डीएम ने सुनी जनता की समस्याएं, अधिकतर समस्याओं का किया मौके पर निस्तारण
विकासखंड डोईवाला के इठारना में बहुउद्देशीय शिविर

विकासखंड डोईवाला के दूरस्थ ग्राम इठारना में आज शासन की योजनाओं और सेवाओं को ग्रामीणों तक पहुँचाने के उद्देश्य से बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी सविन बंसल की अध्यक्षता में आयोजित इस शिविर में ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं सामने रखीं और अधिकांश शिकायतों का मौके पर ही समाधान किया गया।
जिलाधिकारी ने कहा कि दूरस्थ क्षेत्र के अंतिम छोर में निवासरत प्रत्येक बुजुर्ग, महिला, बच्चा सरकार और जिला प्रशासन के लिए प्रथम व्यक्ति हैं, जिन्हें शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी आवेदन और शिकायतें समयबद्ध निस्तारित की जाएँ।
शिविर में 35 से अधिक विभागों ने स्टॉल लगाए और लाभार्थियों से मौके पर ही विभिन्न योजनाओं के आवेदन भरवाए। ग्राम पंचायत रानीपोखरी के लिए कूड़ा निस्तारण वाहन तत्काल स्वीकृत किया गया, वहीं मृत पशु के शव निस्तारण हेतु भूमि चिन्हित करने का निर्देश राजस्व विभाग को दिया गया। ग्राम पंचायत गदुल में आधार एवं श्रम कार्ड बनाने के लिए विशेष कैंप लगाने के निर्देश दिए गए।
शिविर में उपलब्ध सेवाओं की संख्या बड़ी थी 50 आधार कार्ड, 64 छात्र-छात्राओं की रोजगार हेतु काउंसलिंग, 2 जन्म और मृत्यु प्रमाण पत्र, 2 दिव्यांग प्रमाण पत्र, 33 आयुष्मान कार्ड, 180 से अधिक लोगों की स्वास्थ्य जांच, 11 नई गैस कनेक्शन आवेदन, 6 राशन कार्ड आवेदन, 10 किशोरी किट, 3 लाभार्थियों को कृषि उपकरण के रूप में 1.65 लाख रुपये का अनुदान, 3 लाभार्थियों को मौके पर पेंशन, 46 वृद्ध जनों को 132 सहायक उपकरण, 30 लाभार्थियों को पशु औषधि वितरित की गई। उद्यान विभाग द्वारा 12 लाभार्थियों को 50 प्रतिशत अनुदान भी प्रदान किया गया।
स्वास्थ्य विभाग ने 102 सामान्य ओपीडी, 15 गायनी ओपीडी, 30 से अधिक रक्त जांच, 16 टीवी जांच और 2 एक्स-रे कराए। शिक्षा, कृषि, रोजगार, महिला सशक्तिकरण, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति, समाज कल्याण, जल संस्थान, पंचायतीराज सहित अन्य विभागों ने भी ग्रामीणों को सेवाएं उपलब्ध कराईं।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिविरों में अधिकतम समस्याओं का समाधान मौके पर ही किया जाए और शेष मामलों में कोई देरी न हो। ग्रामवासियों ने इस प्रकार के शिविरों को अत्यंत उपयोगी बताते हुए जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, उप जिलाधिकारी ऋषिकेश योगेश मेहर, निदेशक ग्रामीण विकास अभिकरण विक्रम सिंह, मुख्य शिक्षा अधिकारी विनोद कुमार ढोंडियाल, मुख्य कृषि अधिकारी देवेंद्र सिंह, सहायक निदेशक/भूमि संरक्षण अधिकारी अशोक गिरी, सीडीपीओ जितेंद्र कुमार सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।



