जर्जर सड़कों को दुरुस्त करने के लिए हुई समीक्षा बैठक
अधिकारियों को दिए त्वरित कार्य के निर्देश

नगर क्षेत्र की जर्जर सड़कों, मार्गों और जलभराव की समस्या को लेकर मंगलवार को विकास भवन, भीमताल में एक अहम समीक्षा बैठक आयोजित की गई। मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) अनामिका सिंह के दिशानिर्देशों पर बैठक की अध्यक्षता जिला विकास अधिकारी (डीडीओ) गोपाल गिरी गोस्वामी ने की। बैठक में लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी), नगर पालिका, सिडकुल, ब्लॉक प्रशासन, सामाजिक कार्यकर्ता और नगर के प्रबुद्ध नागरिक उपस्थित रहे।
बरसात के कारण नगर के 9 वार्डों, पर्यटन स्थलों की सड़कों और सिडकुल क्षेत्र में जगह-जगह गड्ढे, जलभराव और कीचड़ की समस्या से आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बैठक में सामाजिक कार्यकर्ता पूरन चंद्र बृजवासी ने इस मुद्दे को गंभीरता से उठाते हुए सड़कों की तकनीकी जांच, ड्रेनेज मरम्मत और पर्यटन मार्गों के डामरीकरण की मांग की।
पीडब्ल्यूडी ने बताया कि नौकुचियाताल मार्ग, ब्लॉक रोड पर डामरीकरण, जल निकासी, गड्ढों की मरम्मत, इंटरलॉकिंग टाइल्स, और ड्रेनेज सिस्टम के निर्माण प्रस्ताव शासन को भेजे जा चुके हैं।
गोरखपुर-विनायक बाईपास मार्ग पर कार्य के लिए धन आवंटन के बाद कार्यवाही शुरू की जाएगी।
सिडकुल अधिकारियों ने बताया कि भारी बारिश के कारण निर्माण कार्य बाधित हुआ है, लेकिन सभी प्रस्तावित सड़कों की मरम्मत जल्द शुरू की जाएगी।
नगर पालिका ने आश्वासन दिया कि टेंडर हुए कार्यों को जल्द शुरू किया जाएगा और रुके हुए कार्यों के लिए नए टेंडर निकाले जाएंगे।
बैठक में बताया गया कि नौल-बिजरौली आईटीआई सीसी मार्ग के नवीनीकरण का कार्य दो चरणों में किया जाएगा। वहीं वार्ड 2 के सांगुड़ी मार्ग पर बने गड्ढों की मरम्मत की जिम्मेदारी पीडब्ल्यूडी को सौंपी गई है।
डीडीओ गोस्वामी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जनहित में सभी सड़कों की मरम्मत और निर्माण कार्यों में देरी न हो। लंबित कार्यों को शीघ्र पूरा किया जाए और जनता को राहत पहुंचाने के लिए विभागीय समन्वय से काम किया जाए।
बैठक में सामाजिक कार्यकर्ता पूरन चंद्र बृजवासी, राज्य आंदोलनकारी बी.डी. पलड़िया, अधिशासी अभियंता (पीडब्ल्यूडी) कृष्ण कुमार, अधिशासी अधिकारी (नगर पालिका) राहुल कुमार, के.के. पाठक, महेंद्र सिंह धौनी, मोनू कुमार नौटियाल, देव पलड़िया और खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) हर्षित गर्ग शामिल रहे।