Category: मसूरी

  • बिछड़ो को अपनों से मिलवाकर दूर पुलिस ने निभाया मानवता का कर्तव्य

    मसूरी : आज  मसूरी पुलिस को एक नाबालिग किशोर संदिग्ध अवस्था में घूमता हुआ मिला, जिसे पुलिस द्वारा सुरक्षा की दृष्टि से कोतवाली पर लाकर पूछताछ की गई तो नाबालिक द्वारा स्वयं को ग्राम पाली, पोस्ट कुतनोला, जनपद उत्तरकाशी, उम्र 16 वर्ष का होना बताया, साथ ही यह भी बताया कि वह उत्तरकाशी स्थित अपने घर से घर वालों को बिना बताए मसूरी आ गया, जहां पर वह किसी नौकरी की तलाश में था। नाबालिग से उसके परिजनों के सम्बंध में जानकारी कर परिजनों से संपर्क उन्हें कोतवाली मसूरी बुलाया गया। बालक के पिता के कोतवाली पहुंचने पर आवश्यक पूछताछ एवं सत्यापन की कार्यवाही पूर्ण करते हुए नाबालिग किशोर को सकुशल उसके पिता के सुपुर्द किया गया।

    नाबालिक को सकुशल वापस पाकर परिजनों द्वारा उत्तराखंड पुलिस की कार्यशैली की प्रशंसा करते हुए दून पुलिस का आभार प्रकट किया गया।

  • मसूरी में कूड़े के ढेर में लगी भीषण आग, पांच घंटे की मशक्कत के बाद पाया गया काबू

    मसूरी। पर्यटन नगरी मसूरी में कूड़ा प्रबंधन व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई है। शहर के आइडियाज बिल्डिंग के समीप बड़ी मात्रा में एकत्रित सूखे कूड़े के ढेर में देर रात अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरे क्षेत्र में धुएं का घना गुबार फैल गया, जिससे आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई।

    सूचना मिलने पर मसूरी पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं। आग कूड़े के विशाल ढेर के भीतर तक फैल चुकी थी, जिसके कारण उसे बुझाना बेहद चुनौतीपूर्ण साबित हुआ। दमकल कर्मियों ने लगातार पानी की बौछारें कर आग पर काबू पाने का प्रयास किया, लेकिन भीतर सुलग रही आग बार-बार भड़कती रही। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तीन दमकल वाहनों को लगाया गया। करीब पांच घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह नियंत्रण पाया जा सका।

    अग्निशमन विभाग के प्रभारी धीरज तड़ियाल ने बताया कि घटनास्थल के आसपास फायर हाइड्रेंट और पर्याप्त जलापूर्ति की व्यवस्था नहीं होने से अभियान प्रभावित हुआ। दमकल वाहनों को बार-बार निकटवर्ती जल स्रोतों से पानी भरकर लाना पड़ा, जिससे आग बुझाने में अधिक समय लगा।

    वहीं नगर पालिका की स्वच्छता टीम ने जेसीबी मशीन की मदद से कूड़े के ढेर को अलग-अलग कर राहत कार्य में सहयोग किया। अधिकारियों ने खुले स्थान पर बड़ी मात्रा में ज्वलनशील कचरा जमा किए जाने पर चिंता जताते हुए भविष्य में ऐसी घटनाओं की रोकथाम के लिए बेहतर कूड़ा निस्तारण व्यवस्था की आवश्यकता बताई।

    घटनास्थल के निकट रहने वाले एक परिवार की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बनी रही, लेकिन समय रहते दमकल विभाग की कार्रवाई से आग को फैलने से रोक लिया गया। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस और अग्निशमन विभाग मामले की जांच कर रहे हैं। घटना ने एक बार फिर मसूरी में वैज्ञानिक कूड़ा प्रबंधन की आवश्यकता को उजागर कर दिया है।

  • पिता की पुलिस वर्दी और पी-कैप रखकर घूम रहा था युवक, नशे में गाड़ी चलाते गिरफ्तार

    मसूरी। चारधाम यात्रा और पर्यटन सीजन के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए देहरादून पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत मसूरी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है।
    कोतवाली मसूरी पुलिस ने नशे की हालत में वाहन चला रहे एक युवक को गिरफ्तार किया है, जो अपने वाहन में उत्तर प्रदेश पुलिस की वर्दी और पी-कैप रखकर रौब झाड़ रहा था। पुलिस ने आरोपी की कार को सीज कर दिया है।
    एसएसपी देहरादून के निर्देश पर मसूरी क्षेत्र में विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान लाइब्रेरी चौक पर पुलिस टीम ने एक संदिग्ध Maruti Suzuki WagonR संख्या यूपी 15 डीज़ेड 2906 को आते देखा।
    वाहन के डैशबोर्ड पर उत्तर प्रदेश पुलिस की पी-कैप रखी हुई थी, जबकि पीछे के दरवाजे पर हैंगर में उत्तर प्रदेश पुलिस के उपनिरीक्षक की वर्दी टंगी हुई दिखाई दी। शक होने पर पुलिस ने वाहन को रोककर जांच की।
    वाहन चालक ने अपना नाम विनय सिंह निवासी मेरठ, उत्तर प्रदेश बताया। जांच के दौरान युवक नशे की हालत में वाहन चलाता मिला। कार में उसके तीन अन्य साथी भी मौजूद थे।
    पुलिस पूछताछ में युवक ने बताया कि उसके पिता उत्तर प्रदेश पुलिस में उपनिरीक्षक के पद पर तैनात हैं। उसने स्वीकार किया कि टोल टैक्स, पार्किंग शुल्क और अन्य स्थानों पर पुलिस विभाग से जुड़े होने का फायदा उठाने के लिए उसने अपने पिता की सरकारी वर्दी और पी-कैप वाहन में रखी थी।
    पुलिस ने युवक के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए उसे ड्रिंक एंड ड्राइव और यातायात नियमों के उल्लंघन के आरोप में गिरफ्तार कर लिया। साथ ही संबंधित वाहन को भी सीज कर दिया गया।
    पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सरकारी वर्दी और पहचान का गलत इस्तेमाल किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
    “ऑपरेशन प्रहार” के दौरान मसूरी पुलिस ने ब्लैक फिल्म लगाकर वाहन चला रहे चालकों के खिलाफ भी कार्रवाई की। कई वाहनों से मौके पर ही ब्लैक फिल्म हटवाई गई और चालान किए गए।
    इसके अलावा सड़क किनारे अवैध रूप से पार्क किए गए वाहनों पर भी कार्रवाई करते हुए चालान किए गए। वाहन चालकों को भविष्य में केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करने के निर्देश दिए गए।
    पुलिस का कहना है कि चारधाम यात्रा और पर्यटन सीजन के चलते मसूरी क्षेत्र में यातायात दबाव लगातार बढ़ रहा है। ऐसे में आमजन की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए नियमित चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।
    देहरादून पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यातायात नियमों का पालन करें, शराब पीकर वाहन न चलाएं और अपने वाहन निर्धारित स्थानों पर ही पार्क करें।
    कोतवाली मसूरी द्वारा की गई कार्रवाई का विवरण
    कुल कार्रवाई

    कुल चालान – 98
    यातायात और पार्किंग कार्रवाई
    नो पार्किंग में न्यायालय चालान – 67
    ब्लैक फिल्म चालान – 1
    संयोजन शुल्क – ₹500
    खतरनाक तरीके से वाहन चलाने पर चालान – 5
    नकद जुर्माना – ₹5000

    वाहन सीज
    1 कार सीज – ड्रिंक एंड ड्राइव
    3 दोपहिया वाहन सीज
    अन्य चालान
    यातायात नियम उल्लंघन में चालान – 21
    नकद जुर्माना – ₹12,500

  • मसूरी में फर्जी वीआईपी बन घूम रहा था कार सवार, पुलिस ने दबोचा

    मसूरी में पर्यटन सीजन के दौरान पुलिस ने फर्जी वीआईपी कल्चर पर सख्त कार्रवाई की। “ऑपरेशन प्रहार” के तहत लाइब्रेरी चौके पर चेकिंग के दौरान लाल-नीली फ्लैशलाइट, हूटर और काले शीशों वाली एक लग्जरी कार पकड़ी गई, जिसे बाद में सीज कर दिया गया।
    पुलिस के अनुसार चालक ने खुद को केंद्रीय मंत्रालय का अधिकारी बताकर रौब जमाने की कोशिश की, लेकिन वह वाहन के वैध दस्तावेज और ड्राइविंग लाइसेंस नहीं दिखा सका। जांच में पता चला कि कार पर अवैध काली फिल्म लगी थी और हूटर-फ्लैशलाइट का इस्तेमाल वीआईपी ट्रीटमेंट पाने तथा ट्रैफिक और टोल से बचने के लिए किया जा रहा था।
    इसके बाद पुलिस ने मौके पर ही हूटर और फ्लैशलाइट हटवाकर वाहन सीज कर दिया। देवेंद्र चौहान ने कहा कि नियम तोड़ने और फर्जी वीआईपी कल्चर दिखाने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।

  • रंग लाई जिला प्रशासन की 9 महीने लंबी कवायद; रिक्शा संचालकों की जीविका संग आधुनिकता को दी उड़ान

    मसूरी में रिक्शा अब हुए पुरानी जमाने की बात हो गई मसूरी को जल्द ही 40 नये गोल्फ कार्ट जल्द मिलने जा रहे। इसके लिए जिला प्रशासन ने तैयारी पूर्ण करते हुए सीएसआर फंड से 3.36 करोड़ धनराशि का प्रबन्ध कर लिया है।  इससे पूर्व 14 गोल्फ कार्ट जिलाधिकारी के प्रयासों से मसूरी को पहले ही मिल चुके। वहीं अब 40 नये गोल्फकार्ट मिलने जा रहे जो कि मसूरी मॉल रोड कैमल बैक रोड पर चलने वाले स्थानीय रिक्शा का स्थान लेगें जिसके लिए रिक्शा चालकों को इसके लिए पूर्व में प्रशिक्षित किया गया है।
    जिला प्रशासन द्वारा गोल्फकार्ट के लिए आरईसी फांडेशन लि0 (आरईसी) के अधिकारियों से चर्चा कर अपना प्रस्ताव प्रस्तुत करते हुए सीएसआर फंड से धनराशि की मांग की जिस पर आरईसी से 3.36 करोड़ धनराशि सीएसआर फंड  से दी जा रही है। जिला प्रशासन का मसूरी में गोल्फकार्ट संचालन कराना अपने आप में बेहतरीन प्रयास जिससे मसूरी में जाम से निजात तो मिलेगा ही साथ मसूरी वासियों एवं पर्यटकों को सुविधा तथा स्थानीय रिक्शा चालकों को रोजगाार मिलेगा।
    जिला प्रशासन के प्रयासों से  दिसम्बर 2024 को मूसरी को सुगम सुविधा एवं जाम से निजात दिलाने हेतु गोल्फकार्ट का शुभारम्भ किया गया था  स्थानीय रिक्शा  चालकों  को गोल्फ कार्ट चलाने हेतु सम्बन्धित कम्पनी के विशेषज्ञों द्वारा प्रशिक्षित किया गया है। नगर पालिका परिषद द्वारा प्रथम चरण में 4 गोल्फ कार्ट चलाए गए थे, वर्तमान में जिनकी संख्या  14 है। इन 40 नए गोल्फकार्ट आने से अब इनकी संख्या 54 हो जाएगी। जिलाधिकारी के निर्देश पर मसूरी माल रोड में यातायात के बढ़ते दबाव को कम करने के लिए माल रोड पर वाहनों का आवागमन पर रोक लगाते हुए, स्थानीय निवासियों एवं पर्यटकों की आवागमन हेतु सुगम सुविधा के लिए गोल्फ कार्ट चलाने की जिला प्रशासन ने योजना है, जो की मसूरी में यातायात प्रबंधन की दिशा में ऐतिहासिक पहल है।
    जनपद देहरादून के लोकप्रिय पर्यटन स्थल पहाड़ो की रानी मसूरी में बढ़ते यातायात दबाव को कम करने तथा स्थानीय नागरिकों एवं पर्यटकों को सुगम आवागमन सुविधा उपलब्ध कराने हेतु जिला प्रशासन द्वारा अभिनव पहल की गई है। जिलाधिकारी सविन बंसल के नेतृत्व में मसूरी में चरणबद्ध तरीके से गोल्फकार्ट संचालन को बढ़ावा दिया जा रहा है, जिससे जाम की समस्या से निजात के साथ ही पर्यावरण अनुकूल परिवहन को बढ़ावा मिला है। मसूरी में पूर्व में 14 गोल्फकार्ट संचालित किए जा चुके हैं। अब 40 अतिरिक्त गोल्फकार्ट शीघ्र ही शामिल किए जाने जा रहे हैं, जिससे इनकी कुल संख्या में और वृद्धि होगी। ये गोल्फकार्ट विशेष रूप से मसूरी मॉल रोड एवं कैमल्स बैक रोड पर संचालित किए जाएंगे, जहां पूर्व में स्थानीय रिक्शा संचालित होते थे।
    जिलाधिकारी के निर्देशानुसार स्थानीय रिक्शा चालकों के रोजगार को संरक्षित रखते हुए जिला प्रशासन के प्रयासों से  “2 रिक्शा चालक पर 1 गोल्फकार्ट” मॉडल पर सहमति बनी है। जिला प्रशासन एवं रिक्शा चालकों के मध्य समन्वय स्थापित कर यह सुनिश्चित किया गया है कि परंपरागत रोजगार प्रभावित न हो, बल्कि आधुनिक परिवहन प्रणाली के माध्यम से आय के अवसर बढ़ें।गोल्फकार्ट संचालन हेतु संबंधित कंपनी के विशेषज्ञों द्वारा रिक्शा चालकों को विधिवत प्रशिक्षण प्रदान किया गया है।
    जिला प्रशासन द्वारा जिला ग्रामीण विकास एजेंसी (डीआरडीए) के माध्यम से आरईसी फांउडेशन लि0 के अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर प्रस्ताव प्रस्तुत किया गया। प्रस्ताव के आधार पर आरईसी द्वारा 3.36 करोड़ रुपये की धनराशि सीएसआर फंड से स्वीकृत की गई है। यह धनराशि गोल्फकार्ट क्रय एवं संचालन व्यवस्था सुदृढ़ करने में उपयोग की जाएगी।
    मसूरी को जाम से राहत दिलाने एवं पर्यावरण अनुकूल परिवहन व्यवस्था विकसित करने के उद्देश्य से दिसंबर 2024 में जिलाधिकारी ने प्रशासक रहते गोल्फकार्ट सेवा का शुभारंभ किया गया था। प्रथम चरण में नगर पालिका परिषद द्वारा चार गोल्फकार्ट संचालित किए गए थे। वर्तमान में इनकी संख्या में निरंतर वृद्धि की जा रही है।माल रोड पर बढ़ते वाहनों के दबाव को देखते हुए वाहनों के आवागमन पर नियंत्रण लागू किया गया है। स्थानीय निवासियों एवं पर्यटकों की सुविधा हेतु गोल्फकार्ट सेवा को प्राथमिक परिवहन माध्यम के रूप में विकसित किया जा रहा है।
    जिला प्रशासन की यह पहल न केवल मसूरी को जाम की समस्या से राहत दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है, बल्कि यह पर्यावरण संरक्षण, सुरक्षित यातायात व्यवस्था एवं स्थानीय रोजगार सृजन का उत्कृष्ट उदाहरण भी है।
  • मसूरी क्षेत्र के आपदा प्रभावित कार्यों की समीक्षा

    कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने विधानसभा स्थित सभागार कक्ष में मसूरी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आपदा से क्षतिग्रस्त पेयजल योजनाओं, सड़कों, पुलियाओं और पैदल मार्गों के निर्माण व सुदृढ़ीकरण कार्यों की समीक्षा बैठक की। बैठक में जल संस्थान, पेयजल निगम, लोक निर्माण विभाग, सिंचाई विभाग सहित अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
    बैठक में मसूरी क्षेत्र के क्षेत्र पंचायतों, ग्रामों और वार्डों के जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में लंबित कार्यों की जानकारी दी और उन्हें शीघ्र पूरा करने की मांग की।
    मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि आपदा से क्षतिग्रस्त कार्यों की मरम्मत और सुदृढ़ीकरण कार्यों में तेजी लाई जाए ताकि स्थानीय जनता को परेशानी न हो। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय बनाकर कार्यों को समयबद्ध रूप से पूरा किया जाए।
    मंत्री जोशी ने कुछ महत्वपूर्ण योजनाओं को प्राथमिकता से लेने के निर्देश दिए। इनमें मसूरी पेयजल योजना प्रमुख है, जो यमुना नदी में सिल्ट आने के कारण प्रभावित हुई है। उन्होंने अपर सचिव पेयजल को निर्देश दिया कि योजना के सुचारु संचालन हेतु तत्काल कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।
    पथरियापीठ-नीलकंठ विहार सीवर योजना के संबंध में अधिकारियों ने बताया कि स्वीकृति की प्रक्रिया चल रही है और यह एक माह के भीतर मिल जाएगी। वहीं चन्द्रोटी की आंतरिक सड़कों और अनारवाला–मालसी मार्ग के संबंध में जानकारी दी गई कि इन योजनाओं के टेंडर हो चुके हैं और शीघ्र शिलान्यास किया जाएगा।
    बैठक के अंत में मंत्री ने निर्देश दिया कि मसूरी विधानसभा क्षेत्र के सभी वार्डों में क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत को प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता दोनों का ध्यान रखने के निर्देश दिए।
    बैठक में अपर सचिव पेयजल अपूर्वा, जल संस्थान के मुख्य महाप्रबंधक डी.के. सिंह, जल निगम की अधीक्षण अभियंता मिसा सिन्हा, लोक निर्माण विभाग के राजेश कुमार सहित क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि और संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

  • राज्य स्थापना दिवस पर मंत्री गणेश जोशी ने शहीद आंदोलनकारियों को नमन किया

    उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस (रजत जयंती) के अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने मसूरी स्थित शहीद स्थल पहुंचकर राज्य आंदोलनकारियों बलबीर सिंह नेगी, धनपत सिंह, राय सिंह बंगारी, मदन मोहन ममगाईं, बेलमती चौहान और हंसा धनाई की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
    इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि उत्तराखंड राज्य का गठन आंदोलनकारियों के अथक संघर्ष और बलिदान का परिणाम है। उन्होंने राज्य के हर नागरिक से इन वीर आंदोलनकारियों के योगदान को याद करने का आह्वान किया। साथ ही उन्होंने स्व. पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के दूरदर्शी नेतृत्व में उत्तराखंड को अलग राज्य बनाने में योगदान का स्मरण किया।
    गणेश जोशी ने कहा कि राज्य अपनी स्थापना के 25 वर्ष पूर्ण कर नई ऊँचाइयों की ओर अग्रसर है और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विजन के अनुरूप उत्तराखंड को देश का अग्रणी राज्य बनाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि रजत जयंती वर्ष हम सभी के लिए प्रेरणा का अवसर है कि हम आंदोलनकारियों के आदर्शों को आत्मसात कर राज्य के समग्र विकास में योगदान दें।
    इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी, मोहन पेटवाल, सिकन्दर, धर्मपाल पवार, अरविंद सेमवाल, कमला थपलियाल, अनीता धनाई, गौरी थपलियाल, जसोदा शर्मा और सीता पंवार सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे। गणेश जोशी ने मसूरी में पहुंचे पर्यटकों से हालचाल भी जाना और पर्यटन अनुभवों के बारे में जानकारी प्राप्त की।

  • शताब्दी वर्ष के कार्यक्रम में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष का हमला

    उत्तराखंड के शताब्दी दिवस के मौके पर आयोजित कार्यक्रम में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष करण माहरा ने राज्य सरकार पर करारा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने राज्य आंदोलनकारियों और शहीदों की भावनाओं को नजरअंदाज किया है। इसी दौरान शहीद स्थल पर उपवास पर बैठे आंदोलनकारी कमल भंडारी का उपवास भी माहरा ने तुड़वाया। उन्होंने कहा कि वे उनकी पीड़ा को लेकर सरकार से बात करेंगे।
    करण माहरा ने कहा कि उत्तराखंड राज्य उन आंदोलनकारियों की कुर्बानियों पर टिका है, जिन्होंने अपने प्राणों की आहुति दी। आज वही आंदोलनकारी और उनके परिजन न्याय की प्रतीक्षा में हैं, जबकि सरकार शहीदों को भूल चुकी है। शताब्दी वर्ष तभी सार्थक होगा जब राज्य सरकार शहीदों के सपनों का उत्तराखंड बनाने का काम करेगी।
    करण माहरा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की हालिया उत्तराखंड यात्रा पर लगभग 8 हजार करोड़ रुपये की योजनाओं की घोषणा पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा यही कहानी बिहार में भी दोहराई गई। चुनाव से पहले वहां 80 हजार करोड़ रुपये की घोषणाएं हुईं, लेकिन अब लोग पूछ रहे हैं कि पैसा कहां गया?
    उन्होंने आरोप लगाया कि हल्द्वानी में घोषित 2,200 करोड़ रुपये की योजना तीन साल बाद भी धरातल पर नहीं उतरी है। माहरा ने कहा, घोषणाएं करना आसान है, लेकिन उन्हें अमल में लाना मुश्किल है। प्रधानमंत्री उत्तराखंड बार-बार आते हैं, पर वादे वही पुराने रहते हैं।
    करण माहरा ने पूछा कि जब अंकित भंडारी हत्याकांड हुआ था, तब प्रधानमंत्री उत्तराखंड आए थे, लेकिन उन्होंने एक शब्द भी नहीं कहा। क्या उत्तराखंड की बेटी को न्याय दिलाने की बात प्रधानमंत्री के भाषणों में जगह नहीं पा सकती?
    हाल ही में आए भीषण आपदा पर राज्य सरकार की तैयारी पर भी माहरा ने सवाल उठाए। उन्होंने कहा, थराली में आपदा आई तो पांच दिन बाद सिर्फ मोमबत्तियां भेजी गईं। सरकार के पास न योजना है, न प्रबंधन। पता तक नहीं कि कितने लोग मारे गए हैं।
    माहरा ने बताया कि राज्य सरकार ने केंद्र से आपदा राहत के लिए 5,700 करोड़ रुपये की मांग की थी, लेकिन केंद्र ने केवल 1,200 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी। उन्होंने आरोप लगाया कि धामी सरकार ने 1,000 करोड़ रुपये अपनी ब्रांडिंग और प्रचार में खर्च कर दिए।
    प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि आज हालात इतने खराब हैं कि सरकार को कर्मचारियों की तनख्वाह देने के लिए भी कर्ज लेना पड़ रहा है। डबल इंजन की सरकार ने उत्तराखंड को कर्ज के जाल में फंसा दिया है। प्रदेश का ऋण पिछले 10 वर्षों में पांच गुना बढ़ गया है।
    माहरा ने प्रधानमंत्री मोदी की देहरादून रैली को लेकर आरोप लगाया कि स्कूलों और छात्रों का राजनीतिक इस्तेमाल किया जा रहा है। सरकारी विद्यालयों को नोटिस देकर छात्रों को रैली में भेजा गया। बसों पर भाजपा के झंडे लगाए गए।

    विधानसभा सत्र और घोटालों पर उठाए सवाल

    उन्होंने कहा कि विधानसभा सत्र में सरकार को राज्य के विकास, नई तकनीकी और आपदा प्रबंधन पर चर्चा करनी चाहिए थी, लेकिन चर्चा भ्रम फैलाने तक सीमित रही। माहरा ने भर्ती घोटालों और पेपर लीक प्रकरणों का जिक्र करते हुए कहा कि नकल विरोधी कानून बनने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

  • मसूरी में उत्साहपूर्वक मनाया छठ महापर्व

    भाजपा मसूरी मंडल के तत्वावधान में एवं बिहारी महासभा के सहयोग से रविवार को छठ पूजा का पर्व पूरे उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने मुख्य अतिथि के रूप में किया। विशिष्ट अतिथि के रूप में पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी, भाजपा मंडल अध्यक्ष रजत अग्रवाल और पूर्व मंडल अध्यक्ष मोहन पेटवाल उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने संयुक्त रूप से रिबन काटकर कार्यक्रम का उद्घाटन किया।
    छठ पर्व के अवसर पर महिलाओं ने परंपरागत वेशभूषा में ठंडे पानी में खड़े होकर मां छठ की पूजा-अर्चना की और डूबते सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया। इसके पश्चात रंग-बिरंगी आतिशबाजी हुई और बिहारी लोकगीतों पर लोगों ने झूमकर नृत्य किया।
    मुख्य अतिथि मंत्री गणेश जोशी ने बिहारी महासभा और स्थानीय नागरिकों को छठ महापर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा, हमारे तीज-त्योहार और मेले हमारी समृद्ध संस्कृति के संवाहक हैं। छठ पूजा हमारी एकता और सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है। उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हमेशा भारत की विविधता में एकता पर बल दिया है और छठ पूजा अब पूरे देश में आस्था और एकता का प्रतीक बनकर मनाई जा रही है।
    पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी ने सभी श्रद्धालुओं को छठ महापर्व की शुभकामनाएं दी और भाजपा मंडल अध्यक्ष रजत अग्रवाल का विशेष आभार व्यक्त किया, जिनके नेतृत्व में पिछले दो वर्षों से यह भव्य आयोजन लगातार आयोजित किया जा रहा है।
    बिहारी महासभा के अध्यक्ष राजकिशोर ने बताया कि मसूरी में लगातार दूसरे वर्ष छठ महापर्व का आयोजन किया गया है, जिसमें डूबते और उगते सूर्य दोनों को अर्घ्य दिया जाता है। श्रद्धालु रामकली देवी ने बताया कि छठ पूजा निर्जला व्रत होता है, जिसमें व्रती महिलाएं सूर्यदेव और मां छठ से परिवार की मंगलकामना करती हैं।
    इस अवसर पर राजकिशोर, प्रमोद, पंकज, सरदारी, कमल, संतोष, रामकिशोर, शंभू, अरुण, भाजपा मंडल उपाध्यक्ष अरविंद सेमवाल, विधायक स्वास्थ्य प्रतिनिधि रमेश खंडूरी सहित बड़ी संख्या में बिहारी समाज के लोग और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

  • सेवा पखवाड़ा: मसूरी में बहुउद्देशीय स्वास्थ्य शिविर आयोजित

    सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत मसूरी नगर पालिका टाउन हॉल में मंगलवार को बहुउद्देशीय स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने शिविर में पहुंचकर नागरिकों का हाल-चाल जाना और स्वयं भी स्वास्थ्य परीक्षण कराया।
    शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम द्वारा लोगों का नि:शुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। मंत्री जोशी ने लोगों से नियमित स्वास्थ्य जांच कराने की अपील करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर सेवा पखवाड़ा के तहत पूरे देश में सेवा और जनकल्याण से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसका उद्देश्य समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक स्वास्थ्य सुविधाएं और अन्य लाभ पहुंचाना है।
    शिविर के उपरांत मंत्री गणेश जोशी ने मसूरी पिक्चर पैलेस स्थित मॉल रोड बाजार का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय व्यापारियों और पर्यटकों से मुलाकात कर हाल ही में घटाई गई जीएसटी दरों पर सुझाव और फीडबैक प्राप्त किया।
    मंत्री जोशी ने व्यापारियों से आग्रह किया कि जीएसटी दरों में हुई कटौती की जानकारी को आमजन तक पहुंचाएं, ताकि लोग इसका सीधा लाभ उठा सकें। इस दौरान व्यापारियों और पर्यटकों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त करते हुए त्योहारी सीजन में मिली राहत की सराहना की।
    कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि मोदी सरकार द्वारा लागू की गई ‘नेक्स्ट जनरेशन जीएसटी’ आम जनता को सीधा लाभ पहुंचाने के साथ-साथ व्यापार और अर्थव्यवस्था को भी मजबूती प्रदान कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत तेज़ी से आत्मनिर्भरता की ओर अग्रसर है और जनहित में लिए जा रहे निर्णय मील का पत्थर साबित हो रहे हैं।
    इस मौके पर नगर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी, मंडल अध्यक्ष रजत अग्रवाल, मोहन पेटवाल, कुशाल सिंह राणा, अरविंद सेमवाल, कमला थपलियाल, अनीता धनाई, अमित भट्ट, गोरी थपलियाल सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।