उत्तराखण्ड
घंटों बाद भी शीशमबाड़ा वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट में धधक रही आग, धुंआ चारों ओर फैलने से ग्रामीण परेशान

देहरादून के सेलाकुई स्थित शीशमबाड़ा सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट में 21 घंटे बाद भी आग पर काबू नहीं पाया जा सका है। दमकल विभाग की पांच गाड़ियां सुबह से ही आग बुझाने में लगी हुईं हैं। वहीं प्लांट में लगी आग का धुंआं चारों ओर फैलता जा रहा है। जिससे आसपास रहने वालों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। शीशमबाड़ा प्लांट में सोमवार बारह बजे अचानक आग लग गयी। तब से ही दमकल विभाग की टीम की पांच गाड़ियां आग बुझाने में लगी हैं।
देर रात तक आग पर काबू होने लगा। कूड़े में बड़े पैमाने पर प्लास्टिक का सामान पड़ा है जिससे आग बुझने का नाम नहीं ले पा रही है। देर रात को तेज हवाओं के चलते प्लांट के कूड़े ने फिर से आग पकड़ ली। रातभर दमकल विभाग की टीमें आग बुझाने में लगी रही। मंगलवार सुबह भी प्लांट में आग लगातार भडक रही है।प्लांट में लगी आग से स्थानीय लोगों में आक्रोश बढता जा रहा है। आक्रोशित लोगों का गुस्सा कभी भी सडकों पर फूट सकता है। इस मामले में स्थानीय लोग मंगलवार दोपहर को प्लांट के खिलाफ आंदोलन करने सडकों पर उतर सकते हैं।



