नववर्ष पर मसूरी को मिली 1.17 करोड़ की सौगात
कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने सालावाला में किया कार्यों का लोकार्पण व शिलान्यास

कैबिनेट मंत्री एवं मसूरी विधायक गणेश जोशी ने नववर्ष के अवसर पर मसूरी विधानसभा क्षेत्र को 117.27 लाख रुपये की लागत से होने वाले विभिन्न विकास कार्यों की बड़ी सौगात दी। मंत्री ने सालावाला वार्ड में कराए जा रहे विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इन कार्यों में विधायक निधि से 46.81 लाख रुपये, एमडीडीए से 17.61 लाख रुपये तथा सिंचाई विभाग से 46.81 लाख रुपये की लागत से कराए जाने वाले कार्य शामिल हैं।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने क्षेत्रवासियों को नववर्ष की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इन विकास कार्यों के पूर्ण होने से क्षेत्र की आधारभूत सुविधाओं में उल्लेखनीय सुधार होगा। उन्होंने कहा कि आवागमन, सुरक्षा और सिंचाई से जुड़ी सुविधाएं सुदृढ़ होंगी, जिससे आमजन को सीधा लाभ मिलेगा। मंत्री ने इसे विधानसभा क्षेत्र के सर्वांगीण विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त किया।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य हर वार्ड तक बुनियादी सुविधाएं पहुंचाना और नागरिकों को बेहतर जीवन सुविधाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री घोषणा के अंतर्गत सालावाला पुल, सामुदायिक भवन और बृजलोक कॉलोनी में नाला पुनर्निर्माण के कार्य भी शीघ्र शुरू किए जाएंगे।
विधायक निधि के तहत वार्ड–08 सालावाला में रावत जी के घर से बिष्ट जी व आर.एस. चौहान के घर तक सीसी सड़क निर्माण किया जाएगा। दुर्गाल कॉलोनी में नाला निर्माण व विशेष मरम्मत कार्य (प्रथम एवं द्वितीय चरण) स्वीकृत किए गए हैं। वाल्मीकि बस्ती में श्री रामपाल के घर से सीवर ट्रीटमेंट प्लांट तक सुरक्षा दीवार का निर्माण होगा। इसके अलावा सालावाला क्षेत्र में ओ.पी. लाल के घर से वर्मा जी के घर तक नाली व नल से संबंधित कार्य, ओल्ड सालावाला और तरला सालावाला में सुरक्षात्मक कार्य, गंगा डेरी से शर्मा के घर तक सीसी सड़क निर्माण, हाथीबड़कला क्षेत्र में सीसी सड़क व नाली निर्माण तथा जसवंत मॉडर्न स्कूल के पीछे लेन 3 में सीसी सड़क व कच्ची नाली निर्माण कार्य भी किए जाएंगे।
मुख्यमंत्री घोषणा के तहत सिंचाई विभाग द्वारा सालावाला (हाथीबड़कला) क्षेत्र में खोले में सर्वे ड्रिल से सालावाला पुल तक चैनल निर्माण कार्य किया गया है, जिसकी लागत 52.85 लाख रुपये है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता स्थानीय पार्षद भूपेंद्र कठैत ने की। इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष प्रदीप रावत, पार्षद मोहन बहुगुणा, शिवओम राजू, राकेश सोनकर, कमला रानी, रमेश प्रधान, रवि वर्मा, मोहिनी वर्मा, विनय गुप्ता, संजय नौटियाल, सुरेंद्र राणा, अमन, सुभाष कुमार सहित बड़ी संख्या में मातृशक्ति एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।


