
श्रीनगर: उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि) के हेलीकॉप्टर में अचानक तकनीकी खराबी आने से हड़कंप मच गया। स्थिति को देखते हुए पायलट ने सूझबूझ दिखाते हुए हेलीकॉप्टर को इमरजेंसी के तौर पर पौड़ी गढ़वाल जिले के श्रीनगर स्थित जीवीके हेलीपैड पर उतार दिया। राज्यपाल टिहरी गढ़वाल से गैरसैंण के लिए जा रहे थे। गैरसैंण में कल 9 मार्च से बजट सत्र आहूत है। जिसके तहत राज्यपाल गैरसैंण के लिए जा रहे थे।
जानकारी के अनुसार, उड़ान के दौरान हेलीकॉप्टर में कुछ तकनीकी खामियां सामने आईं, जिसके बाद एहतियात के तौर पर तुरंत नजदीकी सुरक्षित स्थान पर लैंडिंग का फैसला लिया गया। इसके तहत हेलीकॉप्टर को श्रीनगर के जीवीके हेलीपैड पर सुरक्षित उतारा गया।
हेलीकॉप्टर के उतरते ही मौके पर प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों में हलचल बढ़ गई। सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत राज्यपाल को तत्काल श्रीनगर स्थित पुलिस गेस्ट हाउस ले जाया गया, जहां वे फिलहाल सुरक्षित हैं। उधर, तकनीकी टीम हेलीकॉप्टर की जांच में जुट गई है और खराबी के कारणों का पता लगाया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि समय रहते इमरजेंसी लैंडिंग कर ली गई, जिससे किसी तरह की अनहोनी टल गई। फिलहाल राज्यपाल के आगे के कार्यक्रम को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है और तकनीकी जांच पूरी होने के बाद ही अगली उड़ान को लेकर निर्णय लिया जाएगा।



