आउटसोर्स से स्वास्थ्य विभाग में होगी 1046 चतुर्थ श्रेणी व पर्यावरण मित्रों की होगी भर्ती
विभागीय अधिकारियों को भर्ती प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश

चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के अंतर्गत प्रदेश की विभिन्न चिकित्सा इकाइयों में वर्षों से रिक्त पड़े 1046 चतुर्थ श्रेणी कार्मिकों व पर्यावरण मित्रों के पदों पर शीघ्र भर्ती की जाएगी। इन पदों को आउटसोर्स के माध्यम से भरा जाएगा। इसके लिए विभागीय अधिकारियों को भर्ती प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दे दिए गए हैं। वहीं रुद्रप्रयाग, टिहरी, देहरादून और ऊधमसिंह नगर जनपद में भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
प्रदेश के चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने मीडिया को जारी बयान में कहा कि राज्य सरकार स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण और विस्तार के लिए लगातार प्रयास कर रही है। अस्पतालों में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के साथ ही आधुनिक चिकित्सा उपकरण और मानव संसाधन उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इसके साथ ही अस्पतालों में सफाई व्यवस्था को चाक-चौबंद करने का निर्णय लिया गया है।
मंत्री ने बताया कि विभिन्न जनपदों की चिकित्सा इकाइयों और विभागीय कार्यालयों में लंबे समय से रिक्त पड़े कुल 1046 पदों पर भर्ती की जाएगी, जिनमें 680 पद चतुर्थ श्रेणी कार्मिकों के और 366 पद पर्यावरण मित्रों के हैं। चतुर्थ श्रेणी के रिक्त पदों में हरिद्वार में 89, नैनीताल में 196, पौड़ी में 40, चमोली में 131, उत्तरकाशी में 38, अल्मोड़ा में 31, बागेश्वर में 10, पिथौरागढ़ में 99, चंपावत में 25 तथा स्वास्थ्य महानिदेशालय में 21 पद शामिल हैं।
इसी प्रकार पर्यावरण मित्रों के पदों में हरिद्वार में 21, नैनीताल में 136, पौड़ी में 37, चमोली में 43, उत्तरकाशी में 36, अल्मोड़ा में 16, बागेश्वर में 15, पिथौरागढ़ में 43, चंपावत में 15 तथा स्वास्थ्य महानिदेशालय में चार पद रिक्त हैं।
डॉ. रावत ने कहा कि सभी पदों को आउटसोर्स कंपनी के माध्यम से भरा जाएगा। इसके लिए संबंधित अधिकारियों को आउटसोर्स एजेंसी का चयन कर युवाओं को शीघ्र नियुक्ति देने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि कुछ जनपदों में भर्ती प्रक्रिया पहले ही शुरू की जा चुकी है, जिससे जल्द ही अस्पतालों में सफाई व्यवस्था और अन्य सेवाएं बेहतर हो सकेंगी।


