मुख्यमंत्री चैंपियंस ट्रॉफी: विजेताओं को 5 लाख रुपये पुरस्कार
मुख्यमंत्री चैंपियंस ट्रॉफी 2025-26 के नाम से खेल महाकुंभ 23 दिसंबर से शुरू, 5 लाख रुपये की पुरस्कार राशि

देहरादून। इस वर्ष खेल महाकुंभ नए प्रारूप में मुख्यमंत्री चैंपियंस ट्रॉफी 2025-26 के नाम से आयोजित किया जाएगा और इसकी शुरुआत 23 दिसंबर से होगी। गुरुवार को सचिवालय में आयोजित प्रेसवार्ता में खेल मंत्री रेखा आर्या ने इसकी जानकारी दी।
खेल मंत्री ने बताया कि प्रतियोगिता न्याय पंचायत, विधानसभा, संसदीय क्षेत्र और राज्य स्तरीय चार चरणों में आयोजित होगी। इस दौरान कुल 26 खेल स्पर्धाएं आयोजित की जाएंगी, जिनमें इस बार परंपरागत खेलों को भी शामिल किया गया है। प्रतियोगिता का समापन 28 जनवरी को होगा, जब विजेता को मुख्यमंत्री चैंपियंस ट्रॉफी और ₹5 लाख की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। विजेता का निर्णय उनके द्वारा जीते गए मेडल पर आधारित अंकों के योग से किया जाएगा।
साथ ही सांसद ट्रॉफी जीतने वाली टीम को ₹2 लाख और विधानसभा ट्रॉफी जीतने वाली टीम को ₹1 लाख की नगद राशि प्रदान की जाएगी। खेल मंत्री ने यह भी बताया कि नेशनल रिकॉर्ड तोड़ने वाले खिलाड़ी को ₹1 लाख अतिरिक्त इनाम दिया जाएगा।
रेजिस्ट्रेशन प्रक्रिया 14 अक्टूबर से शुरू हो चुकी है और अब तक 1 लाख 10 हजार से अधिक खिलाड़ी पंजीकृत हो चुके हैं। रजिस्ट्रेशन ऑनलाइन 22 दिसंबर तक जारी रहेंगे।
प्रदेश के दिव्यांग खिलाड़ियों के लिए एथलेटिक्स, बैडमिंटन और तैराकी की अलग प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इस श्रेणी के लिए भी रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
गुरुवार को खेल मंत्री ने सचिवालय स्थित एनआईसी कार्यालय में सभी जिलाधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग की। उन्होंने निर्देश दिए कि ट्रायल और खेलों में भाग लेने वाले प्रत्येक खिलाड़ी के पास जूते और ट्रैकसूट होना अनिवार्य है। इसके अलावा सर्दी से सुरक्षा, हर खेल स्थल पर स्वास्थ्य विभाग की टीम तैनात करने, आवश्यकता पड़ने पर खिलाड़ियों के ठहरने और भोजन की व्यवस्था सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए।
खेल महाकुंभ का यह नया स्वरूप खिलाड़ियों को बेहतर मंच प्रदान करेगा और राज्य में खेल गतिविधियों को और सुदृढ़ करने में मदद करेगा।


