मुख्यमंत्री ने बैकुंठ चतुर्दशी मेले का किया वर्चुअल शुभारंभ
श्रीनगर के विकास कार्यों की दी जानकारी
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को श्रीनगर (गढ़वाल) में आयोजित बैकुंठ चतुर्दशी मेले के शुभारंभ अवसर पर जनता को वर्चुअल माध्यम से संबोधित किया। उन्होंने मेले के सफल आयोजन की शुभकामनाएं देते हुए इसे आस्था और सांस्कृतिक लोक परंपराओं का प्रतीक बताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रीनगर में स्थित माँ धारी देवी और भगवान कमलेश्वर महादेव के पौराणिक मंदिर सम्पूर्ण उत्तराखंड की अनमोल धरोहर हैं। बैकुंठ चतुर्दशी का मेला हमें अपनी संस्कृति और जड़ों से जोड़ने का कार्य करता है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राज्य सरकार प्रदेश के सर्वांगीण विकास की दिशा में तेजी से कार्य कर रही है। शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, सड़क और कनेक्टिविटी के साथ-साथ धार्मिक व सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने बताया कि केदारनाथ और बद्रीनाथ धाम में मास्टर प्लान के तहत पुनर्निर्माण कार्य जारी हैं, जबकि ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल लाइन का कार्य भी तेजी से प्रगति पर है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस रेल लाइन के पूर्ण होने पर श्रीनगर समेत पूरे गढ़वाल क्षेत्र को रेल कनेक्टिविटी का बड़ा लाभ मिलेगा। श्रीनगर में राज्य सरकार द्वारा 4 करोड़ 88 लाख रुपये की लागत से रोडवेज बस स्टेशन और पार्किंग का निर्माण कराया गया है। अलकनंदा नदी के किनारे गंगा संस्कृति केंद्र, श्रीनगर नगर पालिका का नगर निगम में रूपांतरण, और 37 करोड़ रुपये की लागत से मढ़ी–चौरास–जाखड़ी पंपिंग पेयजल योजना का कार्य जारी है।
उन्होंने बताया कि सरकार श्रीनगर के बेलकेदार–बेलकंडी मार्ग से लगे क्षेत्र में नई टाउनशिप स्थापित करने की योजना पर कार्य कर रही है। इसके साथ ही नगर निगम क्षेत्र के सभी मोहल्लों तक सीवरेज लाइन पहुंचाने, ट्राइडेंट पार्क निर्माण, पुराने कलेक्ट्रेट भवन को हैरिटेज भवन के रूप में विकसित करने, धारी देवी मंदिर पैदल मार्ग निर्माण और गोला पार्क सौंदर्यीकरण जैसे कार्य भी प्रगति पर हैं।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि श्रीनगर न केवल धार्मिक और ऐतिहासिक दृष्टि से, बल्कि शैक्षणिक दृष्टि से भी प्रदेश का उभरता केंद्र बन रहा है। इस क्षेत्र में पैरामेडिकल और नर्सिंग कॉलेज की स्थापना की जा रही है, जिसका भूमि अधिग्रहण कार्य अंतिम चरण में है। साथ ही बेस अस्पताल श्रीनगर में 25 करोड़ रुपये की लागत से क्रिटिकल केयर ब्लॉक का निर्माण किया जा रहा है, जिससे पौड़ी, चमोली, टिहरी और रुद्रप्रयाग जिलों के मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी।
कार्यक्रम के अवसर पर मेयर श्रीमती आरती भंडारी, जिलाधिकारी श्रीमती स्वाति भदौरिया समेत बड़ी संख्या में गणमान्य व्यक्ति और श्रद्धालु उपस्थित रहे।



