देहरादूनहरिद्वार

नारसन में जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार बहुउद्देश्यीय शिविर का आयोजन

7 हजार से अधिक लोगों ने लिया लाभ

देहरादून/हरिद्वार। विकास खंड नारसन की न्याय पंचायत ढंढेरा के ग्राम पंचायत नगला इमरती (गौतम फार्म हाउस) में सोमवार को जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार बहुउद्देश्यीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ जनपद के प्रभारी मंत्री सतपाल महाराज ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से 874 लोगों को लाभान्वित किया गया, जबकि 456 लाभार्थियों को अलग-अलग विभागों द्वारा प्रमाण पत्र जारी किए गए। शिविर में कुल 7031 लोगों ने प्रतिभाग किया।
शिविर में क्षेत्रवासियों द्वारा विभिन्न विभागों से संबंधित 403 समस्याएं दर्ज कराई गईं। इनमें भूमि विवाद, अतिक्रमण, जलभराव, विद्युत, पेयजल और आवास से जुड़ी समस्याएं प्रमुख रहीं। प्रभारी मंत्री ने मौके पर ही 178 समस्याओं का निस्तारण कराया, जबकि शेष शिकायतों को त्वरित समाधान के लिए संबंधित विभागों को प्रेषित किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश में पहली बार सभी न्याय पंचायतों में जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार बहुउद्देश्यीय शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इन शिविरों का उद्देश्य सरकारी योजनाओं और सेवाओं को सीधे जनता तक पहुंचाना है, ताकि लोगों को दफ्तरों के चक्कर न काटने पड़ें और समस्याओं का समाधान मौके पर ही हो सके।
उन्होंने कहा कि 17 दिसंबर 2025 से शुरू हुआ यह 45 दिवसीय प्रदेशव्यापी अभियान सुशासन, पारदर्शिता और भ्रष्टाचार पर नियंत्रण की दिशा में एक बड़ा कदम है। इसके माध्यम से दूरदराज के क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को आय, जाति, निवास प्रमाण पत्र, स्वास्थ्य सेवाएं, पेंशन, कृषि और अन्य कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि उत्तराखंड में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में विकास कार्य तेजी से हो रहे हैं। राज्य में सड़क कनेक्टिविटी पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। अब तक 14,027 नए गांवों को सड़क मार्ग से जोड़ा जा चुका है। शहरी क्षेत्रों में रिंग रोड और फ्लाईओवर निर्माण की योजनाओं पर भी कार्य प्रगति पर है।
उन्होंने मुख्यमंत्री ग्राम संपर्क योजना, दीनदयाल उपाध्याय गृह आवास (होम स्टे) योजना, शीतकालीन यात्रा, साहसिक पर्यटन और आदि कैलाश यात्रा से जुड़ी योजनाओं की जानकारी भी दी। साथ ही हरिद्वार जनपद में जलभराव से निजात और सिंचाई सुविधाओं के विस्तार को लेकर किए गए कार्यों का उल्लेख किया।
राज्यसभा सांसद कल्पना सैनी ने कहा कि मुख्यमंत्री की मंशा है कि प्रदेश के अंतिम छोर पर बसे व्यक्ति तक सरकार की योजनाओं का लाभ पहुंचे। जिन समस्याओं का समाधान मौके पर नहीं हो पाता, उनका संज्ञान स्वयं जिलाधिकारी स्तर से लिया जा रहा है।
जिला पंचायत अध्यक्ष किरण चौधरी ने कहा कि जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार कार्यक्रम से ग्रामीणों को योजनाओं का सीधा लाभ मिल रहा है। उन्होंने प्रदेश में हाईवे, मेडिकल कॉलेज, समान नागरिक संहिता और नकल विरोधी कानून जैसे फैसलों की सराहना की।

Show More

Related Articles