अल्मोड़ा में साइबर ठगी के दो शातिर अंतरराज्यीय ठग गिरफ्तार
जिले में पांच साइबर ठगी के मामलों का पुलिस ने किया खुलासा,आरोपियों को पुलिस ने झारखंड और राजस्थान से दबोचा

अल्मोड़ा: जिले में साइबर ठगी के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। जिले के अलग-अलग थानों क्षेत्रों में दर्ज पांच साइबर ठगी के मामलों में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों को झारखंड और राजस्थान से दबोचा।
एसएसपी चंद्रशेखर घोडके के निर्देशन में आरोपियों की गिरफ्तारी को अलग-अलग दो पुलिस टीमों का गठन किया गया। गठित टीम ने पंजीकृत मुकदमों में विवेचना के दौरान साक्ष्य संकलन व तकनीकि विश्लेषण के आधार पर साइबर ठगी में चन्दन कुमार पुत्र नन्दू कुमार यादव, निवासी पंचायत बाघमारी किता खरवा देवघर झारखण्ड शामिल पाया गया।
आरोपी ने चार मामलों में 2 लाख 48 हजार 34 रुपये की साइबर ठगी की थी। टीम ने जाल बिछाते हुए आरोपी को मोहनपुर देवघर झारखण्ड से गिरफ्तार कर लिया। इधर, सोमेश्वर में हुई साइबर ठगी में पुलिस को राहुल कुमार बैरवा निवासी मोहनपुरा, लवाण, दौसा राजस्थान का सुराग मिला। आरोपी असम, गुजरात, महाराष्ट्र, ओडिशा और तमिलनाडु में भी वांछित था। आरोपी ने नौ मामलों में 5 लाख 65 हजार 980 रुपये की ठगी की थी। टीम ने आरोपी को धान मण्डी जिला बारा राजस्थान से गिरफ्तार किया।
—–

