नई टिहरी

टिहरी झील में अंतरराष्ट्रीय खेलों का भव्य समापन

मुख्यमंत्री धामी ने खिलाड़ियों से किया संवाद

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को टिहरी झील में आयोजित इंटरनेशनल प्रेसिडेंट कप-2025 और चतुर्थ टिहरी वाटर स्पोर्ट्स कप-2025 के भव्य समापन समारोह में प्रतिभाग किया। मुख्यमंत्री ने भारत और 22 देशों से आए 300 से अधिक खिलाड़ियों से संवाद कर उनके उत्साह और उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस आयोजन ने टिहरी झील को अंतरराष्ट्रीय साहसिक खेलों के मानचित्र पर स्थापित किया है।
समारोह में मुख्यमंत्री ने सभी प्रतिभागियों, आयोजकों और खेल प्रेमियों का स्वागत किया और टीएचडीसी, एशियन कायकिंग एंड कैनोइंग एसोसिएशन तथा उत्तराखंड ओलंपिक एसोसिएशन सहित सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि टिहरी झील अब केवल ऊर्जा उत्पादन या जल प्रबंधन का केंद्र नहीं रह गई है, बल्कि पर्यटन, साहसिक खेल और स्थानीय आजीविका के लिए नया अवसर बन चुकी है।
धामी ने खेलों के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि यह युवाओं के शारीरिक, मानसिक और नैतिक विकास के लिए आवश्यक हैं। उन्होंने खेलो इंडिया और फिट इंडिया जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से देश में खेल संस्कृति को सुदृढ़ बनाने के प्रयासों का उल्लेख किया। मुख्यमंत्री ने बताया कि हाल के वर्षों में भारत ने ओलंपिक और एशियाई खेलों में अभूतपूर्व सफलता प्राप्त की है और 2030 में अहमदाबाद में कॉमनवेल्थ गेम्स की मेजबानी करेगा।
मुख्यमंत्री ने 38वें राष्ट्रीय खेलों में उत्तराखंड की सफलता का भी उल्लेख किया, जिसमें राज्य ने 103 पदक जीतकर 7वाँ स्थान प्राप्त किया। उन्होंने घोषणा की कि राज्य में शीघ्र स्पोर्ट्स लेगेसी प्लान लागू किया जाएगा, जिसके तहत आठ प्रमुख शहरों में 23 खेल अकादमियाँ स्थापित होंगी, जिनमें हर वर्ष 920 अंतरराष्ट्रीय एथलीट और 1000 अन्य खिलाड़ियों को प्रशिक्षण मिलेगा। साथ ही हल्द्वानी में खेल विश्वविद्यालय और लोहाघाट में महिला स्पोर्ट्स कॉलेज की स्थापना भी की जा रही है।
धामी ने नई खेल नीति के तहत खिलाड़ियों के लिए सरकारी नौकरियों, निःशुल्क प्रशिक्षण, छात्रवृत्तियाँ और खेल प्रोत्साहन योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने विजयी खिलाड़ियों को बधाई दी और खेल भावना को हार-जीत से अधिक महत्वपूर्ण बताया। मुख्यमंत्री ने युवा खिलाड़ियों को प्रेरित किया कि वे निरंतर मेहनत करते रहें और राज्य तथा केंद्र सरकार उन्हें हर संभव सहयोग प्रदान करती रहेगी।
समारोह में कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, विधायक किशोर उपाध्याय, जिलाधिकारी, टीएचडीसी के सीएमडी सीपन गर्ग, देश-विदेश से आए खिलाड़ी और स्थानीय जनता उपस्थित रही।

Show More