ड्रग्स फ्री देवभूमि अभियान को दून पुलिस की बड़ी सफलता
15 लाख की स्मैक के साथ हिस्ट्रीशीटर महिला समेत तीन नशा तस्कर गिरफ्तार

मुख्यमंत्री के ड्रग्स फ्री देवभूमि विजन को साकार करने की दिशा में दून पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून अजय सिंह के निर्देश पर कोतवाली डोईवाला पुलिस ने कार्रवाई करते हुए हिस्ट्रीशीटर महिला अभियुक्ता सहित तीन नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 15 लाख रुपये कीमत की 49.89 ग्राम अवैध स्मैक बरामद की गई है। तस्करी में प्रयुक्त स्कूटी को भी पुलिस ने सीज कर दिया है।
पुलिस के अनुसार प्रभारी निरीक्षक डोईवाला के नेतृत्व में गठित टीम ने 1 जनवरी 2026 को चौकी लालतप्पड़ क्षेत्र में आकस्मिक चेकिंग के दौरान तीनों आरोपियों को पकड़ा। गिरफ्तार अभियुक्तों में सोनी पत्नी स्व. प्रदीप कुमार के पास से 19.68 ग्राम, नेहा पुत्री राजपाल के पास से 15.55 ग्राम तथा अनूप कुमार उर्फ आशू के पास से 14.66 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई। तीनों के खिलाफ कोतवाली डोईवाला में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21/29/60 के अंतर्गत मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्ता सोनी कोतवाली डोईवाला की हिस्ट्रीशीटर है। उस पर पूर्व में एनडीपीएस एक्ट, गैंगस्टर एक्ट व गुंडा एक्ट सहित दर्जनों आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। अभियुक्त अनूप कुमार उर्फ आशू का भी आपराधिक इतिहास रहा है और वह पूर्व में मादक पदार्थों की तस्करी के मामलों में जेल जा चुका है।
दून पुलिस ने स्पष्ट किया कि जनपद में नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और मादक पदार्थों की तस्करी में लिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
सफ़लता पाने वाली पुलिस टीम में
उप निरीक्षक विनय मित्तल, उप निरीक्षक मनोज कुमार, हेड कांस्टेबल देवेंद्र नेगी, हेड कांस्टेबल विनोद चौधरी, कांस्टेबल रविंद्र टम्टा, महिला कांस्टेबल शबाना व गुड्डी राणा शामिल थे।


