देहरादून

गैरसैंण को मिला केन्द्रीय विद्यालय का तोहफा

केन्द्रीय शिक्षा मंत्री से मिले डॉ. धन सिंह रावत, सांसद अनिल बलूनी भी रहे मौजूद

पश्चिम बंगाल के दौरे से लौटते समय उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने गुरुवार को नई दिल्ली में केन्द्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान से शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी भी उनके साथ मौजूद रहे।
मुलाकात के दौरान डॉ. रावत और सांसद बलूनी ने राज्य की ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण में केन्द्रीय विद्यालय खोले जाने का प्रस्ताव केन्द्रीय शिक्षा मंत्री के समक्ष रखा। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार गैरसैंण में प्रशासनिक गतिविधियों का विस्तार कर रही है और आधारभूत संरचनाओं को लगातार सुदृढ़ किया जा रहा है।
दोनों नेताओं ने कहा कि गैरसैंण और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। केन्द्रीय विद्यालय की स्थापना से छात्रों को राष्ट्रीय स्तर के शिक्षण संस्थान में पढ़ने का अवसर मिलेगा, साथ ही इससे क्षेत्र में पलायन की समस्या पर भी प्रभावी रोक लगेगी। प्रस्ताव पर केन्द्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान ने सहमति प्रदान की।
बैठक के दौरान डॉ. रावत ने राज्य की शैक्षणिक व्यवस्थाओं को लेकर भी विस्तृत चर्चा की। उन्होंने नई शिक्षा नीति-2020 के तहत एससीईआरटी द्वारा तैयार राज्य पाठ्यचर्या, सकल नामांकन अनुपात (जीईआर), पीजीआई रैंकिंग में सुधार के प्रयास, पीएमश्री विद्यालयों की प्रगति और विद्या समीक्षा केन्द्र के संचालन से जुड़ी जानकारी साझा की। इसके अलावा एनआईटी श्रीनगर में स्थायी निदेशक की नियुक्ति और निर्माण कार्यों से जुड़े अहम विषयों पर भी चर्चा हुई।
डॉ. रावत ने केन्द्रीय शिक्षा मंत्री को हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल (केन्द्रीय) विश्वविद्यालय के आगामी दीक्षांत समारोह में शामिल होने का आमंत्रण दिया, जिसे उन्होंने सहर्ष स्वीकार किया।

भाजपा के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष से मिले डॉ. रावत, संगठन और चुनाव पर चर्चा

कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी के नवनियुक्त कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन से भी शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान राज्य से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई। साथ ही पश्चिम बंगाल में प्रस्तावित विधानसभा चुनावों को लेकर पार्टी की तैयारियों और चुनावी प्रबंधन पर भी विचार-विमर्श किया गया।

Show More

Related Articles