
देहरादून: थाना नेहरू कॉलोनी क्षेत्र के अंतर्गत राजीव नगर में एक युवक द्वारा युवती को चापड़ दिखाना और अश्लील कमेंट करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा था। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंच कर युवक को हिरासत में लिया। युवक से पूछताछ की गई तो पूरी कहानी सामने आ गई। वहीं एक दूसरे मामले में थाना राजपुर पुलिस ने नाबालिग युवती को बहला फुसलाकर ले जाने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है।
24 फरवरी को थाना नेहरू कॉलोनी पुलिस को सूचना मिली कि राजीव नगर में एक व्यक्ति ने एक युवती को चापड़ दिखाकर धमकी दी है। सूचना मिलने के बाद थाना नेहरू कॉलोनी पुलिस मौके पर पहुंची। जानकारी करने पर पता चला कि लड़के ने युवती पर अश्लील कमेंट किए थे। जिसके बाद युवती अपने कुछ अन्य साथियों के साथ जब युवक के पास पहुंची तो युवक ने उनके साथ अभद्रता की। इस दौरान उसने धारदार हथियार चापड़ भी दिखाया। पुलिस ने मौके से आरोपी शिव सिंह रावत को हिरासत में लिया. उसके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
दिनांक 24/02/2026 को 112 के माध्यम से राजीव नगर में एक व्यक्ति द्वारा एक लड़की को चांपड़ दिखाने की सूचना मिली उक्त सूचना पर थाना नेहरू कॉलोनी पुलिस मौके पर पहुंची, मौके से अभियुक्त शिव सिंह रावत को हिरासत में लिया, जिसके विरूद्ध वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।
घटना की जानकारी करने पर पता चला कि युवती ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट की थी। इस पोस्ट पर शिव सिंह रावत निवासी राजेन्द्र नगर ने आपत्ति प्रकट करते हुए उससे अभद्रता की। इस पर युवती शिव सिंह की लोअर राजीव नगर स्थित दुकान पर अपने कुछ अन्य साथियों को लेकर पहुंच गई। वहां पर युवक ने युवती और अन्य लोगों के साथ अभद्रता की। इस पर आरोपी को पुलिस ने हिरासत में लिया। साथ ही आरोपी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
-संजीत कुमार, प्रभारी, थाना नेहरू कॉलोनी-
नाबालिग युवती को भगाने वाला गिरफ्तार
वहीं एक दूसरे मामले में थाना राजपुर पुलिस ने शादी का झांसा देकर नाबालिग युवती को बहला फुसलाकर भगा ले जाने वाले आरोपी को आईटी पार्क गेट सहस्त्र धारा रोड के पास से गिरफ्तार किया है।
04 नवंबर 2025 को राजपुर निवासी एक युवती ने शिकायत दर्ज कराई थी उनकी नाबालिग बहन घर से बिना बताए कहीं चली गई है। उसे ढूंढने का काफी प्रयास किया गया, लेकिन वो कहीं नहीं मिली। तहरीर के आधार पर थाना राजपुर पर नाबालिग युवती की गुमशुदगी का मुकदमा दर्ज किया गया। नाबालिग को ढूंढने के लिए थाना राजपुर में पुलिस टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने घटना स्थल और आस-पास आने-जाने वाले रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेजों को चेक किया। जानकारी मिली कि नाबालिग युवती को मिंटू नाम के एक व्यक्ति द्वारा बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाना प्रकाश में आया।
थाना राजपुर प्रभारी प्रदीप रावत ने बताया है कि पुलिस टीम द्वारा किए गए लगातार प्रयासों के बाद और मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर आईटी पार्क गेट सहस्त्र धारा रोड के पास से आरोपी मिंटू को गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से नाबालिग युवती को छुड़ा लिया गया। युवती से पूछताछ के बाद बयानों के आधार पर मुकदमे में धारा 64 बीएनएस व 3/4 पॉक्सो अधिनियम की बढ़ोत्तरी की गई है।
-प्रदीप रावत, थाना प्रभारी, राजपुर-



