देहरादून

नरेंद्रनगर में मंत्री सुबोध उनियाल पर लोकतांत्रिक मर्यादाओं के उल्लंघन का आरोप, कांग्रेस ने की कार्रवाई की मांग

देहरादून। नरेंद्रनगर नगरपालिका चुनाव के दौरान कैबिनेट मंत्री एवं स्थानीय विधायक सुबोध उनियाल के आचरण को लेकर कांग्रेस ने गंभीर सवाल उठाए हैं। प्रदेश कांग्रेस की मुख्य प्रवक्ता गरिमा मेहरा दसौनी ने मंत्री पर लोकतांत्रिक मर्यादाओं और निर्वाचन नियमों के उल्लंघन का आरोप लगाते हुए उनके व्यवहार की कड़ी निंदा की है।
गरिमा मेहरा दसौनी ने जारी बयान में कहा कि मतदान के दौरान मंत्री सुबोध उनियाल का प्रोटोकॉल और निर्वाचन नियमों की अनदेखी करते हुए मतदान केंद्र के भीतर प्रवेश करना गंभीर विषय है। उन्होंने आरोप लगाया कि जब स्थानीय लोगों और मतदाताओं ने इस पर आपत्ति जताई तो मंत्री ने संयम और मर्यादा का परिचय देने के बजाय आक्रामक एवं अभद्र व्यवहार किया।
कांग्रेस प्रवक्ता ने दावा किया कि महिलाओं के साथ दुर्व्यवहार किया गया, आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग हुआ तथा विरोध कर रहे लोगों के मोबाइल फोन तक छीनने का प्रयास किया गया। उन्होंने कहा कि यदि सत्ता में बैठे मंत्री ही कानून और चुनाव आयोग के नियमों का उल्लंघन करेंगे तो आम जनता से नियमों के पालन की अपेक्षा करना उचित नहीं होगा।
गरिमा ने भाजपा के “सबका साथ, सबका विकास” के नारे पर भी निशाना साधते हुए कहा कि यह अब “जिसकी लाठी उसकी भैंस” की मानसिकता में बदलता दिखाई दे रहा है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में मतदाता सर्वोपरि होता है और चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित करने या मतदाताओं पर दबाव बनाने की किसी भी कोशिश को लोकतंत्र के लिए घातक माना जाना चाहिए।
उन्होंने राज्य निर्वाचन आयोग से पूरे घटनाक्रम का संज्ञान लेने, मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा चुनावी आचार संहिता और निर्वाचन नियमों के उल्लंघन की स्थिति में दोषियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की।
गरिमा मेहरा दसौनी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी लोकतांत्रिक मूल्यों, संविधान तथा स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया की रक्षा के लिए लगातार आवाज उठाती रहेगी और सत्ता के दुरुपयोग को किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा।

Show More

Related Articles