गदरपुर

अंकिता भंडारी हत्याकांड की सीबीआई जांच की मांग को लेकर गदरपुर में प्रदर्शन

नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य बोले: यह एक परिवार नहीं, पूरे उत्तराखंड की बेटियों के न्याय का सवाल

अंकिता भंडारी हत्याकांड की सीबीआई जांच की मांग को लेकर शनिवार को ऊधमसिंह नगर जनपद के गदरपुर में जोरदार प्रदर्शन किया गया। गदरपुर तहसील परिसर के बाहर जुलूस निकालकर धरना-प्रदर्शन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने हिस्सा लिया और सरकार से इस मामले में जवाबदेही तय करने की मांग की।
इस दौरान नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने कहा कि अंकिता भंडारी हत्याकांड आज केवल एक परिवार का निजी दुख नहीं रहा, बल्कि यह पूरे उत्तराखंड की आत्मा, प्रदेश की बेटियों की सुरक्षा और न्याय व्यवस्था पर लगा एक गंभीर प्रश्नचिह्न बन चुका है। उन्होंने कहा कि महीनों बीत जाने के बावजूद पीड़ित परिवार को अब तक पूर्ण न्याय नहीं मिल पाया है और सच तक पहुंचने की राह में लगातार बाधाएं डाली जा रही हैं।
यशपाल आर्य ने प्रदेश सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार का चुप्पी साधना और टालमटोल वाला रवैया जनता को स्वीकार नहीं है। उन्होंने कहा कि जब तक इस जघन्य अपराध की स्वतंत्र और निष्पक्ष सीबीआई जांच नहीं होगी, तब तक न्याय की उम्मीद अधूरी रहेगी। अपराधी चाहे कितने भी रसूखदार क्यों न हों, उन्हें कानून के अनुसार कठोरतम सजा मिलनी चाहिए।
नेता प्रतिपक्ष ने स्पष्ट किया कि यह आंदोलन किसी राजनीतिक दल का नहीं, बल्कि सच, इंसाफ और आने वाली पीढ़ियों की सुरक्षा का संघर्ष है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की बेटियों के सम्मान और सुरक्षा की रक्षा के लिए यह आवाज तब तक उठती रहेगी, जब तक अंकिता को पूरा न्याय नहीं मिल जाता।
धरना-प्रदर्शन के दौरान प्रदर्शनकारियों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और सीबीआई जांच की मांग को लेकर ज्ञापन भी सौंपा। वक्ताओं ने कहा कि यदि सरकार ने शीघ्र ठोस कदम नहीं उठाए, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

Show More