ऑल इंडिया गोरखा एक्स-सर्विसमेन्स वेलफेयर एसोसिएशन (एग्वा) के कार्यक्रम में सीएम ने लिया भाग
देश का हर नागरिक गोरखा सैनिकों का आभारी

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को ऑल इंडिया गोरखा एक्स-सर्विसमेन्स वेलफेयर एसोसिएशन (एग्वा) की 75वीं वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में भाग लिया। स्व हरबंश कपूर मैमोरियल सभागार, गढ़ी कैंट में आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने बैरिस्टर अरि बहादुर गुरूंग की प्रतिमा का अनावरण किया और एसोसिएशन की स्मारिका का विमोचन भी किया।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि बैरिस्टर अरि बहादुर गुरूंग ना सिर्फ सांसद थे, बल्कि उन्होंने भारतीय संविधान के निर्माण में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया। उन्होंने इस अवसर पर कहा कि यह आयोजन सिर्फ एक संगठन का उत्सव नहीं, बल्कि गोरखा सैनिकों के अदम्य साहस, समर्पण और राष्ट्रभक्ति की गौरवशाली परंपरा का उत्सव है। उन्होंने कहा कि गोरखा सैनिकों के बलिदान और पराक्रम की पहचान इस बात से होती है कि दुनिया की किसी भी युद्ध गाथा को गोरखाओं के योगदान के बिना पूरा नहीं माना जा सकता।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले 75 वर्षों में एग्वा ने ईमानदारी, पारदर्शिता और समर्पण के साथ अपनी भूमिका निभाई है। आज विभिन्न राज्यों में बसे लाखों गोरखा भूतपूर्व सैनिक, वीर नारी और उनके आश्रित इस संस्था से लाभान्वित हो रहे हैं। उन्होंने बताया कि एग्वा द्वारा पूरे भारत में निःशुल्क व्यावसायिक प्रशिक्षण कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं, जिनमें गोरखा समुदाय के साथ-साथ अन्य समुदायों के युवाओं को भी शामिल किया जाता है।
धामी ने गोरखा जवानों के अदम्य साहस और वीरता की प्रशंसा करते हुए कहा, जिस मैदान में गोरखा टिक गए, वहां दुश्मन कभी टिक नहीं पाया। उन्होंने कहा कि खुंखरी गोरखा सैनिकों के लिए सिर्फ हथियार नहीं, बल्कि मातृभूमि की रक्षा का संकल्प है। उन्होंने अमर वीर मेजर दुर्गा मल्ल, परमवीर चक्र से सम्मानित धन सिंह थापा और अशोक चक्र विजेता नर बहादुर थापा जैसे अनगिनत वीरों का भी स्मरण किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गोरखा समाज न केवल भारत की सीमाओं की रक्षा में बल्कि उत्तराखंड के विकास में भी महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है। प्रदेश सरकार गोरखा समाज की वीरता और अमूल्य योगदान को सदैव आदर और सम्मान की दृष्टि से देखती है।
सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि गोरखा रेजिमेंट के जवानों ने हर युद्ध और हर मोर्चे पर अदम्य बहादुरी दिखाई है। उन्होंने कहा कि गोरखा समाज देश की सुरक्षा और राज्य के विकास में अहम भूमिका निभा रहा है।
कार्यक्रम में विधायक सविता कपूर, सचिव केंद्रीय सैनिक कल्याण बोर्ड बिग्रेडियर डीएस बसेड़ा, एग्वा अध्यक्ष कर्नल आरएस क्षेत्री, गोर्खाली सुधार सभा अध्यक्ष पद्म सिंह थापा, ले.ज (रिटायर्ड) एके सिंह, ले.ज (रिटायर्ड) रामसिंह प्रधान, मेज (रिटायर्ड) सम्मी सब्बरवाल और मेजर (रिटायर्ड) बीएस थापा सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।



