अपराधदेहरादून

जांच के घेरे में बॉबी पंवार,महिला प्रोफेसर गिरफ्तार

उत्तराखंड यूकेएसएसएससी पेपर लीक कांड: युवाओं की सीबीआई जांच की मांग

उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूकेएसएसएससी) की स्नातक स्तरीय परीक्षा में पेपर लीक का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। जहां एक ओर हजारों युवा देहरादून की सड़कों पर उतरकर सीबीआई जांच की मांग कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर पुलिस की पांच टीमें इस गड़बड़ी की तह तक पहुंचने में जुटी हैं। मामले में अब तक एक महिला प्रोफेसर समेत कई आरोपियों को हिरासत में लिया गया है।
डीजीपी दीपम सेठ और गृह सचिव शैलेश बगौली ने संयुक्त बयान जारी कर बताया कि देहरादून, हरिद्वार और साइबर सेल की टीमें इस मामले की गंभीरता से जांच कर रही हैं। डीजीपी ने कहा कि पूरे घटनाक्रम पर पुलिस मुख्यालय की कड़ी नजर बनी हुई है।
एसआईटी की पूछताछ में महिला प्रोफेसर ने माना कि उसे खालिद नाम के एक व्यक्ति ने प्रश्न पत्र भेजा था और उनसे उत्तर पूछे थे। इस पर उन्होंने उत्तर भेजे और बाद में वह प्रश्न पत्र बॉबी पंवार को भी साझा किया। पूछताछ में प्रोफेसर ने यह भी बताया कि उन्होंने पुलिस को सूचना देने की बात कही थी, लेकिन बॉबी पंवार ने मना कर दिया।
पेपर लीक कांड में एसआईटी ने अभ्यर्थी खालिद मलिक की बहन सबिया को पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। उसे कोर्ट में पेश करने की तैयारी की जा रही है।
उत्तराखंड स्वाभिमान मोर्चा के अध्यक्ष बॉबी पंवार भी अब जांच के दायरे में आ गए हैं। रायपुर थाने में उनके खिलाफ अनुचित साधन निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।
बता दें कि 21 सितंबर को हुई स्नातक स्तरीय भर्ती परीक्षा के कुछ ही देर बाद सोशल मीडिया पर प्रश्न पत्र के स्क्रीनशॉट वायरल हो गए थे। इसके बाद उत्तराखंड बेरोजगार संघ ने आयोग और सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। आयोग ने तत्काल देहरादून एसएसपी अजय सिंह को प्रार्थना पत्र सौंपा और एसआईटी गठित की गई।
यूकेएसएसएससी के अध्यक्ष जीएस मर्तोलिया ने भी सवाल उठाए कि परीक्षा केंद्रों पर जैमर लगे होने के बावजूद प्रश्न पत्र कैसे बाहर गया? उन्होंने कहा कि पूरा पेपर नहीं, बल्कि केवल तीन पन्ने बाहर आए हैं, फिर भी ये गंभीर मामला है।

युवाओं का हल्ला बोल, सीबीआई जांच की मांग

वहीं राजधानी देहरादून की सड़कों पर युवा प्रदर्शनकारी डटे हुए हैं। वे इस पूरे प्रकरण की सीबीआई जांच की मांग कर रहे हैं और सरकार पर निष्पक्षता को लेकर सवाल उठा रहे हैं।

Show More

Related Articles