
यूकेएसएसएससी की स्नातक स्तरीय पटवारी भर्ती परीक्षा का पेपर लीक होने के मामले में कांग्रेस ने शनिवार को हल्द्वानी में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।
विधायक सुमित हृदयेश के नेतृत्व में बुद्ध पार्क में हुए प्रदर्शन के दौरान राज्य सरकार और आयोग का पुतला फूंका गया। कांग्रेस ने पेपर लीक कांड की सीबीआई जांच और यूकेएसएसएससी अध्यक्ष व सरकार के जिम्मेदारों के इस्तीफे की मांग की।
हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश ने तीखे शब्दों में सरकार को घेरा। उन्होंने कहा राज्य सरकार की नाकामी का नतीजा है पेपर लीक। भाजपा सरकार युवाओं के भविष्य को खुलेआम बेचने पर उतारू है।
उन्होंने पुलिस प्रशासन पर भी नाराजगी जताई और कहा जितनी तत्परता आज पुलिस ने पुतला दहन रोकने में दिखाई, अगर उतनी जिला पंचायत चुनाव के दौरान दिखाई होती तो लोकतंत्र की हत्या की कोशिशें नाकाम हो जातीं और देवभूमि शर्मसार होने से बच जाती।
महानगर अध्यक्ष गोविंद सिंह बिष्ट ने कहा पेपर लीक भाजपा सरकार की पूर्ण विफलता का परिणाम है। युवाओं के साथ यह धोखा है। कांग्रेस लोकतंत्र को बचाने और युवाओं को उनका हक दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है। जिलाध्यक्ष राहुल छिमवाल ने कहा सरकार लाख कोशिश कर ले, लेकिन कांग्रेस बेरोजगार युवाओं की लड़ाई पूरे जोश से लड़ेगी। भाजपा युवाओं के भविष्य से और ज्यादा खिलवाड़ नहीं कर सकती।
प्रदर्शन के दौरान सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने एक सुर में मांग की कि पेपर लीक मामले की जांच सीबीआई से कराई जाए यूकेएसएसएससी अध्यक्ष तत्काल इस्तीफा दें। राज्य सरकार जिम्मेदारी ले और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करे।
प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस ने बुद्ध पार्क को छावनी में तब्दील कर दिया।
कोतवाल राजेश यादव ने पुतला दहन को रोकने की कोशिश की, लेकिन आक्रोशित कार्यकर्ताओं के सामने पुलिस की चेतावनी बेअसर साबित हुई। हालांकि पुलिस द्वारा पुतला दहन की कार्यवाही रोकने के पीछे क्या कारण था, यह अधिकारिक रूप से स्पष्ट नहीं किया गया। न ही पुलिस ने प्रेस को इस संबंध में कोई ठोस स्पष्टीकरण दिया। पुतला दहन कार्यक्रम में दर्जनों कांग्रेस पदाधिकारी, पार्षद, युवा नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
प्रमुख रूप से हेमंत बगडवाल, एन.बी. गुणवंत, नरेश अग्रवाल, मधु सांगूड़ी, जया कर्नाटक, राधा आर्य, कमला सनवाल, सुहैल सिद्दीकी, मलय बिष्ट, हेमन्त साहू, लाल सिंह पवार, मोना शर्मा, धर्मवीर, शरीफ अहमद, गोविंद बगडवाल, नवीन सांगूड़ी, संदीप जोशी, कैलाश साह, राजेंद्र बिष्ट, गुरप्रीत प्रिंस, सुमित भट्ट, इंद्र पाल आर्य, महेशानंद, रेनू तोमर, मंजू दानु, अमित रावत, इंजीनियर सुमित आदि मौजूद रहे।

