर देहरादून रवाना हो गई। मामले से जुड़े अधिकारियों का कहना है कि जांच आगे बढ़ रही है और अन्य संबंधितों की भूमिका भी सामने आ सकती है।
हरिद्वार जिले में यह मामला 40 वाहिनी पीएसी के पुलिस मॉडर्न स्कूल की मान्यता से जुड़ा है। शिकायतकर्ता ने प्रमाण पत्र नवीनीकरण के लिए खंड शिक्षा अधिकारी से संपर्क किया था, लेकिन रिश्वत की मांग पर उन्होंने विजिलेंस का दरवाजा खटखटाया। -
गौवंश मांस के साथ दो गिरफ्तार
कोतवाली लक्सर क्षेत्र में लक्सर बालावाली मार्ग पर एक पिकअप वाहन ने एक गाय को टक्कर मार दी। जिससे गाय की मौके पर मौत हो गई गुस्साये ग्रामीणों ने पिकअप वाहन को घेर लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि टेंपो आगे भी नहीं चल सका। ग्रामीणों के मुताबिक टेंपो में प्रतिबंधित मांस भरा था।
इस बीच गुस्साए एक ग्रामीण द्वारा टेंपो में आज भी लगा दी गई। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंच गई और ग्रामीणों का गुस्सा बढ़ गया। इस पर एसपी देहात व कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने हालात पर काबू पाने की कोशिश की। लेकिन इस दौरान जमकर पथराव हुआ और टेंपो को आपके हवाले कर दिया गया।
सड़क के दोनों तरफ लंबा जाम लग गया और हालात तनावपूर्ण हो गए । पुलिस ने गौवंश मांस के आरोपी दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं पुलिस हंगामा व करने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई करने की तैयारी कर रही है। जानकारी के मुताबिक सोमवार की सुबह लगभग साढ़े पांच बजे एक टेंपो प्रतिबंधित मांस से लदा हुआ लक्सर की ओर से बालावाली बिजनौर की ओर जा रहा था। लेकिन वह जैसे ही डुमनपुरी गांव के निकट पहुंचा तो टेंपो ने एक गाय को टक्कर मार दी। जिससे गाय के मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी की गाड़ी भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। इसी बीच सड़क पर दौड़ लगा रहे कई युवक मौके पर आ गए और उन्होंने टेंपो चालक व उसके एक साथी को पकड़ लिया। उन्हें ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और जब उन्होंने टेंपो की तलाशी ली तो टेंपो में पीछे मांस भरा हुआ था। जिसमें बर्फ लगी हुई थी। मांस देखकर ग्रामीणों का गुस्सा और भडक गया। इस बीच बजरंग दल के कार्यकरता भी मौके पर पहुंच गए और उन्होंने संरक्षित पशुओं का मांस बताते हुए दूसरे राज्य में इसकी तस्करी करने की बात कहते हुए जमकर हंगामा किया। फिर क्या था हालात बेकाबू हो गए और पुलिस मौके पर पहुंच गई। लेकिन ग्रामीणों के गुस्से के आगे पुलिस की एक नहीं चली देखते ही देखे कई थानों की पुलिस मौके पर आ गई एक व्यक्ति ने टेंपो को आग के हवाले कर दिया और पथराव शुरू हो गया स्थिति बिगड़ती देख एसपी देहात शेखर चंद सुयाल व सीओ नताशा सिंह मौके पर पहुंच गए। इस दौरान खानपुर विधायक उमेश कुमार भी मौके पर पहुंच गए और उन्होंने ग्रामीणों को शांत किया। इस दौरान पुलिस ने लाठियां प्रयोग कर भीड़ को नियंत्रण में किया। एसपी देहात शेखर सुयाल ने बताया कि प्रतिबंधित मांस के साथ पकड़े गए दो युवकों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस का कहना है कि कि हंगामा और पथराव करने वालों के खिलाफ भी चिन्हित कर कार्रवाई की जाएगी।सड़क पर लगा कई किलोमीटर लंबा जाम
लक्सर: पिकअप वाहन में प्रतिबंधित मांस का टेंपो ग्रामीणों द्वारा पकड़े जाने के बाद लक्सर बालावाली मार्ग पर दोनों तरफ कई किलोमीटर लंबा जाम लग गया। हालात बिगड़े देख ग्रामीणों में दहशत का माहौल पैदा हो गया। कुछ ग्रामीण तो अपने वाहनों को वापस मोड़ कर ही घर को चले गए तो कुछ घटना को देखने के लिए मौके पर ही खड़े रहे। इस बीच काफी भीड़ जमा हो गई। टेंपो को रास्ते से हटाने के बाद पुलिस ने जाम खुलवाया तब हालत काबू हुए।