देहरादून

ऑरेंज अलर्ट के बीच मुख्यमंत्री धामी ने तड़के लिया बारिश की स्थिति का जायजा

सभी विभागों को 24×7 अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश

देहरादून। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) द्वारा उत्तराखंड के अधिकांश जनपदों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किए जाने और सोमवार रात से लगातार हो रही भारी वर्षा के मद्देनजर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार तड़के सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन से प्रदेशभर की स्थिति की विस्तृत जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने वर्षा से प्रभावित क्षेत्रों, बंद सड़कों, नदियों के जलस्तर, जलभराव, राहत एवं बचाव कार्यों तथा प्रशासनिक तैयारियों की समीक्षा की।

इस दौरान आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास मंत्री मदन कौशिक तथा मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने भी सचिव विनोद कुमार सुमन से प्रदेशभर की स्थिति की जानकारी लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।

मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि सभी विभाग पूर्ण समन्वय के साथ 24×7 अलर्ट मोड में कार्य करें। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की आपदा या आपात स्थिति में राहत एवं बचाव कार्यों में एक क्षण की भी देरी नहीं होनी चाहिए। प्रत्येक सूचना पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए तथा प्रभावित क्षेत्रों में समय पर आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए जाएं।

मुख्यमंत्री ने सभी जिलाधिकारियों और विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों को स्वयं फील्ड में जाकर स्थिति का जायजा लेने के निर्देश दिए। साथ ही वर्षा के कारण बंद हुए सड़क मार्गों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र खोलने के लिए कहा।

मुख्यमंत्री ने हेली सेवाओं को भी पूरी तरह अलर्ट मोड पर रखने के निर्देश दिए, ताकि आवश्यकता पड़ने पर दुर्गम एवं आपदा प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्य तुरंत शुरू किए जा सकें और जरूरतमंद लोगों तक शीघ्र सहायता पहुंचाई जा सके।

चारधाम यात्रा सहित प्रदेश के अन्य मार्गों पर यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि अत्यधिक वर्षा या भूस्खलन की स्थिति में यात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर रोका जाए तथा मौसम और मार्ग की स्थिति सामान्य होने के बाद ही आगे जाने की अनुमति दी जाए।

मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुपालन में सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने सभी जिलों के अधिकारियों के साथ वर्चुअल बैठक कर प्रदेश की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने तथा सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय के साथ त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में एससीईओ प्रशासन प्रकाश चंद्र, एससीईओ क्रियान्वयन एवं डीआईजी राजकुमार नेगी, जेसीईओ दिनेश कुमार पुनेठा तथा एसईओसी प्रभारी प्रतिभा पुरोहित सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

 

Show More

Related Articles