नैनीताल

ललित मोहन रयाल ने नैनीताल के नव नियुक्त जिलाधिकारी के रूप में संभाला कार्यभार

विकास योजनाओं को धरातल पर उतारना और पारदर्शिता रहेगी प्राथमिकता, लोअर माल रोड निर्माण पर विशेष जोर

सरोवर नगरी नैनीताल को नया जिलाधिकारी मिल गया है। ललित मोहन रयाल ने सोमवार को जिला अधिकारी कार्यालय पहुंचकर औपचारिक रूप से कार्यभार ग्रहण किया। कार्यभार संभालने के बाद उन्होंने स्पष्ट किया कि उनकी प्राथमिकता सरकार की विकास योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने की रहेगी।
नव नियुक्त जिलाधिकारी रयाल ने कहा कि जिले में चल रहे विकास कार्यों को गति दी जाएगी और उन्हें निर्धारित समयसीमा के भीतर पारदर्शिता के साथ पूरा कराया जाएगा। उन्होंने खास तौर पर लोअर माल रोड के निर्माण कार्य का जिक्र करते हुए कहा कि इसे आगामी पर्यटक सीजन से पहले हर हाल में पूरा किया जाए, ताकि पर्यटकों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।
ललित मोहन रयाल एक कर्मठ व ईमानदार अधिकारी माने जाते हैं। इससे पहले वे नैनीताल में एडीएम व सीडीओ, उत्तरकाशी में सीडीओ, कुमाऊं में आरएफसी, उत्तराखंड के
गन्ना आयुक्त, मुख्यमंत्री के अपर सचिव, कार्मिक सचिव तथा मुख्य सचिव के स्टाफ ऑफिसर जैसे अहम पदों पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं। उनके व्यापक प्रशासनिक अनुभव को देखते हुए जिले में कार्यक्षमता और जवाबदेही की उम्मीदें और मजबूत हुई हैं।
कार्यभार ग्रहण करने के अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी अनामिका, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) विवेक कुमार, अपर जिलाधिकारी (राजस्व) शैलेन्द्र सिंह नेगी, जिला विकास प्राधिकरण के सचिव विजय नाथ शुक्ल, उप जिलाधिकारी प्रमोद कुमार, परितोष वर्मा, रेखा कोहली, राहुल वर्मा, बीसी पंत, नवाजिश खलिक, मुख्य कोषाधिकारी कमलेश भंडारी सहित कई अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
सभी ने नए जिलाधिकारी का भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया और उनके साथ समन्वयपूर्वक कार्य करने का संकल्प लिया।
नैनीतालवासियों को उम्मीद है कि ललित मोहन रयाल के नेतृत्व में जिले के विकास कार्यों को नई दिशा और गति मिलेगी।

Show More

Related Articles