कारगिल विजय दिवस पर सीएम धामी की बड़ी घोषणा, परमवीर चक्र विजेताओं की सम्मान राशि बढ़ाकर ₹2 करोड़ की
गांधी पार्क में शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए मुख्यमंत्री ने किया ऐलान, पहले मिलते थे ₹1.5 करोड़

देहरादून: कारगिल विजय दिवस के अवसर पर देहरादून के गांधी पार्क में आयोजित श्रद्धांजलि समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वीर सैनिकों के सम्मान में बड़ी घोषणा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड सरकार परमवीर चक्र विजेताओं को दी जाने वाली सम्मान राशि ₹1.5 करोड़ से बढ़ाकर ₹2 करोड़ करेगी।
मुख्यमंत्री धामी ने कारगिल युद्ध के शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि देश की रक्षा के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर सैनिकों का सम्मान और उनके परिवारों का गौरव बढ़ाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड वीरों की भूमि है और राज्य सरकार सैनिकों तथा पूर्व सैनिकों के कल्याण के लिए लगातार कार्य कर रही है।
उन्होंने कहा कि परमवीर चक्र देश का सर्वोच्च सैन्य सम्मान है और इसके विजेताओं के प्रति सम्मान व्यक्त करने के लिए राज्य सरकार ने सम्मान राशि बढ़ाने का निर्णय लिया है।
कार्यक्रम में सैनिकों, पूर्व सैनिकों, शहीद परिवारों, जनप्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में नागरिकों ने कारगिल युद्ध के अमर शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित किए। मुख्यमंत्री ने सभी से शहीदों के बलिदान से प्रेरणा लेकर राष्ट्र सेवा और राष्ट्रीय एकता के लिए समर्पित रहने का आह्वान किया।



