अधिवक्ताओं ने चैंबर निर्माण की मांग को लेकर 2 घंटे सड़क जाम रखा
बार एसोसिएशन ने जिला जज न्यायालय परिसर में रैन बसेरा बनाने का विरोध किया, चरणबद्ध आंदोलन की दी चेतावनी

शहर के पुरानी जिला अदालत की खाली जमीन पर वकीलों के चैंबर निर्माण की मांग को लेकर अधिवक्ताओं ने मंगलवार को सड़क पर दो घंटे का सांकेतिक जाम रखा। बार एसोसिएशन के अध्यक्ष मनमोहन कंडवाल ने कहा कि न्यायालय परिसर में वकीलों और अन्य कर्मचारियों की संख्या अधिक होने के कारण आवंटित भूमि कम पड़ रही है।
उन्होंने बताया कि अन्य राज्यों की तरह देहरादून में भी वकीलों को चैंबर दिए जाने चाहिए। उन्होंने जिला जज न्यायालय परिसर में हरिद्वार रोड स्थित सिविल कंपाउंड की जमीन अधिवक्ताओं को चैंबर निर्माण के लिए देने की मांग उठाई।
मनमोहन कंडवाल ने कहा कि उत्तराखंड आंदोलन से लेकर स्वतंत्रता आंदोलन तक अधिवक्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही है और सरकार उनकी मांगों को अनसुना कर रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि बुधवार से चरणबद्ध तरीके से आंदोलन और तेज किया जाएगा।
बता दें कि सोमवार को अधिवक्ताओं ने एक घंटे का सांकेतिक जाम रखा था। मंगलवार को यह जाम सुबह 10:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक चला। अधिवक्ताओं ने आगे भी धीर-धीरे अपने आंदोलन को बढ़ाने का ऐलान किया है।



