नैनीताल में पर्यटन ने पकड़ी रफ्तार, दुल्हन की तरह सजी सरोवर नगरी, नए साल पर होटल पैक

नैनीताल: नए साल के जश्न और पर्यटकों के स्वागत के लिए सरोवर नगरी नैनीताल एक बार फिर पर्यटकों से गुलजार हो गई है। विंटर कार्निवल के बाद शहर में सैलानियों की आमद में जबरदस्त बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। पर्यटकों के स्वागत और नए साल के उत्सव को लेकर नैनीताल को दुल्हन की तरह सजाया गया है। मॉल रोड पर आकर्षक लाइटिंग की गई है। होटल एसोसिएशन की ओर से पर्यटकों के मनोरंजन के लिए डीजे की भी व्यवस्था की गई है।
साल के आखिरी वीकेंड पर नैनीताल में पर्यटकों की भारी भीड़ पर्यटन कारोबारियों के लिए राहत लेकर आई है। होटल एसोसिएशन अध्यक्ष दिग्विजय सिंह के अनुसार, शहर के अधिकांश होटल 70 से 80 प्रतिशत तक पैक हो चुके हैं। जबकि कई होटल, गेस्ट हाउस और होमस्टे पूरी तरह फुल हो गए हैं। बड़ी संख्या में पर्यटक पहले से एडवांस बुकिंग कराकर नैनीताल पहुंच रहे हैं।
पर्यटकों की आवाजाही से नैनी झील में नौकायन, मॉल रोड, स्नो व्यू, चिड़ियाघर समेत सभी प्रमुख पर्यटन स्थलों पर दिनभर रौनक बनी हुई है। पर्यटन से जुड़े लोगों का कहना है कि नए साल के जश्न के साथ आने वाले दिनों में पर्यटन कारोबार में और तेजी देखने को मिलेगी. पर्यटकों की बढ़ती संख्या के कारण नैनीताल शहर में कई स्थानों पर जाम की स्थिति भी बन रही है। यातायात दबाव को देखते हुए प्रशासन ने शहर के प्रवेश द्वारों पर बाहरी पर्यटक वाहनों को रोकते हुए शटल सेवा के माध्यम से पर्यटकों को शहर में प्रवेश कराया जा रहा है। वहीं प्रसिद्ध कैंची धाम में भी श्रद्धालुओं और पर्यटकों की संख्या लगातार बढ़ रही है, जिस कारण कैंची धाम मार्ग पर भी जाम की स्थिति बनी हुई है।
नए साल से पूर्व नैनीताल घूमने पहुंचे पर्यटकों का कहना है कि इन दिनों मैदानी क्षेत्रों में कड़ाके की ठंड और कोहरा पड़ने लगा है, जिससे मैदानी क्षेत्र में ठंड हो रही है तो वहीं पहाड़ी क्षेत्रों में धूप खिल रही है। मौसम बेहद सुहावना बना हुआ है। उन्हें नैनीताल आकर बहुत अच्छा लगा। उन्होंने शहर के विभिन्न पर्यटक स्थलों का दीदार किया ।



