स्थापना दिवस पर जनता को निराश कर गए प्रधानमंत्री : धस्माना
पुरानी योजनाओं को नई घोषणाओं में शामिल कर फिर की जुमलेबाजी, विपक्ष को नज़रअंदाज़ कर बनाया बीजेपी का कार्यक्रम

उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस की रजत जयंती समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन को लेकर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष (संगठन) सूर्यकांत धस्माना ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने प्रदेश की जनता, युवाओं, किसानों और महिलाओं सभी को निराश किया है।
धस्माना ने रविवार को कांग्रेस मुख्यालय में पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा घोषित 8260 करोड़ रुपये की परियोजनाओं में अधिकांश योजनाएं पुरानी और पहले से गतिमान हैं, जिनमें सोंग बांध, जमरानी बांध जैसी परियोजनाएं पहले से ही चल रही हैं। उन्होंने कहा कि पीएम फसल बीमा योजना के तहत किसानों को दी गई 62 करोड़ रुपये की राशि भी इसी कुल आंकड़े में शामिल कर ली गई, जिससे नई घोषणाओं का कोई औचित्य नहीं रह जाता।
धस्माना ने कहा कि हाल ही में राज्य में आई भीषण आपदा से प्रभावित नागरिकों को उम्मीद थी कि प्रधानमंत्री कोई विशेष राहत पैकेज घोषित करेंगे, लेकिन ऐसा नहीं हुआ।
इसी तरह बेरोजगार युवाओं को रोजगार या स्वरोजगार से जुड़ी कोई बड़ी योजना नहीं मिली, और महिलाओं को भी किसी सशक्तिकरण कार्यक्रम की सौगात नहीं दी गई।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का भाषण केवल आंकड़ों और पुरानी योजनाओं के पुनः उल्लेख तक सीमित रहा, जिससे आम जनता में निराशा है।
कांग्रेस नेता ने कहा कि राज्य सरकार ने इस अवसर को राजकीय समारोह की जगह बीजेपी का राजनीतिक कार्यक्रम बना दिया।
उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य की विपक्षी पार्टियों को समारोह से जानबूझकर दूर रखा गया, यहां तक कि मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस को भी निमंत्रण नहीं भेजा गया।
धस्माना ने कहा कि इसके बावजूद प्रदेश कांग्रेस ने संसाधनों की कमी के बावजूद पूरे राज्य में स्थापना दिवस के कार्यक्रम धूमधाम से मनाए, जिनमें कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ आम जनता ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया।



