रुद्रपुर

रुद्रपुर में आयोजित बैठक में पलायन, बेरोजगारी व शिक्षा-स्वास्थ्य पर हुई गंभीर चर्चा

समाजसेवी दीपक चिराया ने ने थामा यूकेडी का हाथ

उत्तराखंड क्रांति दल (उक्रांद) की एक महत्वपूर्ण बैठक सोमवार को रुद्रपुर की मालिक कॉलोनी में संपन्न हुई। बैठक में राज्य के अहम मुद्दों पर चिंतन-मनन के साथ ही संगठनात्मक विस्तार को लेकर रणनीति तय की गई। इसी दौरान रुद्रपुर के प्रमुख समाजसेवी दीपक चिराया ने उत्तराखंड क्रांति दल की प्राथमिक सदस्यता ग्रहण की, जिससे स्थानीय राजनीति में नई हलचल देखने को मिल रही है।
बैठक में केंद्रीय महामंत्री सुशील उनियाल, केंद्रीय संगठन मंत्री भवन बिष्ट, वरिष्ठ नेता हरीश पाठक, प्रमोद सती सहित कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
बैठक के दौरान वक्ताओं ने उत्तराखंड के ज्वलंत मुद्दों पलायन, बढ़ती बेरोजगारी, शिक्षा और स्वास्थ्य की बदहाल व्यवस्था पर गंभीर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की परिकल्पना तभी सार्थक होगी जब नीतियां जनता की आकांक्षाओं के अनुरूप बनें और लागू हों।
सदस्यता ग्रहण करते हुए दीपक चिराया ने कहा कि वे उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलन की मूल भावना के अनुरूप कार्य करते रहेंगे और आम जनता की समस्याओं को अपनी प्राथमिकता बनाएंगे। उन्होंने उक्रांद के उद्देश्यों को जन-जन तक पहुंचाने का भी संकल्प लिया।
बैठक में निर्णय लिया गया कि रुद्रपुर में शीघ्र ही एक बड़ा सम्मेलन आयोजित किया जाएगा, जिसमें क्षेत्रीय मुद्दों पर मंथन होगा। इसके साथ ही 14-15 अक्टूबर 2025 को रामनगर में उक्रांद का प्रदेश स्तरीय सम्मेलन आयोजित किया जाएगा, जिसमें पूरे राज्य से कार्यकर्ता और पदाधिकारी भाग लेंगे और संगठन की नई रणनीति तय की जाएगी।
केंद्रीय महामंत्री सुशील उनियाल ने कहा कि उधमसिंह नगर जिले में उक्रांद अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कर रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि 2027 के चुनावों में उत्तराखंड क्रांति दल जनता को एक सशक्त विकल्प देगा और राज्य की राजनीति में एक बार फिर निर्णायक भूमिका निभाएगा।
दीपक चिराया के दल में शामिल होने से उधमसिंह नगर में उक्रांद को नया नेतृत्व और ऊर्जा मिली है, जिससे आने वाले दिनों में संगठन को नया विस्तार मिलने की संभावना है।

Show More