देहरादून

हेमकुंट साहिब यात्रा के सफल संचालन पर ट्रस्ट अध्यक्ष ने सीएम धामी का जताया आभार

श्री हेमकुंट साहिब मैनेजमेंट ट्रस्ट के अध्यक्ष नरेंद्र जीत सिंह बिंद्रा ने की मुख्यमंत्री से शिष्टाचार भेंट

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से सोमवार को सचिवालय में गुरुद्वारा श्री हेमकुंट साहिब मैनेजमेंट ट्रस्ट के अध्यक्ष नरेंद्र जीत सिंह बिंद्रा ने शिष्टाचार भेंट की। मुलाकात के दौरान श्री बिंद्रा ने हेमकुंट साहिब यात्रा की व्यवस्थाओं में सहयोग के लिए मुख्यमंत्री, राज्य सरकार एवं स्थानीय प्रशासन का आभार व्यक्त किया।
श्री बिंद्रा ने बताया कि मुख्यमंत्री के विशेष सहयोग और समय-समय पर दिए गए निर्देशों के फलस्वरूप इस वर्ष श्री हेमकुंट साहिब यात्रा सफलतापूर्वक और सुचारू रूप से संपन्न हुई। उन्होंने कहा कि प्रतिकूल जलवायु परिस्थितियों के बावजूद यात्रा का कुशल प्रबंधन किया गया और श्रद्धालुओं की सुरक्षा व सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई।
उन्होंने बताया कि इस वर्ष देश और विदेश से रिकॉर्ड 2,75,000 श्रद्धालु इस पवित्र यात्रा में शामिल हुए। यात्रियों की सुरक्षा, समन्वय और सुविधा से जुड़े प्रयासों की श्रद्धालुओं द्वारा व्यापक सराहना की गई। श्री बिंद्रा ने आगामी यात्राओं के लिए आधारभूत संरचना और लॉजिस्टिक्स सुधारों के संबंध में भी मुख्यमंत्री से चर्चा की।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा अगली यात्रा से पूर्व सभी आवश्यक कदम प्राथमिकता के साथ उठाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि चारधाम की तरह हेमकुंट साहिब यात्रा भी राज्य की पहचान है। हिमालय की ऊंचाई पर स्थित यह पवित्र स्थल उत्तराखंड की आस्था और गौरव का प्रतीक है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि गोविंदघाट से हेमकुंट साहिब तक प्रस्तावित रोपवे निर्माण से श्रद्धालुओं की यात्रा और अधिक सुगम हो जाएगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार तीर्थ यात्राओं के दौरान सुरक्षा, सुविधा और पारदर्शिता को लेकर एक प्रभावी कार्ययोजना पर काम कर रही है।
ज्ञातव्य है कि यात्रा प्रारंभ होने से दो माह पूर्व गोविंदघाट को हेमकुंट मार्ग से जोड़ने वाला पुल भूस्खलन में क्षतिग्रस्त हो गया था। मुख्यमंत्री के प्रत्यक्ष हस्तक्षेप और त्वरित निर्णयों के चलते नया घाटी पुल समय से पहले तैयार हो गया, जिससे यात्रियों का आवागमन निर्बाध रूप से जारी रहा।
श्री बिंद्रा ने इस अवसर पर मुख्यमंत्री को श्री गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहादत वर्ष को राज्य में भव्य रूप से मनाने और नागरिकों को गुरु महाराज के धर्म एवं मानवता की रक्षा हेतु किए गए बलिदान से अवगत कराने के लिए आभार प्रकट किया।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि मुख्यमंत्री धामी के सतत मार्गदर्शन में आने वाले वर्षों में हेमकुंट साहिब यात्रा आस्था, एकता और अनुशासित प्रबंधन का प्रतीक बनकर नई ऊंचाइयां छुएगी।

Show More

Related Articles