उत्तरांचल प्रेस क्लब को मिलेगा नया भवन, पत्रकार कल्याण कोष की राशि दोगुनी
दीपों की तरह समाज को दिशा दिखाते हैं पत्रकार: देहरादून में दीपावली महोत्सव कार्यक्रम में बोले सीएम धामी,

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को उत्तरांचल प्रेस क्लब द्वारा आयोजित दीपावली महोत्सव–2025 कार्यक्रम में प्रतिभाग किया और सभी पत्रकारों को दीपावली की अग्रिम शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर उन्होंने लकी ड्रा विजेताओं को पुरस्कार भी प्रदान किए और पत्रकारों की भूमिका को दीपों की तरह समाज को रोशन करने वाली बताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तरांचल प्रेस क्लब के नए भवन निर्माण के लिए भूमि आवंटन की प्रक्रिया गतिमान है, और प्रक्रिया पूर्ण होते ही भव्य प्रेस क्लब भवन का निर्माण प्रारंभ किया जाएगा। उन्होंने राज्य निर्माण आंदोलन से लेकर अब तक पत्रकारों द्वारा निभाई गई रचनात्मक और जागरूककारी भूमिका की सराहना की।
सीएम धामी ने कहा कि राज्य सरकार पत्रकारों की समस्याओं के प्रति पूरी तरह संवेदनशील है। पत्रकारों की सुरक्षा, स्वास्थ्य, आवास और पेंशन से जुड़ी योजनाओं को सशक्त किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री पत्रकार पेंशन योजना के तहत पत्रकार कल्याण कोष का बजट 5 करोड़ रुपये से बढ़ाकर 10 करोड़ रुपये किया गया है।
स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। सूचना विभाग के माध्यम से अन्य जिलों से देहरादून आने वाले पत्रकारों के लिए ठहरने की उचित व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है।
वरिष्ठ पत्रकार सम्मान योजना के अंतर्गत कई पत्रकारों को सम्मानित किया गया है। राज्यभर के मीडिया सेंटरों के आधुनिकीकरण और प्रेस क्लबों के सशक्तिकरण का कार्य भी शुरू कर दिया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पत्रकार, राजनीति और समाज से जुड़े मुद्दों को जनमानस तक पहुंचाने के साथ-साथ लोकतंत्र को जीवित रखने का कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि पत्रकार सरकार की योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने और जनसमस्याओं को सरकार तक पहुंचाने की दोहरी भूमिका निभाते हैं। उन्होंने पत्रकारों से आग्रह किया कि वे स्वदेशी उत्पादों को अपनाने का संदेश भी जन-जन तक पहुंचाएं। उन्होंने कहा विकसित भारत और विकसित उत्तराखंड के निर्माण के लिए हमें स्वदेशी को अपनाना होगा।
सीएम धामी ने कहा जैसे दीपावली के दीप अंधकार दूर कर प्रकाश फैलाते हैं, वैसे ही पत्रकार दिन-रात समाज को दिशा देने का कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि दीपावली का पर्व हमें सकारात्मक ऊर्जा और आत्मचिंतन का संदेश देता है।
कार्यक्रम में विधायक खजान दास, आपदा प्रबंधन सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष विनय रुहेला, दायित्वधारी हेमराज बिष्ट, महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी, उत्तरांचल प्रेस क्लब अध्यक्ष भूपेंद्र कंडारी, महामंत्री सुरेंद्र डसीला समेत बड़ी संख्या में पत्रकार और गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।



