कैबिनेट मंत्री ने रेखा आर्या ने किए बाबा बनखंडी नाथ के दर्शन
भंडारे में सेवा कर गरीबों व पशु-पक्षियों को कराया भोजन

देहरादून/बरेली। प्रदेश की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने नववर्ष 2026 के पावन अवसर पर बरेली स्थित प्राचीन एवं पावन बाबा बनखंडी नाथ मंदिर में भगवान भोलेनाथ के दर्शन किए और प्रदेशवासियों को नववर्ष की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। मंदिर परिसर में व्याप्त आध्यात्मिक वातावरण, घंटियों की मधुर ध्वनि और हर-हर महादेव के जयकारों के बीच उन्होंने सेवा और श्रद्धा के साथ नए साल का स्वागत किया।
कैबिनेट मंत्री ने दर्शन उपरांत मंदिर परिसर में आयोजित भंडारे में गरीबों को भोजन परोसा। साथ ही पशु-पक्षियों की भोजन सेवा कर पुण्य अर्जित किया। उन्होंने इसे भाव-विभोर कर देने वाला अनुभव बताते हुए कहा कि सेवा और समर्पण से मन को आत्मिक शांति मिलती है।
रेखा आर्या ने बाबा बनखंडी महादेव से प्रार्थना की कि नववर्ष समस्त प्रदेशवासियों के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि लेकर आए। उन्होंने कहा कि वर्ष 2025 प्रदेश के खेल इतिहास में स्वर्णिम अध्याय के रूप में दर्ज हुआ है, जब 38वें राष्ट्रीय खेलों की सफल मेजबानी के साथ प्रदेश के खिलाड़ियों ने उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कीं।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि खेल, महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति, युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल जैसे विभागों के दायित्वों के अंतर्गत संचालित महत्वाकांक्षी योजनाओं को वर्ष 2026 में और अधिक प्रभावी एवं सफल बनाया जाएगा, ताकि जनहित में ठोस परिणाम सामने आएं।


