उपनल कर्मचारियों का 10 नवम्बर से आंदोलन का ऐलान
महासंघ ने विभागों में की गेट मीटिंग, कर्मचारियों ने दिखाई एकजुटता

उपनल कर्मचारी महासंघ ने आगामी 10 नवम्बर से अनिश्चितकालीन आंदोलन शुरू करने की घोषणा की है। आंदोलन की तैयारी के तहत महासंघ के पदाधिकारियों ने विभिन्न विभागों में जाकर कर्मचारियों के साथ गेट मीटिंग आयोजित की, जिसमें कर्मचारियों ने आंदोलन के लिए अपनी सहमति जताई।
शुक्रवार को महासंघ के पदाधिकारी कृषि निदेशालय, बाल विकास, विज्ञान धाम, वन विभाग, राजकीय अस्पताल विकासनगर और महाविद्यालय डाकपत्थर पहुंचे, जहां कर्मचारियों से संवाद कर आंदोलन की रूपरेखा साझा की गई।
उपनल कर्मचारियों की प्रमुख मांग नियमितीकरण को लेकर है। वर्ष 2018 में उत्तराखंड हाईकोर्ट ने उपनल कर्मियों के नियमितीकरण के आदेश दिए थे, लेकिन सरकार ने इस फैसले के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में एसएलपी दायर की थी, जिसे सर्वोच्च न्यायालय ने खारिज कर दिया। इसके बावजूद सरकार द्वारा कार्रवाई न किए जाने से कर्मचारियों में रोष व्याप्त है।
महासंघ ने स्पष्ट किया कि यदि सरकार ने जल्द निर्णय नहीं लिया, तो 10 नवम्बर से प्रदेशभर में आर-पार का आंदोलन शुरू किया जाएगा।
गेट मीटिंग के दौरान महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष विनोद गोदियाल, प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष महेश भट्ट, प्रदेश महामंत्री विनय प्रसाद, महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष मीना रौथान, प्रदेश मीडिया प्रभारी प्रदीप सिंह चौहान, देहरादून जिला अध्यक्ष गणेश गोदियाल, जिला कार्यकारी अध्यक्ष अजय देव, जिला महामंत्री रमेश डोभाल, तथा आयुर्वेदिक विश्वविद्यालय विभाग अध्यक्ष सागर ध्यानी उपस्थित रहे।



