एसएसपी ने प्रशिक्षु उप निरीक्षकों से किया संवाद
प्रशिक्षण व 112 कंट्रोल रूम की अहमियत समझाई

पुलिस लाइन स्थित ट्रेनिंग सेंटर में आज वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून अजय सिंह ने प्रारंभिक प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे 17 प्रशिक्षु उप निरीक्षकों से संवाद किया। इस दौरान एसएसपी ने प्रशिक्षुओं से उनके प्रशिक्षण अनुभव के संबंध में जानकारी प्राप्त की और पुलिस प्रशिक्षण के महत्व तथा उसके उद्देश्य पर विस्तृत जानकारी दी।
एसएसपी ने प्रशिक्षुओं को यह भी समझाया कि प्रशिक्षण के दौरान दी जाने वाली जानकारियों को बारीकियों से सीखना आवश्यक है, ताकि भविष्य में वे अपने कर्तव्यों का पालन प्रभावी ढंग से कर सकें। उन्होंने उपस्थित प्रशिक्षकों को निर्देश दिए कि प्रशिक्षुओं को आकस्मिक परिस्थितियों में पुलिस सहायता के लिए 112 कंट्रोल रूम की अहमियत और कंट्रोल रूम की कार्यप्रणाली से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दी जाएं।
इस संवाद कार्यक्रम का उद्देश्य प्रशिक्षुओं को उनके प्रशिक्षण के महत्व से अवगत कराना और उन्हें आने वाले समय में प्रभावी पुलिसिंग के लिए तैयार करना बताया गया।



