Category: खेल

  • BCCI ने ICC से पाकिस्तान की शिकायत कर की सख्त कार्रवाई की मांग, हारिस रऊफ और साहिबजादा फरहान पर लगेगा बैन?

    पाकिस्तान क्रिकेट टीम एशिया कप में अब तक अपने खेल से ज्यादा मैदान पर हुए ड्रामे के लिए चर्चा में रही है। 21 सितंबर को दुबई में भारतीय टीम के खिलाफ सुपर 4 मैच के दौरान दो पाकिस्तानी खिलाड़ी साहिबजादा फरहान और हारिस रऊफ शर्मनाक हरकत करते नजर आए। इसके बाद अब बीसीसीआई ने आईसीसी में आधिकारिक शिकायत दर्ज कराते हुए दोनों खिलाड़ियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
    दरअसल, 21 सितंबर को भारत और पाकिस्तान के बीच मैच के दौरान पाकिस्तानी तेज गेंदबाज हारिस रऊफ ने भारतीय खिलाड़ियों को बार-बार परेशान करने की कोशिश की थी। बाउंड्री पर फील्डिंग करते समय जब भारतीय प्रशंसक ‘कोहली, कोहली’ के नारे लगा रहे थे तो रऊफ ने विमान को गिराने वाला एक्शन किया. यह हरकत पूरे क्रिकेट जगत ने देखी।
    इसके साथ ही इस मैच में पाकिस्तानी बल्लेबाज साहिबजादा फरहान ने बल्ले को बंदूक की तरह तानकर गोली मारने वाला सेलिब्रेशन अपने अर्धशतक पर किया। इन दोनों खिलाड़ियों की हरकतें विवादों का विषय बन गई हैं। अब इस पर बीसीसीआई ने एक्शन लिया है।
    मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में फरहान ने कहा, ‘मैं आमतौर पर 50 रन बनाने के बाद ज्यादा जश्न नहीं मनाता लेकिन अचानक मेरे मन में आया चलो आज जश्न मनाते हैं। मुझे नहीं पता कि लोग इसे कैसे लेंगे लेकिन मुझे इसकी परवाह नहीं है’।
    पीटीआई की रिपोर्ट् के अनुसार, बीसीसीआई की शिकायत के बाद अगर हारिस रऊफ और साहिबजादा फरहान लिखित आरोपों से इनकार करते हैं, तो उन्हें आईसीसी एलीट पैनल के रेफरी रिची रिचर्डसन के सामने सुनवाई के लिए पेश होना पड़ सकता है। अगर वे नियमों के अनुसार अपने कार्यों को साबित करने में विफल रहते हैं तो उन पर प्रतिबंध लगाया जा सकता है।
    बीसीसीआई की शिकायत के जवाब में पीसीबी ने 14 सितंबर के मैच के बाद सूर्यकुमार यादव के बयान का हवाला देते हुए, भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव के खिलाफ आईसीसी में शिकायत दर्ज कराई है। हालांकि, आईसीसी उनकी शिकायत को खारिज कर सकता है, क्योंकि टिप्पणी के सात दिनों के भीतर शिकायत दर्ज करनी होती है।
    एशिया कप लीग मैच में पाकिस्तान को एकतरफा मुकाबले में हराने के बाद भारतीय टीम ने सुपर-4 राउंड भी जीत लिया। अब टीम इंडिया टूर्नामेंट के फाइनल में प्रवेश कर चुकी है। जहां उसका सामना बांग्लादेश या पाकिस्तान में से किसी एक से होगा। आज इन दोनों टीमों के बीच मैच होने वाला है। इस मैच को जो भी जीतेगा वो फाइनल में भारत के साथ खेलेगा।

     

  • बांग्लादेश को हराकर भारत पहुंचा फाइनल में, अभिषेक ने खेली एक और शानदार पारी

    एशिया कप 2025 सुपर फोर के चौथे मैच में भारत ने बांग्लादेश को 41 रनों से हरा दिया है। इसके साथ ही भारत एशिया कप के 17 वें सीजन के फाइनल में पहुंचने वाली पहली टीम बन गई है।
    भारत के 168 रनों के जवाब में बांग्लादेश की पूरी टीम 127 रनों पर ही ढेर हो गई।सैफ हसन के 51 गेंदों में 69 रन और परवेज हुसैन के 21 रनों के अलावा कोई भी बांग्लादेशी बल्लेबाज दोहरे अंक तक नहीं पहुंच सका।
    भारत की तरफ से कुलदीप यादव सबसे सफल गेंदबाज रहे, उन्होंने चार ओवर में 18 रन देकर 3 विकेट लिए। इसके अलावा बुमराह और वरुण को दो-दो विकेट मिला, जबकि अक्षर पटेल और तिलक वर्मा को एक-एक विकेट मिला।
    वहीं भारत की बल्लेबाजी में अभिषेक शर्मा ने एक और शानदार पारी खेली, उन्होंने ने 37 गेंद में 75 रनों बनाए, जिसमें उन्होंने 6 चौके और 5 छक्के लगाए । जिसकी वजह से उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड मिला। अभिषेक ने इससे पहले पाकिस्तान के खिलाफ भी शानदार पारी खेले थी जिस वजह से यह अवॉर्ड दिया गया था।
    इसके अलावा गिल ने 19 गेंद में 29 रन बनाए। आखिर में हार्दिक ने 29 गेंद में महत्वपूर्ण 38 रन बनाए, जिसकी वजह से भारत 6 विकेट पर 168 तक पहुंचने मे सफल रहा। बांग्लादेश की तरफ रेशाद हुसैन सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने 3 ओवर में 27 रन देकर 2 विकेट लिए, जबकि तंजीम, मुस्तफीजुर और सैफुद्दीन को एक-एक विकेट मिला।
    एशिया कप 2025 का अगला मैच यानी की 25 सितंबर को पाकिस्तान और बांग्लादेश के बीच खेला जाएगा, जो कि एक तरह से सेमीफाइनल जैसा होगा, क्योंकि जीतने वाली टीम टूर्नामेंट के फाइनल में पहुंचने वाली दूसरी टीम बन जाएगी और फिर वो भारत से 28 सितंबर को खिताबी मुकाबले में आमने सामने होगी।
    यह मैच जितना बांग्लादेश और पाकिस्तान के लिए अहम होगा । अगर इस मैच को अगर पाकिस्तान जीतता है तो टूर्नामेंट में तीसरी बार भारत और पाकिस्तान आमने सामने होंगे। इसके अलावा टूर्नामेंट के इतिहास में ऐसा पहली बार होगा जब खिताबी मुकाबला भारत बनाम पाकिस्तान होगा।

  • देश की पहली इंडोर आइस स्केटिंग नेशनल चैंपियनशिप का मेजबान बना देहरादून : रेखा आर्या

    देवभूमि उत्तराखंड की खेल उपलब्धियों में शुक्रवार को उस समय एक नया आयाम जुड़ गया जब हिमाद्री आइस रिंक में देश की पहली इंडोर आइस स्केटिंग नेशनल चैंपियनशिप की शुरुआत हुई। चैंपियनशिप में 19 राज्यों की टीमें हिस्सा ले रही है।

    शुक्रवार को खेल मंत्री रेखा आर्या ने महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स स्टेडियम के हिमाद्री आइस रिंक में 20वीं नेशनल शॉर्ट ट्रैक एंड फिगर स्केटिंग चैंपियनशिप 2025 का शुभारंभ किया। प्रतियोगिता का समापन 30 जून को होगा।

    इस अवसर पर खेल मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि अभी तक देश में आइस स्केटिंग की सभी नेशनल चैंपियनशिप बर्फबारी के सीजन में खुले पहाड़ी मैदानों में कराई जाती थी। पहली बार आइस स्केटिंग की नेशनल चैंपियनशिप इंडोर स्टेडियम में आयोजित की जा रही है। खेल मंत्री ने कहा कि यह देवभूमि उत्तराखंड को खेल भूमि बनाने की दिशा में एक और बड़ा कदम है।

    खेल मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि हमारा यह आइस रिंक देशभर के खिलाड़ियों के अभ्यास व ट्रेनिंग के लिए खुला है और हम चाहते हैं कि इस खेल अवस्थापना का फायदा उठाकर भारत के खिलाड़ी दुनिया भर में आइस गेम्स में देश का नाम रोशन करें।

    इस अवसर पर आइस स्केटिंग के खिलाड़ियों ने इतने सुंदर स्किल का प्रदर्शन किया कि दर्शक दांतो तले उंगली दबाने पर मजबूर हो गए। खिलाड़ियों का संतुलन, गति और मूवमेंट्स बहुत शानदार थे।

    इस अवसर पर विशेष प्रमुख खेल सचिव अमित सिन्हा, खेल निदेशक आशीष चौहान, आइस स्केटिंग एसोसिएशन ऑफ़ इंडिया के अध्यक्ष अमिताभ शर्मा, एशियाई इवेंट कोऑर्डिनेटर क्रिस चेन, आइस स्केटिंग एसोसिएशन ऑफ़ उत्तराखंड के अध्यक्ष शिव पैन्यूली, जगराज साहनी आदि उपस्थित रहे।

  • बॉक्सिंग का पावर सेंटर बन रहा उत्तराखंड : रेखा आर्या

    प्रदेश की खेल मंत्री रेखा आर्या ने परेड ग्राउंड के मल्टीपरपज हॉल में राज्य स्तरीय जूनियर बालक एवं बालिका बॉक्सिंग प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। इस प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए कुल 170 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं।
    खेल विभाग और उत्तराखंड बॉक्सिंग एसोसिएशन के समन्वय से आयोजित प्रतियोगिता के उद्घाटन अवसर पर मुख्य अतिथि रेखा आर्या ने कहा कि प्रदेश सरकार ने हाल ही में राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं के विजेता खिलाड़ियों को सरकारी नौकरियों में 4% आरक्षण देने का ऐतिहासिक फैसला किया है। उन्होंने कहा कि इस बदलाव के बाद प्रदेश में यह ऐसी पहले राज्य स्तरीय प्रतियोगिता हो रही है जिसके पदक विजेता इस आरक्षण लाभ के दायरे में आएंगे।

    खेल मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि उत्तराखंड बहुत तेजी से बॉक्सिंग का पावर सेंटर बन रहा है और 38 वें राष्ट्रीय खेलों में भी प्रदेश के बॉक्सिंग खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया था। उन्होंने कहा जिस तरह उत्तर पूर्व के राज्यों से अंतरराष्ट्रीय स्तर के बॉक्सर निकलते रहे हैं ठीक वैसे ही अब उत्तराखंड के खिलाड़ी भी दुनिया में चमक बिखरने लगे हैं।

    खेल मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि प्रदेश को खेल भूमि बनने के शिखर तक पहुंचाने के लिए जरूरी है कि यहां हर घर से एक चैंपियन पैदा हो, हमें ऐसी खेल संस्कृति विकसित करने में जुटना होगा।

    इस अवसर पर खेल मंत्री रेखा आर्या ने बीते दिनों विभिन्न अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उत्तराखंड का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ियों और उनके कोचों को भी सम्मानित किया। शाम के समय प्रतियोगिता के शुरुआती दौर के मुकाबले खेले गए और यह प्रतियोगिता 9 जून तक आयोजित होगी।

    इस अवसर पर खेल उपनिदेशक संजीव पौरी, उत्तराखंड बॉक्सिंग एसोसिएशन सचिव गोपाल सिंह खोलिया, जिला बॉक्सिंग एसोसिएशन अध्यक्ष धर्मेद्र भट्ट, प्रभारी जिला खेल अधिकारी रविंद्र भंडारी आदि उपस्थित रहे।
    खेल मंत्री रेखा आर्या ने शनिवार शाम को परेड ग्राउंड के मल्टीपरपज हॉल में चल रहे कराटे के राज्य स्तरीय विशेष प्रशिक्षण शिविर का निरीक्षण किया। इस अवसर पर उन्होंने प्रतिभागी खिलाड़ियों से यहां मिल रही सुविधाओं और कोचिंग के बारे में जानकारी हासिल की।

  • विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष में जिला खेल कार्यालय द्वारा हॉफ मैराथन दौड़ का किया आयोजन

    विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष में जिला प्रशासन देहरादून के मार्गदर्शन में जिला खेल कार्यालय द्वारा हॉफ मैराथन दौड़ का आयोजन किया गया। हॉफ मैराथन दौड़ में मुख्य अतिथि राजपुर विधायक खजान दास और विशिष्ट अतिथि मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह ने प्रतिभाग किया। उन्होंने सर्वप्रथम वृक्षारोपण कर सभी प्रतिभागियों को भी पेड़ लगाने के लिए प्रोत्साहित किया तथा साथ ही पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई।
    मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथि द्वारा अलग-अलग आयु वर्ग के प्रतिभागियों को हरी झंडी दिखाकर मैराथन दौड़ का शुभारंभ किया गया। मैराथन दौड़ का आयोजन क्रमशः तीन आयु वर्गों में किया गया अंडर 16 बालक/बालिका ,ओपन महिला/पुरुष और 40 प्लस महिला/ पुरुष तीनों आयु वर्ग में लगभग 500 प्रतिभागियों द्वारा प्रतिभाग किया गया। उसके उपरांत अतिथियो द्वारा सभी आयु वर्ग के विजेताओं को पुरुस्कृत कर सम्मानित किया गया इस अवसर पर जिला युवा कल्याण अधिकारी प्रमोद पांडे ,जिला पर्यटन विकास अधिकारी सीमा नौटियाल, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी सी एस रावत, मुख्य उद्यान अधिकारी एवं प्र0 खेल अधिकारी सहित विभागीय अधिकारी/कार्मिक व प्रशिक्षक मौजूद रहे।
    अण्डर 16 बालक वर्ग में पहले स्थान पर अभिजीत कुमार, दूसरे स्थान पर उत्कर्ष सेमवाल, तीसरे स्थान पर पंकज, चौथे स्थान पर मानव, पांचवे स्थान पर रोहन रहे। वहीं अण्डर 16 बालिका वर्ग में पहले स्थान पर गायत्री, दूसरे स्थान पर रितिका रावत, तीसरे स्थान पर गौरी रावत, चौथे आराध्या राना, पांचवे स्थान पर खुशाली रही।
    पुरूष ओपन में पहले स्थान पर नीरज कुमार, दूसरे स्थान पर मुकेश, तीसरे स्थान पर अनन्त रावत, चौथे स्थान पर मंजीत सिंह, पांचवे स्थान पर शमशेर सिंह रहे। महिला ओपन में पहले स्थान पर अंकिता मिश्रा, दूसरे स्थान पर साईमन अंसारी, तीसरे स्थान पर सृष्टि पाल, चौथे स्थान पर शिवानी, पांचवे स्थान पर निशा रही।

  • रेखा आर्य ने विश्व ओलम्पिक दिवस के आयोजन की तैयारी के सम्बन्ध में उत्तराखण्ड ओलम्पिक एसोसिएशन के सदस्यों एवं विभागीय अधिकारियों के साथ की समीक्षा बैठक

    प्रदेश की खेल मंत्री रेखा आर्या ने 23 जून 2025 विश्व ओलम्पिक दिवस के आयोजन की तैयारी के सम्बन्ध में उत्तराखण्ड ओलम्पिक एसोसिएशन के सदस्यों एवं विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की।

    मंत्री ने कहा कि 23 जून को ओलम्पिक दिवस के अवसर पर प्रदेश भर में होने वाले कार्यक्रम की रूपरेखा को लेकर उत्तराखण्ड ओलम्पिक एसोसिएशन के सदस्यों के साथ विस्तृत चर्चा की गई है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक जनपद में किस तरह के खेलों का आयोजन किया जायेगा इस पर अभी से कार्ययोजना बनायी जाए। उन्होंने अधिकारियों से खेलों को लेकर सभी तरह की व्यवस्थाओं के साथ मौसम की स्थिति को ध्यान में रखकर आयोजन करने के निर्देश दिये।

    खेल मंत्री ने ओलम्पिक दिवस के अवसर पर प्रतिभाग करने वाले बच्चों के पंजीकरण, प्रदेश के राष्ट्रीय तथा अन्तर्राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों को समापन समारोह में निमंत्रण देने के संबंध में अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिये। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिये कि उक्त कार्यक्रम को राष्ट्रीय खेलों की तर्ज पर आयोजित किया जा सके जिसमें उन्होंने  मुख्यमंत्री की उपस्थिति को लेकर भी अधिकारियों के साथ चर्चा की। उन्होंने कहा कि जल्द ही विश्व ओलम्पिक दिवस के आयोजन के हेतु दूसरी बैठक की जायेगी जिसमें आयोजन को लेकर अंतिम निर्णय लिये जायेंगे।

    मंत्री ने कहा कि हमारा प्रयास है कि विश्व ओलम्पिक दिवस के आयोजन ऐतिहासिक रूप दिया जाए। उन्होंने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य प्रदेश की प्रत्येक पंचायतों के बच्चों, वृद्धजनों तक में खेलों के प्रति जनजागरूकता की अलख को जगाना है जिस हेतु विभाग तथा उत्तराखण्ड ओलम्पिक एसोसिएशन को कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिये गये हैं।

  • मुश्किलों से जीतना सिखाता है खेल :रेखा आर्या

    देहरादून । प्रदेश की खेल मंत्री रेखा आर्या ने रविवार को सेंट जोसेफ एकेडमी में आयोजित सीआईएससीई नेशनल प्री योगा ओलंपियाड 2025 के विजेताओं को पुरस्कार वितरित किए।

    इस अवसर पर खेल मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि योग व अन्य सभी खेल युवाओं को जीवन के संघर्षों से लड़ना सिखाते हैं और मुश्किलों को हराकर कैसे सफलता पानी है, इसका रास्ता दिखाते हैं।

    रेखा आर्या ने कहा कि प्रदेश सरकार ने नेशनल गेम्स में पहली बार योगासन को मुख्य प्रतियोगिता के रूप में शामिल कराया था और उम्मीद है कि जल्द ही यह एशियाड और ओलंपिक जैसी अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता में भी शामिल किया जाएगा। खेल मंत्री ने कहा कि एक खेल के रूप में योग पूरी दुनिया में पहचान बना रहा है और हमारे प्रदेश में इसके खिलाड़ी बड़ी संख्या में तैयार हो रहे हैं।

    कार्यक्रम में मौजूद अभिभावकों से खेल मंत्री ने कहा कि वे अपने बच्चों को खिलाड़ी बनने में सहयोग दे क्योंकि अब खेल भी एक चमकता हुआ कैरियर है।

    खेल मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने योग के प्रकाश को पूरी दुनिया में फैलाने का काम किया है। उन्हीं के प्रयासों से यह संभव हो पाया है कि अब 21 जून को दुनिया के ज्यादातर देश अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाते हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार लगातार खेल संस्कृति विकसित करने में जुटी हुई है। उन्होंने प्रतियोगिता के विजेताओं को सम्मानित करते हुए उन्हें अगले महीने होने वाली नेशनल प्रतियोगिता में जीत की शुभकामनाएं दी।

    इस अवसर पर प्रधानाचार्य ब्रदर जोसेफ एम जोसेफ, ब्रदर जेसी कैरल, अरिजीत बासु, अर्णव कुमार, मिशेल ए गार्डनर, अनुज कुमार सिंह, डा. अरविन्द कुमार कोटनाला आदि मौजूद रहे।

  • पावरलिफ्टिंग की एशियाई चैंपियनशिप उत्तराखंड में नए युग की शुरुआत : रेखा आर्या

    देहरादून : सोमवार को राजपुर रोड स्थित होटल हयात सेंट्रिक में 2025 एशियाई सब जूनियर और जूनियर पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप और एशियन यूनिवर्सिटी पावरलिफ्टिंग कप का उद्घाटन किया गया।

    इस प्रतियोगिता में कुल 15 एशियाई देशों से 150 से ज्यादा एथलीट शामिल हो रहे हैं।

    प्रतियोगिता का उद्घाटन करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि 38 वें राष्ट्रीय खेलों के बाद एक अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता को आयोजित करना प्रदेश के लिए गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि इससे साफ दिखता है कि प्रदेश में स्पोर्ट्स कल्चर कितनी तेजी से बढ़ रहा है।

    खेल मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि यह आयोजन प्रदेश के खेलों में एक नए युग की शुरुआत जैसा है। खेल मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि राष्ट्रीय खेल में भी हमने पावर लिफ्टिंग को एक कोर गेम के रूप में शामिल करने के लिए काफी प्रयास किया था। उन्होंने कहा कि इस प्रतियोगिता में 15 देश से आए करीब डेढ़ सौ एथलीट्स के बीच हमारे प्रदेश के भी 16 एथलीट्स मुकाबलों में शिरकत करेंगे। इससे स्पष्ट है कि उत्तराखंड को खेल भूमि बनाने का हमारा लक्ष्य सही दिशा की तरफ बढ़ रहा है। खेल मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि पावर लिफ्टिंग का खेल दुनिया भर में लोकप्रिय हो रहा है और बहुत संभव है कि जल्द ही यह ओलंपिक और एशियाड जैसी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भी एक कोर गेम के रूप में शामिल कर लिया जाए।

    इस अवसर पर विधायक खजान दास, विशेष प्रमुख खेल सचिव अमित सिन्हा, उत्तराखंड पावरलिफ्टिंग संगठन के प्रदेश अध्यक्ष विक्रम पठानिया, खेल निदेशक प्रशांत आर्य आदि मौजूद रहे।

  • जीवन शैली का हिस्सा बनाएं स्पोर्ट्स: रेखा आर्या

    देहरादून : खेल मंत्री रेखा आर्या ने शनिवार को परेड ग्राउंड के मल्टीपरपज हॉल में 15वीं नेशनल ताइक्वांडो चैंपियनशिप का शुभारंभ किया। उत्तराखंड स्पोर्ट्स ताइक्वांडो एसोसिएशन की और से आयोजित प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों से आए 300 से ज्यादा खिलाड़ी शिरकत कर रहे हैं।

    इस अवसर पर मुख्य अतिथि खेल मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि हम सभी को स्पोर्ट्स को अपने जीवन शैली का हिस्सा बनना चाहिए। उन्होंने कहा कि अगर आप अपने जीवन में एक स्पोर्ट्स कार्ड बना लेते हैं तो हेल्थ कार्ड, आयुष्मान कार्ड और गोल्डन कार्ड जैसे तमाम हेल्थ इंश्योरेंस कार्डों की जरूरत कम से कम पड़ेगी। खेल मंत्री ने कहा कि स्पोर्ट्स कार्ड से उनका अर्थ यह है कि अपने दिनचर्या में रोजाना कम से कम 1 घंटा किसी एक फील्ड गेम को देना शुरू करें। खेल मंत्री ने कहा कि ताइक्वांडो जैसा खेल लड़कियों के कैरियर और स्वास्थ्य के साथ-साथ उनकी आत्मरक्षा के लिए भी जरूरी है।

    रेखा आर्या ने कहा कि ताइक्वांडो में 38 राष्ट्रीय खेलों के दौरान भी उत्तराखंड के खिलाड़ियों ने उल्लेखनीय प्रदर्शन किया था और धीरे-धीरे उत्तराखंड इस खेल का हब बनता जा रहा है।

    आयोजक संगठन के अध्यक्ष और पूर्व राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी ने कहा कि खेल हमें टीम भावना सिखाते हैं इसलिए हर युवा को किसी न किसी खेल से जुड़ने का प्रयास करना चाहिए। इस अवसर पर विभिन्न राज्यों के ताइक्वांडो टीमों ने कई हैरान करने वाले कर्तव्य भी दिखाएं।

    खेल मंत्री रेखा आर्या और भगत सिंह कोश्यारी ने इसके पहले प्रतियोगिता की टीशर्ट का भी लोकार्पण किया।

    इस अवसर पर उद्योगपति एस फारूक, जावेद खान, हिना हबीब व खिलाडी आदि उपस्थित रहे।

    सचिवालय बैडमिंटन प्रतियोगिता का शुभारंभ

    शनिवार को खेल मंत्री रेखा आर्या ने सचिवालय बैडमिंटन क्लब द्वारा आयोजित वार्षिक बैडमिंटन प्रतियोगिता 2025 का मल्टी परपज हॉल परेड ग्राउंड में उद्घाटन किया।
    इस दौरान खेल मंत्री रेखा आर्या ने भी बैडमिंटन में हाथ आजमाएं और कई तीखे शाट लगाकर खिलाड़ियों को चकित कर दिया।

    उद्घाटन अवसर पर खेल मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि सचिवालय कर्मचारी जिस तरह साल भर कई तरह की खेल प्रतियोगिता की आयोजित करते हैं वह अन्य विभागों के लिए भी एक उदाहरण बनना चाहिए। उन्होंने कहा कि स्पोर्ट्स लिगसी प्रोग्राम में प्रदेश सरकार हर आयु वर्ग के आम लोगों को खेलों से जोड़ने की योजना बना रही है, जिससे फिट उत्तराखंड के सपने को साकार किया जा सके।
    खेल मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि सचिवालय कर्मचारियों द्वारा आयोजित यह खेल प्रतियोगिताएं इसमें अहम कड़ी साबित होगी।

  • मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज सचिवालय में युवा कल्याण विभाग की गेम चेंजर योजनाओं की ली समीक्षा बैठक

    देहरादून ,मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने युवा कल्याण विभाग की गेम चेंजर योजनाओं की समीक्षा बैठक ली। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि राज्य की सभी विधानसभाओं में विधायक खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन सुनिश्चित किया जाए, जिससे खिलाड़ियों को मंच के साथ अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने का अवसर मिलेगा।
    मुख्यमंत्री ने कहा कि स्थानीय स्तर पर युवाओं को खेलों से जोड़ा जाए। युवाओं के शारीरिक और मानसिक विकास के लिए उन्हें साहसिक खेल गतिविधियों का प्रशिक्षण, सेना, अर्धसैनिक बल और पुलिस बलों में भर्ती पूर्व प्रशिक्षण दिया जाए। उनके बेहतर भविष्य के लिए परामर्श केंद्र स्थापित कर उन्हें, शिक्षा, रोजगार और अन्य पहलुओं पर मार्गदर्शन दिया जाए। युवाओं में नशे की प्रवृति को रोकने के लिए नियमित जागरूकता कार्यक्रम किए जाएं।
    मुख्यमंत्री ने कहा कि विभाग की समस्त खेल परिसंपत्तियों को अधिकतम उपयोग में लाने के साथ ही उनके रख-रखाव पर विशेष ध्यान दिया जाए। राज्य के सभी बहुद्देशीय हॉल में खेल गतिविधियों के साथ ही स्थानीय सांस्कृतिक गतिविधियां भी आयोजित होती रहे।
    उन्होंने बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को अच्छे प्रशिक्षण के साथ ही अधिकतम सुविधा देने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने मुख्य सचिव को गेम चेंजर योजनाओं की नियमित समीक्षा के भी निर्देश दिए। सीएस पूर्व से चल रही योजनाओं में सुधार के लिए बनाई गई कार्ययोजना की अपने स्तर से समीक्षा करेंगे। जिससे योजनाओं का बेहतर तरीके से धरातल पर क्रियान्वयन किया जाएगा और पात्र व्यक्तियों को अधिकतम लाभ मिलेगा।