विधायक कैड़ा ने कृषि मंत्री के समक्ष उठाए किसानों के बीमा मुद्दे

भीमताल विधायक राम सिंह कैड़ा ने देहरादून में कृषि एवं उद्यान मंत्री गणेश जोशी से मुलाकात कर भीमताल विधानसभा क्षेत्र के किसानों को आलू फसल बीमा की उचित राशि दिलाने की मांग की। उन्होंने कहा कि रामगढ़, धारी, भीमताल और ओखलकांडा ब्लॉक काश्तकार बहुल क्षेत्र हैं, जहां अधिकांश ग्रामीण केवल खेती पर निर्भर रहकर जीवनयापन करते हैं।
विधायक ने बताया कि किसानों ने आलू की फसल का बीमा कराया था और प्रति किसान लगभग 5 हजार रुपये प्रीमियम जमा किया गया, लेकिन इसके सापेक्ष किसानों को मात्र 1150 रुपये की बीमा राशि ही प्राप्त हुई, जो प्रीमियम राशि के बराबर भी नहीं है। इससे किसान बेहद परेशान हैं और उनके सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है।
राम सिंह कैड़ा ने आरोप लगाया कि बीमा कंपनी किसानों के साथ न्याय नहीं कर रही है तथा ताप मापक यंत्र भी सही स्थानों पर स्थापित नहीं किए गए हैं, जिसके कारण वास्तविक नुकसान का सही आकलन नहीं हो पा रहा है। उन्होंने मंत्री को अवगत कराया कि किसानों द्वारा जमा की गई प्रीमियम राशि के अनुपात में उन्हें उचित बीमा लाभ नहीं मिला है।
विधायक ने कृषि एवं उद्यान मंत्री से धारी, रामगढ़, भीमताल और ओखलकांडा क्षेत्र के किसानों को शीघ्र उचित बीमा राशि दिलाने की मांग की। इस पर मंत्री गणेश जोशी ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को तलब कर किसानों के हित में आवश्यक एवं उचित कार्रवाई करने के निर्देश दिए।