हल्द्वानी पहुँचीं महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू
राजभवन नैनीताल के 125 वर्ष समारोह में होंगी शामिल

सरोवर नगरी नैनीताल से दूर हल्द्वानी में सोमवार को महामहिम राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू का गर्मजोशी से स्वागत और अभिनंदन किया गया। उनके आगमन पर हल्द्वानी का माहौल सम्मान और उत्साह से भर उठा।
राष्ट्रपति के स्वागत के लिए राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेनि) गुरमीत सिंह, कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, महापौर गजराज सिंह बिष्ट, कुमाऊँ आयुक्त दीपक रावत, एडीजी कानून एवं व्यवस्था वी. मुरुगेशन, आईजी कुमाऊँ ऋद्धिम अग्रवाल, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी., और एसएसपी अल्मोड़ा देवेंद्र पींचा सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
अधिकारियों ने महामहिम का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। इसके बाद राष्ट्रपति राजभवन, नैनीताल की स्थापना के 125 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित समारोह में प्रतिभाग करने हेतु राजभवन, नैनीताल के लिए रवाना हुईं।
महामहिम का यह दौरा उत्तराखंड के लिए गर्व और प्रेरणा का प्रतीक माना जा रहा है, वहीं प्रशासन ने उनके प्रवास को लेकर सुरक्षा और स्वागत की विशेष तैयारियाँ की हैं।



