देहरादून

गड्ढा मुक्त सड़कों के लिए सीएम धामी का अल्टीमेटम

52 प्रतिशत पैचवर्क पूरा, शेष कार्यों में तेजी लाने के निर्देश

प्रदेश में जर्जर और गड्ढायुक्त सड़कों की समस्या को लेकर अब सरकार सख्त हो गई है। शनिवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास में आयोजित उच्च स्तरीय बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए कि राज्य की सभी सड़कों को शीघ्र गड्ढा मुक्त किया जाए, ताकि आमजन को सुरक्षित और बेहतर यातायात सुविधा मिल सके।
बैठक में बताया गया कि अब तक 52% पैचवर्क का कार्य पूरा हो चुका है, जबकि शेष कार्यों को जल्द से जल्द पूर्ण करने के निर्देश मुख्यमंत्री ने दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से कहा कि कार्यों में किसी भी तरह की लापरवाही या देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मुख्यमंत्री धामी ने बैठक में यह भी कहा कि सभी जनपदों के प्रभारी सचिव अपने-अपने क्षेत्रों का नियमित भ्रमण करें, जनता से संवाद बनाएं और सरकार की विकास योजनाओं को तेजी से धरातल पर उतारें।
सीएम धामी ने राज्य के आपदा प्रभावित क्षेत्रों में आधारभूत संरचनाओं के पुनर्निर्माण को प्राथमिकता देने को कहा। उन्होंने क्षतिग्रस्त पुलों के शीघ्र निर्माण और नए पुलों के निर्माण कार्यों में तेजी लाने पर बल दिया, ताकि प्रभावित लोगों को जल्द राहत मिल सके।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि हर कार्य में गुणवत्ता और पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए। सरकार का लक्ष्य जनता को सुरक्षित, सुविधाजनक और बेहतर बुनियादी ढांचा उपलब्ध कराना है। इसके लिए सभी विभागों को समन्वय के साथ सजगता से काम करना होगा।
बैठक में प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु, सचिव शैलेश बगौली, सचिव डॉ. पंकज कुमार पांडेय,अपर सचिव विनीत कुमार सहित लोक निर्माण विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Show More

Related Articles