पिथौरागढ़

 पिथौरागढ में की मंत्री गणेश जोशी ने पूर्व सैनिकों से मुलाकात

हल्द्वानी में शहीद आश्रितों के लिए हॉस्टल और सैनिक मिलन केंद्र की घोषणा

कृषि, ग्राम्य एवं सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने कुमाऊं भ्रमण के दौरान आज पिथौरागढ़ में पूर्व सैनिक संगठन के सदस्यों से मुलाकात की और उनके कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सैनिकों और उनके परिवारों के कल्याण के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है।
मंत्री जोशी ने हल्द्वानी में शहीदों के आश्रितों और उनके बच्चों के लिए हॉस्टल निर्माण की घोषणा की, जिसका नाम जनरल बिपिन चंद्र जोशी के नाम पर रखा जाएगा। साथ ही जिले के पूर्व सैनिकों के लिए एक मिलन केंद्र स्थापित करने की भी घोषणा की गई, जिससे उन्हें संवाद और सहयोग का मंच मिलेगा।
इसके बाद मंत्री ने पिथौरागढ़ स्थित जनरल बी.सी. जोशी आर्मी पब्लिक स्कूल में जाकर स्वर्गीय जनरल बी.सी. जोशी की प्रतिमा पर पुष्पचक्र अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि जनरल बी.सी. जोशी भारतीय सेना में अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और नेतृत्व का प्रतीक रहे हैं और उनका जीवन युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत है।
मंत्री जोशी ने डीडीहाट स्थित जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास कार्यालय का निरीक्षण कर योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली। अधिकारियों ने बताया कि नए कार्यालय भवन के निर्माण हेतु 744.08 लाख रुपये का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है और अब तक 172 पेंशन मामलों का निस्तारण किया जा चुका है। मंत्री ने योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिए।
डीडीहाट में भाजपा जिलाध्यक्ष गिरीश जोशी एवं कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। अपने पैतृक गांव छनपट्टा में मंत्री ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनकर कई मामलों का मौके पर निस्तारण किया और शेष मामलों के शीघ्र समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने किसानों को खाद और दवाइयां समय पर उपलब्ध कराने, सचल दल केंद्रों में संसाधन उपलब्ध रखने और आपदा से क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत के लिए अधिकारियों को निर्देश भी दिए।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष गिरीश जोशी, जिला पंचायत अध्यक्ष जितेंद्र प्रसाद, जिला पंचायत सदस्य कमला जुयाल, से.नि. कर्नल करम सिंह बिष्ट, एसडीएम मंजीत सिंह और अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

 मंत्री गणेश जोशी ने गुरना माता के दर्शन कर लिया आशीर्वाद

पिथौरागढ़। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने आज पिथौरागढ़ में स्थित गुरना माता मंदिर में दर्शन कर माँ का आशीर्वाद लिया। इस दौरान मंत्री ने मंदिर में पूजा अर्चना कर समस्त प्रदेशवासियों के सुख-समृद्धि और आरोग्य जीवन की कामना की।
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष गिरीश जोशी सहित अन्य पार्टी पदाधिकारीगण भी उपस्थित रहे।

Show More