जिला चिकित्सालय में युद्धस्तर पर स्वास्थ्य सुधार
ब्लड बैंक और एसएनसीयू का विस्तार जनमानस के लिए बड़ी राहत

जिले की स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार की दिशा में जिला प्रशासन देहरादून ने ठोस कदम उठाए हैं। मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन एवं जिलाधिकारी सविन बंसल की सतत निगरानी के परिणामस्वरूप जिला चिकित्सालय कोरोनेशन में स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में अभूतपूर्व सुधार दर्ज किया गया है।
जिला चिकित्सालय में 142.91 लाख रुपये की लागत से आधुनिक ब्लड बैंक का निर्माण कार्य युद्धस्तर पर जारी है। जिलाधिकारी सविन बंसल द्वारा नियमित मॉनिटरिंग एवं उच्च स्तर पर समन्वय के कारण इस वित्तीय वर्ष में चिकित्सालय को अपना ब्लड बैंक मिल जाएगा। यह ब्लड बैंक मरीजों और तीमारदारों को रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करेगा, जिससे आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित उपचार संभव होगा।
जिला चिकित्सालय की स्पेशल न्यूबॉर्न केयर यूनिट (एसएनसीयू) की क्षमता अब दोगुनी कर दी गई है। 17.03 लाख रुपये की लागत से किए गए इस विस्तारीकरण में दो मदर वार्ड स्टाफ रूम और 24 घण्टे सीसीटीवी निगरानी की व्यवस्था की गई है।
एसएनसीयू की शुरूआत 12 नवम्बर 2024 को 6 बेड से हुई थी। प्रारम्भिक अवधि में 51 नवजातों का सफल उपचार हुआ और जनवरी 2025 से अब तक 440 से अधिक नवजातों को जीवनदायी उपचार प्रदान किया जा चुका है।
जिलाधिकारी द्वारा नवजातों को आवश्यकतानुसार उच्च स्तरीय जांच हेतु अन्य चिकित्सालयों तक ले जाने के लिए डेडिकेटेड वाहन की भी सुविधा उपलब्ध कराई गई है। ईको परीक्षण हेतु नवजातों को कोरोनेशन अस्पताल भेजा जाता है, जिससे समय पर विशेषज्ञ देखभाल सुनिश्चित हो सके।
ब्लड बैंक के अतिरिक्त जिला चिकित्सालय में ऑटोमेटेड पार्किंग और आधुनिक कैंटीन का निर्माण कार्य अंतिम चरण में है। मरीजों और तीमारदारों की सुविधा के लिए “रक्त गरुड़” इलेक्ट्रिक वाहन भी उपलब्ध कराया गया है, जो रक्त परिवहन को सुगम बनाएगा।
जिला प्रशासन की इस पहल से देहरादून में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती मिली है और मातृत्व एवं शिशु स्वास्थ्य क्षेत्र में जिले को सशक्त और आधुनिक स्वास्थ्य केंद्र के रूप में स्थापित किया गया है।



