कांग्रेस ने अंकिता भंडारी हत्याकांड में सीबीआई जांच की मांग तेज

अंकिता भंडारी हत्याकांड में शामिल वीआईपी और साक्ष्य छुपाने वालों की सीबीआई जांच की मांग को लेकर आज कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रेमनगर में जोरदार प्रदर्शन किया। सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने सनातन धर्म मंदिर और श्री गुरुद्वारा साहेब ग्राउंड से जुलूस निकालकर प्रेमनगर बाजार से प्रेमनगर बारात घर तक मार्च किया। कार्यकर्ताओं ने सीबीआई जांच हो, दोषियों को फांसी दो, अंकिता को न्याय दो के नारे लगाए।
बारात घर में आयोजित सभा को संबोधित करते हुए प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने केंद्र और राज्य की भाजपा सरकारों पर हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा सरकारें महिलाओं के खिलाफ अपराधों में दोषियों को बचाने में सक्रिय रही हैं। उन्होंने कहा कि अंकिता भंडारी की व्हाट्सऐप चैट और घटना स्थल का रिसॉर्ट भाजपा नेताओं से जुड़ा होने के कारण मामले में वीआईपी की भूमिका पर जांच जरूरी है, लेकिन एसआईटी जांच में कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
धस्माना ने कहा कि अब जब भाजपा के घर से ही वीआईपी की पहचान उजागर हुई है, तो न्याय सुनिश्चित करने के लिए सुप्रीम कोर्ट या हाई कोर्ट के सिटिंग जज की निगरानी में सीबीआई जांच करवाई जाए। उन्होंने मुख्यमंत्री पर भी निशाना साधा और कहा कि सरकार ने केवल माता-पिता की इच्छा पर जांच कराने की बात कही, जबकि यह पूरे प्रदेश की महिला अस्मिता से जुड़ा मामला है।
महानगर कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. जसविंदर सिंह गोगी ने कहा कि प्रदेशभर में अंकिता प्रकरण की गूंज है, लेकिन महिला विरोधी भाजपा सरकार की कानों पर जूं तक नहीं रेंग रही। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर सरकार ने शीघ्र सीबीआई जांच की संस्तुति नहीं की तो कांग्रेस आंदोलन और तेज करेगी।
न्याय यात्रा में प्रदेश कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता एवं स्थानीय पार्षद शामिल रहे, जिनमें जगदीश धीमान, दिनेश कौशल, सुमित खन्ना, मोहित ग्रोवर, अभिषेक तिवारी, अनिल बस्नेत, सुशीला शर्मा समेत बड़ी संख्या में युवा और महिला कार्यकर्ता मौजूद थे।



