
दून पुलिस ने विकासनगर क्षेत्र में हुई ज्वैलरी चोरी की घटना का खुलासा करते हुए एक शातिर हिस्ट्रीशीटर चोर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लगभग 5 लाख रुपये मूल्य की ज्वैलरी और एक हाथ की घड़ी बरामद की है। गिरफ्तार आरोपी का लंबा आपराधिक इतिहास है और उसके खिलाफ लूट, चोरी, मादक पदार्थों की तस्करी तथा आर्म्स एक्ट समेत 09 मुकदमे पंजीकृत हैं।
3 नवंबर को वादी बृजमोहन डंग निवासी मुस्लिम बस्ती, विकासनगर ने कोतवाली में तहरीर दी थी कि 2 नवंबर को वह अपने परिवार के साथ शादी समारोह में रुड़की गए थे। अगले दिन सुबह लौटने पर उन्होंने देखा कि किसी अज्ञात चोर ने उनकी आलमारी में रखी ज्वैलरी चोरी कर ली है। मामले में पुलिस ने धारा 305(ए) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून अजय सिंह के निर्देश पर कोतवाली विकासनगर पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने घटना स्थल का निरीक्षण कर आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। संदिग्धों की पहचान के लिए मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया और पुराने अपराधियों की गतिविधियों की भी जांच की गई।
लगातार प्रयासों के बाद 5 नवंबर को पुलिस टीम ने सेंट अरण्य पब्लिक स्कूल के पास चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर आरोपी दानिश उर्फ भोलू पुत्र राशिद, निवासी मुस्लिम बस्ती, विकासनगर (उम्र 27 वर्ष) को चोरी के माल के साथ गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह नशे का आदी है और नशे की पूर्ति के लिए उसने यह चोरी की घटना अंजाम दी। आरोपी कोतवाली विकासनगर का हिस्ट्रीशीटर अपराधी है, जो कई बार जेल जा चुका है।
पुलिस ने बताया कि आरोपी को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है। एसएसपी देहरादून ने टीम की सराहना करते हुए पुरस्कृत करने की घोषणा की है।



