
दून पुलिस ने एक और वाहन चोरी की वारदात का सफल खुलासा करते हुए महज़ 10 घंटे में दो शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से चोरी की गई मोटरसाइकिल
यूके -07-एच-7648) भी बरामद कर ली गई है। पुलिस की यह कार्रवाई एसएसपी देहरादून के निर्देश पर थाना क्लेमेंटटाउन पुलिस टीम द्वारा अंजाम दी गई।
दिनांक 28 सितंबर को वादी प्रदीप पाल पुत्र श्री रामतीर्थ, निवासी 65 सोसाइटी एरिया, क्लेमेंटटाउन ने थाना क्लेमेंटटाउन पर तहरीर दी थी कि अज्ञात चोरों द्वारा उनके घर के बाहर खड़ी मोटरसाइकिल चोरी कर ली गई है।
इस पर थाना क्लेमेंटटाउन में धारा 303(2) के तहत तत्काल मामला दर्ज किया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का गहन विश्लेषण किया। साथ ही स्थानीय मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया। लगातार की गई सुरागरसी-पतारसी के बाद, पुलिस ने झील तिराहा, भारूवाला क्षेत्र में चेकिंग के दौरान दोनों अभियुक्तों को चोरी की गई बाइक के साथ पकड़ लिया।
गिरफ्तार अभियुक्तों में लवी चौहान पुत्र सुभाष चौहान निवासी लेन नंबर सी-20 ओगल भट्टा थाना क्लेमेंटटाउन, मानव गुप्ता पुत्र संजय गुप्ता निवासी ब्राह्मणवाला ओपोजिट डॉ. आलम थाना पटेलनगर शामिल है। पुलिस पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि वे दोनों नशे के आदी हैं और अपनी नशे की लत पूरी करने के लिए वाहन चोरी की योजना बनाई थी। वे चोरी की गई मोटरसाइकिल को बेचने की फिराक में थे, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने उन्हें धर दबोचा।
थानाध्यक्ष क्लेमेंटटाउन ने कहा कि इस त्वरित कार्रवाई से यह स्पष्ट होता है कि देहरादून पुलिस अपराध और अपराधियों के खिलाफ पूरी तरह सतर्क और मुस्तैद है। क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने हेतु ऐसे अभियुक्तों पर कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।



