स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के स्मृति स्थल की राशि स्थानांतरित करने पर खेतीखान में बेमियादी धरना शुरू

लोहाघाट।
चंपावत जिले के खेतीखान में स्वतंत्रता सेनानी पंडित हर्ष देव ओली की जन्म भूमि खेतीखान में शुक्रवार से क्षेत्रवासियों ने अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया है। धरने की शुरुआत इंदिरा पार्क स्थित स्वतंत्रता सेनाओं की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर की गई।
धरने में सामिल जिलापंचायत सदस्य जनकांडे अशोक महरा और क्षेत्रीय लोगों ने आरोप लगाया कि खेतीखान में प्रस्तावित स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के स्मृति स्थल के लिए स्वीकृत 20 लाख रुपए की धनराशि बिना किसी पूर्व सूचना के अन्यत्र स्थान्तरित कर दी गई। उन्होंने इसे स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों का अपमान बताते हुए प्रशासन के निर्णय पर कड़ी नाराजगी जताई।
उन्होंने कहा कि ओलीगांव में स्वीकृत बहुउद्देशीय भवन एवं स्मृति स्थल के निर्माण के लिए आवंटित धन राशि को तत्काल वापिस किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक स्वीकृत धनराशि पुनः बहाल नहीं की जाती तब तक उनका बेमियादी धरना जारी रहेगा।
धरने में जिलापंचायत अध्यक्ष अशोक मेहरा सहित आलोक बर्मा, चंद्रकांत ओली,पवन देउपा,अनुज बोहरा,गोपाल मनराल सहित अनेक लोग मौजूद रहे।



