सामाजिक कार्यों के लिए श्रीकृष्ण पांडेय को सम्मानित किया
मुख्यमंत्री धामी ने अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के 71वें राष्ट्रीय अधिवेशन में भाग लिया

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को परेड ग्राउंड, देहरादून में आयोजित अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के 71वें राष्ट्रीय अधिवेशन में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने प्रो. यशवंत राव केलकर युवा पुरस्कार से गोरखपुर के श्रीकृष्ण पांडेय को सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि श्री पांडेय ने बाल भिक्षावृत्ति निर्मूलन, निस्सहाय मनोरोगियों की सेवा और कारागार बंदियों के पुनर्वास जैसे क्षेत्रों में कार्य कर सामाजिक उत्तरदायित्व का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया है।
मुख्यमंत्री ने देशभर से आए विद्यार्थी परिषद के पदाधिकारियों का स्वागत करते हुए कहा कि वे स्वयं भी पहले विद्यार्थी परिषद के सक्रिय कार्यकर्ता रहे हैं। उन्होंने अनुभव साझा करते हुए बताया कि इस दौरान सीखे नेतृत्व और संगठन के मूल्य उनके जीवन की आधारशिला बने और उन्हें समाज सेवा के मार्ग पर अनुशासित रहने की प्रेरणा मिली।
धामी ने कहा कि यह राष्ट्रीय अधिवेशन केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि राष्ट्रनिर्माण के प्रति समर्पित युवाओं का महासंगम है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि इस मंच से निकलने वाले विचार और संकल्प देश के विकास और सामाजिक प्रगति में मील का पत्थर साबित होंगे।
मुख्यमंत्री ने 1949 में स्थापित अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की 77 वर्षों की यात्रा का उल्लेख करते हुए कहा कि यह संगठन व्यक्ति निर्माण से राष्ट्र निर्माण तक का कार्य करता आ रहा है। उन्होंने कहा कि भारत की युवा शक्ति राष्ट्र की सबसे बड़ी पूंजी है और इसे सही दिशा और मार्गदर्शन से सशक्त, समृद्ध और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में योगदान देने के लिए तैयार किया जा रहा है।
धामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में स्टार्टअप इंडिया, स्किल इंडिया, डिजिटल इंडिया, मेक इन इंडिया, फिट इंडिया और नई शिक्षा नीति जैसी योजनाओं के माध्यम से युवाओं को अवसर प्रदान किए जाने पर भी जोर दिया।
इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के अध्यक्ष प्रो. रघुराज किशोर तिवारी, महामंत्री डॉ. वीरेन्द्र सिंह सोलंकी और अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।



