देहरादून

गढ़वाल–कुमाऊं सैन्य केंद्रों को जोड़ने वाली सड़क के निर्माण की मांग

पूर्व सैनिकों ने सैनिक कल्याण मंत्री से की मुलाकात, गणेश जोशी ने आश्वासन दिया: जल्द की जाएगी आवश्यक कार्रवाई

सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी से आज उनके कैंप कार्यालय में कोटद्वार के पूर्व सैनिक संघर्ष समिति के पदाधिकारियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने गढ़वाल, कुमाऊं और उत्तर प्रदेश के मिलिट्री स्टेशन मुख्यालयों को जोड़ने वाली बहुआयामी लालढांग–कोटद्वार–रामनगर मार्ग के निर्माण प्रस्ताव को भारत सरकार को भेजने और इस दिशा में शीघ्र कार्यवाही करने का अनुरोध किया।
पूर्व सैनिकों ने बताया कि उत्तराखंड में स्थित भारतीय सैन्य अकादमी देहरादून, गढ़वाल रेजिमेंटल सेंटर लैंसडौन और कुमाऊं रेजिमेंटल सेंटर रानीखेत भारतीय सेना के लिए प्रमुख प्रशिक्षण केंद्र हैं। फिलहाल इन सभी सैन्य प्रतिष्ठानों को आपस में जोड़ने के लिए कोई सीधा और बहुआयामी मार्ग उपलब्ध नहीं है। उन्होंने कहा कि यदि यह सड़क बनती है तो सैन्य गतिविधियों, प्रशिक्षण और आपसी आवागमन में अत्यधिक सुगमता और त्वरितता आएगी।
सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने पूर्व सैनिकों की इस मांग को सकारात्मक रूप से लेते हुए उन्हें भरोसा दिलाया कि इस प्रस्ताव पर शीघ्र आवश्यक कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पूर्व सैनिकों और उनके आश्रितों के कल्याण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
पूर्व सैनिकों ने राज्य सरकार द्वारा पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों के लिए संचालित योजनाओं पर संतोष व्यक्त करते हुए मंत्री गणेश जोशी का आभार प्रकट किया।
इस अवसर पर समिति के अध्यक्ष महेंद्र सिंह रावत, उपाध्यक्ष राजेश बिष्ट, संयोजक मेहरबान सिंह चौहान, देवेंद्र सिंह बिष्ट, मदन नेगी, गणेश रावत, ठाकुर सिंह गुसाई, सुरेश गुसाईं, और जीत सिंह भंडारी सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

Show More

Related Articles