उत्तरकाशी

गंगोत्री हाईवे बंद, यमुनोत्री मार्ग 16वें दिन भी ठप

खौफनाक वीडियो आया सामने,मौसम विभाग का अलर्ट, राहत के आसार नहीं

जनपद में लगातार हो रही भारी बारिश और भूस्खलन से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। गंगोत्री और यमुनोत्री हाईवे पर जगह-जगह भूस्खलन के चलते मार्गों के बंद और खुलने का सिलसिला जारी है। सोमवार को नगालूपानी के पास अचानक पहाड़ी का बड़ा हिस्सा टूटकर सड़क पर आ गिरा, जिससे गंगोत्री हाईवे पूरी तरह बंद हो गया।
हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गई हैं। तीर्थयात्रियों सहित आम लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि बीआरओ (सीमा सड़क संगठन) की मशीनें मौके पर पहुंच चुकी हैं और मार्ग को खोलने का कार्य युद्धस्तर पर जारी है।
सोमवार शाम करीब चार बजे नालूपानी के पास हुए इस भूस्खलन का एक डरावना वीडियो भी सामने आया है, जिसमें पहाड़ का विशाल हिस्सा भरभराकर गिरता दिख रहा है। इस दौरान बड़ी संख्या में वाहन दोनों ओर फंस गए।
दूसरी ओर, यमुनोत्री हाईवे पर जंगलचट्टी और नारदचट्टी के पास मार्ग लगातार 16वें दिन भी बंद है। यहां भूधंसाव की वजह से मार्ग खोलने में लगातार बाधाएं आ रही हैं। एनएच विभाग की मशीनें मौके पर मौजूद हैं, लेकिन लगातार हो रहे भूधंसाव के कारण कार्य में प्रगति नहीं हो पा रही है।
इस मार्ग के बंद होने से यमुनोत्री धाम सहित आसपास के पांच गांवों की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। प्रशासन की ओर से इन गांवों में रसद सामग्री भेजी जा रही है, वहीं हाईवे को खोलने की कोशिशें भी लगातार की जा रही हैं।
देहरादून, टिहरी गढ़वाल, हरिद्वार, पौड़ी गढ़वाल, उत्तरकाशी सहित कई जिलों में अगले कुछ दिनों तक भारी बारिश की संभावना जताई गई है। सहस्त्रधारा, प्रतापनगर, घनसाली, कोटद्वार, मोहनचट्टी, ऋषिकेश, देवप्रयाग और धनोल्टी समेत आसपास के इलाकों में मध्यम से तेज बारिश के साथ गरज और बिजली गिरने की चेतावनी दी गई है।
मौसम विभाग ने 11 सितंबर तक के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। 9, 10 और 11 सितंबर को भी राज्यभर में तेज से अति तेज बारिश की संभावना बनी हुई है।
प्रशासन ने तीर्थयात्रियों और पर्यटकों से अपील की है कि वे यात्रा पर निकलने से पहले मौसम और मार्ग की जानकारी अवश्य लें। खासकर गंगोत्री और यमुनोत्री की यात्रा कर रहे लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है।

Show More

Related Articles