अपराधदेहरादून

कट्टे से मिला युवती का शव,क्षेत्र में फैली सनसनी

शव पर नहीं मिले गंभीर चोट के निशान, मुंह से निकला खून शिनाख्त नहीं,सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस,

राजधानी के बसंत विहार क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। श्यामपुर के आदर्श विहार स्थित चाय बागान में सोमवार सुबह एक प्लास्टिक के कट्टे से युवती का शव बरामद होने से इलाके में हड़कंप मच गया। कट्टे में शव होने की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग सहम गए और मौके पर भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
बताया जा रहा है कि सुबह के समय कुछ स्थानीय लोग चाय बागान की ओर गए थे, जहां उन्होंने एक प्लास्टिक का कट्टा पड़ा देखा। शक होने पर जब उन्होंने करीब जाकर देखा, तो मामला संदिग्ध लगा और तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने कट्टा खोलते ही युवती का शव बरामद किया, जिसे देखकर सभी के होश उड़ गए।
पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया युवती के शरीर पर गंभीर चोट के निशान नहीं मिले हैं, लेकिन मुंह से खून निकल रहा था और हाथ-पैरों पर खरोंच के निशान देखे गए हैं। फिलहाल शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है, जिससे मौत के सही कारणों का पता लगाया जा सके।
अब तक युवती की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि यह पता चल सके कि शव को किसने और कब वहां फेंका। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस की कई टीमें जांच में जुट गई हैं।
एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया बसंत विहार थाना क्षेत्र के अंतर्गत शव बरामद होने की सूचना मिली थी। पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच कर रही है। युवती की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं और सीसीटीवी फुटेज की भी जांच की जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।
घटना के बाद आदर्श विहार और चाय बागान इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की मांग की है। वहीं, घटना ने एक बार फिर से देहरादून में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। अब सबकी निगाहें पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच पर टिकी हुई है।

Show More

Related Articles